शनिवार, 8 नवंबर 2008

संभागायुक्त एवं आई जी द्वारा दतिया जिले में चुनावी बन्दोबस्त की समीक्षा

संभागायुक्त एवं आई जी द्वारा दतिया जिले में चुनावी बन्दोबस्त की समीक्षा

ग्वालियर 8 नवम्बर 08। संभागायुक्त डॉ. कोमल सिंह ने कहा है कि स्वतंत्र एवं शान्तिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जावें। अपराधिक प्रवृति वाले लोगों के खिलाफ कार्यवाही हो। जिले की सीमाओं पर कड़ी जांच व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। आयोग से प्राप्त होने वाले सभी आदेशों का पालन भी हो। डॉ. कोमल सिह आज दतिया कलेक्टर कार्यालय के कक्ष में चुनाव तैयारी सम्बन्धी बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। बैठक में चम्बल रेन्ज के पुलिस महानिरीक्षक श्री अरविन्द कुमार, कलेक्टर श्री पी. जी. गिल्लोरे, पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह, तीनों विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्रिंनिंग ऑफीसर सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। जिला कलेक्टर श्री गिल्लोरे ने इस अवसर पर चुनाव की तैयारियों की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की।

       संभागायुक्त डॉ. कोमल सिंह ने कहा कि 27 नवम्बर 08 को मध्यप्रदेश में और 4 दिसम्बर को राजस्थान में मतदान होने के कारण हम सभी की संयुक्त जिम्मेदारी है कि सीमावर्ती जिलों में विधानसभा निर्वाचन शान्तिपूर्ण निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से हो जायें। उन्होंने कहा कि वे स्वयं तथा पुलिस महानिरीक्षक संयुक्त रूप से बार्डर के पुलिस थाने का भी भ्रमण करेंगे, आवश्यकता पड़ने पर झाँसी (उत्तर प्रदेश ) के पुलिस एवं जिला दण्डाधिकारी से भी कार्यवाही में सहयोग लेंगे। डॉ सिंह ने कहा कि सीमावर्ती जिलों की सीमाओं एवं मार्ग जो एक दूसरे राज्यों की सीमाओं को छूकर गुजरते है, उन स्थानों पर बेरीकेट लगाकर सघन रूप से आने जाने वाले वाहनों की संयुक्त रूप से जांच की जावे। उन्होंने ग्वालियर एवं चम्बल संभाग तथा सीमावर्ती जिलों के कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों को भी आगाह किया है कि वे आपसी समन्वय बनाये रखें एवं लगातार एक दूसरे के सम्पर्क में रहें।

       पुलिस महानिरीक्षक श्री अरविन्द कुमार ने समीक्षा के दौरान कहा कि कुल 8171 आर्म्स शस्त्रों में से 8128 शस्त्र थानों में जमा कर लिए गए हैं। इस पर कलेक्टर ने कहा कि शेष 43 शस्त्रधारियों के लायसेंस भी निरस्त कर दिये हैं। श्री अरविन्द कुमार ने कहा कि सम्बेदनशील क्षेत्रों में अभी से प्रतिबनधात्मक कार्यवाही की जाये। आपराधिक प्रवृति के लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाये। जिला बदर के जितने भी प्रकरण लम्बित है उन पर तत्काल कार्यवाही की जाये।

       चुनाव आयोग के आदेशों की समीक्षा करते हुए संभागायुक्त डॉ. कोमल सिंह ने कहा कि बल्नरेविलिटी मैपिंग का कार्य गंभीरता के साथ पूरा कर लिया जावे। इसी तरह पूरी प्रक्रिया को स्टेप बाय स्टेप क्रिटिकल, हाइली क्रिटिकल और नॉन क्रिटिकल मतदान केन्द्रों को स्पष्ट दर्शाया जाये। उन्होंने कहा कि पुलिस कांस्टेबल से लेकर पुलिस अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया सम्बन्धी एवं इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन के संचालन के सम्बन्ध में प्रशिक्षण दिया जाये। इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन की दुरूस्ती के लिए प्रत्येक थाना क्षेत्र अथवा जोनल अधिकारियों के साथ प्रशिक्षित मशीन टेक्निकल दल भी साथ में रहे। ऐसे वोटर जिनके नाम वोटर लिस्ट में नहीं हैं, उनको चुनाव के 48 घण्टे के पूर्व क्षेत्र से बाहर किया जावे। कानून व्यवस्था बनाये रखने में रिटनिंग आफीसर की भी जिम्मेदारी रहेगी। साथ ही कम्युनेशन प्लान भी प्रभावी ढ़ंग से क्रियान्वित करें। कमिश्नर ने तीनों विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग ऑफीसरों से भी चर्चा कर चुनाव के दौरान आने वाली समस्याओं के सम्बन्ध में पूछताछ की।

 

 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

ग्वालियर टाइम्स आपकी टिप्पणी का स्वागत करती है, टिप्पणी संयत एवं भद्र होना चाहिये अन्यथा आपकी टिप्पणी प्रकाशन से अवरूद्ध कर दी जायेगी व आपकी आई.डी ब्लाक कर दी जायेगी