प्रदेश में पौने पांच वर्षों के दौरान तेजी के साथ विकास कार्य हुये - श्री कुशवाह
ग्वालियर 7 अगस्त 08 । वन एवं राजस्व, धामिक न्यास, धर्मस्व तथा पुनर्वास राज्यमंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि पोने 5 वर्षों के दौरान सभी वर्गों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं के तहत प्रदेश के सभी क्षेत्रों में तेजी के साथ विकास एवं निर्माण कार्यों के साथ साथ अधोसंरचना के कार्य कराये गये । इसी कड़ी में लश्कर पश्चिम विधान सभा क्षेत्र के सभी वार्डों एवं मोहल्लों में विकास की रोशनी पहुंची ।
श्री नारायण सिंह कुशवाह आज लश्कर पश्चिम विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र में विधायक, सासंद एवं आदिम जाति कल्याण विभाग की योजनाओं के तहत 56 लाख 72 हजार की राशि के लगभग 11 निर्माण एवं विकास कार्यो के लोकार्पण एवं भूमि पूजन कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे । इस मौके पर श्री कुशवाह ने लोगों से रूबरू होकर उनकी समस्याओ को गंभीरता पूर्वक सुना तथा उनके निराकरण के भी अधिकारियो को निर्देश दिये । कार्यक्रमों में राज्य सभा सांसद श्रीमती माया सिंह, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री जगदीश शर्मा भीे उपस्थित थे ।
वन राज्यमंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि आजादी के 50 वर्षों के बाद भी प्रदेश में इतने कार्य कभी नहीं हुये जो वर्तमान सरकार द्वारा कराये जा रहे हैं । उन्होंने कहा कि प्रदेश के पिछड़े, अनुसूचित जाति, जनजाति, मजदूरों की बस्तियों में इस सरकार द्वारा प्राथमिकता के आधार पर प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई, शिक्षा, स्वास्थ्य , सड़कों जैसे मूलभूत सुविधायें उपलब्ध कराई गई है । प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सभी वर्गों के कल्याण के लिये अनेकों योजनायें संचालित की गई है । जिनका सीधा लाभ सभी वर्गो के लोगों को मिल रहा है ।
उन्होंने कहा कि उनका हमेशा से प्रयास रहा है कि उनके द्वारा क्षेत्र के लोगों को अधिक से अधिक बेहतर सुविधायें प्राप्त हो । इसके लिये उन्होंने अपनी विधायक स्वेच्छानुदान की राशि से जरूरतमंद एवं पात्र लोगों को सहायता प्रदान की गई । श्री कुशवाह ने कहा कि उनके द्वारा 102 बालिकाओं को प्रत्येक को 11 सौ रूपये की राशि आर्थिक सहायता के रूप में पढ़ने हेतु उपलब्ध कराई गई ।
श्री कुशवाह ने कहा कि राज्य सभा सांसद श्रीमती मायासिंह द्वारा भी उनके विधानसभा क्षेत्र में 40 से 45 लाख रूपये की राशि विभिन्न विकास एवं निर्माण के लिये उपलब्ध कराई गई । इसी प्रकार श्री थिरन्नवुक्कासर ने भी अपनी सांसद निधि से 15 से 20 लाख रूपये की राशि प्रतिवर्ष विकास कार्यों के लिये उपलब्ध कराई गई ।
राज्यसभा सांसद श्रीमती मायासिंह ने कार्यक्रमों को संबोधित करते हुये कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने प्रदेश में विकास का एक नई गति दी है । प्रदेश में महिला, कोटवार, अनुसूचितजाति , जनजाति नि:शक्तजन, किसान, खेल, वन , शिल्पी एव कारीगरों आदि के लिये पंचायतों का आयोजन कर संबंधित वर्गो के लोगो से उनके कल्याण एवं उत्थान हेतु खुलेरूप से सुझाव आमंत्रित कर उनके लिये अलग-अलग योजनायें एवं नीतियां बनाई गई है । इस प्रकार का आयोजन प्रदेश में पहले कभी नहीं हुआ।
श्रीमती माया सिंह ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के कल्याण एवं उनके विकास हेतु राज्य के बजट में 24 करोड़ रूपये की राशि का प्रावधान किया गया । प्रदेश में बालिकाओं एवं महिलाओं के कल्याण हेतु मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, नि:शुल्क साईकिल वितरण, पाठय पुस्तकों तथा गणवेश वितरण जैसी अनेकों योजनायें संचालित की गई । लाडली लक्ष्मी योजना के तहत कन्या को मुख्यमंत्री ने बोझ नहीं वरदान बनाया है । शादी की आयु होने पर कन्या को 1 लाख 18 हजार रूपये की राशि प्राप्त होगी । इस योजना की लोकप्रिय को देखते हुये दिल्ली सरकार ने इसे अपने यहां शुरू किया है। अन्य राज्य भी इस योजना को अपने प्रदेशों में लागू कर रहे हैं ।श्रीमती माया सिंह ने कहा कि विकास के मामले में प्रदेश कई राज्यों से आगे है । प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गांव मुख्य सड़कों से जुडे हैं । वही ग्रामीण क्षेत्रो में आवागमन के साधन भी बढ़े हैं ।
ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री जगदीश शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने नियमों को शिथिल कर बस्तियों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया है । इसी का परिणाम है कि प्रदेश के गरीब , अनुसूचित जाति, जनजाति बस्तियों एवं मोहल्लों में प्राथमिकता के आधार पर कार्य हो रहे हैं ।
इन कार्यों का हुआ लोकार्पण एवं भूमिपूजन
वन एवं राजस्व राज्य मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती मायासिंह ने आज श्री थिरन्नावुक्करसर सांसद निधि से 18 लाख 27 हजार रूपये की लागत से बेलदार का पुरा गोल पहाड़िया में सीसी रोड का, 7 लाख रूप्ये की लागत ये शंकर कालोनी में सीसी रोड का और 6 लाख की लागत से गिरिर्राज कालोनी में सीसी रोड का लोकार्पण किया । आदिम जाति कल्याण द्वारा प्रदाय राशि 1 लाख 79 हजार से शंकर कालोनी में, 3 लाख की राशि से नवगृह कालोनी में,विद्युतिकरण कार्यों का लोकार्पण, इसी प्रकार 2 लाख की लागत से निर्मित लाल कुंअर का पुरा में सीसीरोड और 2 लाख की लागत से संजय नगर में सीसी रोड का लोकार्पण किया । विधायक निधि से 2 लाख 66 हजार रूपये की लागत से बजरंग कालोनी में निर्मित होने वाली सीसी रोड, संजय नगर में 2-2 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाले दो सामुदायिक भवनों का भूमि पूजन किया ।
कार्यक्रम को विधायक प्रतिनिधि श्री राजेन्द्र डंडोतिया ने भी संबोधित किया । कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष श्री सुधर सिंह पवैया, महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष श्रीमती रेखा शेटे, मंडल अध्यक्ष श्री बाबूलाल विजयवर्गीय आदि उपस्थित थे ।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
ग्वालियर टाइम्स आपकी टिप्पणी का स्वागत करती है, टिप्पणी संयत एवं भद्र होना चाहिये अन्यथा आपकी टिप्पणी प्रकाशन से अवरूद्ध कर दी जायेगी व आपकी आई.डी ब्लाक कर दी जायेगी