विधानसभा निर्वाचन 2008
जिले में एक दर्जन नामांकन निरस्त
ग्वालियर 8 नवम्बर 08। ग्वालियर जिले के सभी छ: विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में प्राप्त हुए नाम निर्देशन पत्रों की शनिवार को संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा संवीक्षा(जांच) की गई। जांच में 12 उम्मीदवारों के नामांकन निरस्त हुए हैं। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा के पश्चात जिन अभ्यर्थियों के नामांकन निरस्त हुए हैं, उन्हें छोड़कर कुल 109 प्रत्याशी अभी भी चुनाव मैदान में हैं।
उल्लेखनीय है कि जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों से नाम निदेशन प्राप्त करने की आखिरी तक कुल 121 नामांकन प्राप्त हुए थे। जिन उम्मीदवारों की अभ्यर्थिता निरस्त हुई हैं उनमें विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र 14 ग्वालियर ग्रामीण का एक, 15 ग्वालियर के तीन, 16 ग्वालियर पूर्व के दो, 17 ग्वालियर दक्षिण के पांच एवं 19 डबरा का एक उम्मीदवार शामिल है। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 18 भितरवार के किसी भी उम्मीदवार की अभ्यर्थिता निरस्त नहीं हुई है।
जिले के सभी निर्वाचन क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 14 ग्वालियर ग्रामीण में श्रीमती स्नेहलता मदन कुशवाह का नामांकन निरस्त हुआ है। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 15 ग्वालियर में सर्व श्री अमित सिंह, रवीन्द्र सिंह व सुश्री ममता कुमारी के नामांकन रद्द हुए हैं। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 16 ग्वालियर पूर्व से श्रीमती ऊषा बृजेश शर्मा व श्री राम अवतार शर्मा के नामांकन निरस्त हुए हैं। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 17 ग्वालियर दक्षिण से सर्व श्री राकेश, शिवाजीराव भौंसले, रमन किशोर गोयल, रोबिन जैन व श्रीमती यास्मीन खान के नामांकन निरस्त हो गए हैं। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 19 डबरा (अजा) से श्री मुन्नालाल का नामांकन रद्द हो गया है।
नाम वापसी 10 नवम्बर को
ग्वालियर 8 नवम्बर 08। विधान सभा निर्वाचन कार्यक्रम के तहत नाम निर्देशन पत्र भरने और उनकी जांच का काम पूरा हो गया है। अभ्यर्थी 10 नवम्बर 08 को अपनी अभ्यर्थिता वापस ले सकेंगे। इस दिन प्रात: 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक संबंधित रिटर्निंग ऑफीसर को नाम वापसी के लिए आवेदन दिया जा सकता है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें