जिला कलेक्टर कानून व्यवस्था की सतत समीक्षा करें जिलाबदर, एन.एस.ए. एवं प्रीवेन्टीव कार्रवाई प्राथमिकता से करें
ग्वालियर 13 जनवरी 09। संभागायुक्त डा. कोमल सिंह ने आज यहां पुलिस महानिरीक्षक द्वय श्री डी एस सेंगर तथा श्री अरविंद कुमार के साथ ग्वालियर संभाग में कानून व्यवस्था एवं नागरिक सुरक्षा संबंधी स्थिति की समीक्षा की । बैठक में विभिन्न अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिये उठाये जाने वाले कदमों पर जोर देते हुये उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों तथा पुलिस अधिकारियों को आंतरिक सुरक्षा की दृष्टि से सतत समीक्षा करते रहने,जिला बदर तथा एनएसए आदि प्रकरणों का समय पर निराकरण करने व अपराधों को रोकने की दृष्टि से प्रीवेन्टीव कार्यवाही को प्राथमिकता से करने के निर्देश दिये । साथ ही उन्होंने हाल ही में बढ़ रहे विद्युत और वन संबंधी अपराधों से निपटने के लिये पुलिस राजस्व के साथ-साथ वन एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों से सजीव सम्पर्क एवं समन्वयपूर्वक कार्यवाही पर जोर दिया ।
बैठक में संभाग के उन संवेदनशील स्थलों के संबंध में भी समीक्षा की गई जहां साम्प्रदायिक भूमि विवाद की स्थितियां हैं । बैठक में अवैध उत्खनन तथा अवैध वृक्ष कटाई रोकने की दिशा में पूरी सख्ती बरतने का निर्णय लिया गया । साथ ही अब कोई पटवारी अथवा तहसीलदार आदि वृक्षों की कटाई का अधिकार पत्र नहीं दे सकेंगे । वृक्ष कटाई की अनुमति सिर्फ जिला कलेक्टर द्वारा अधिकृत एस डी एम ही दे सकेगें । बैठक में महिलाओं , आदिवासी एवं नागरिकों के प्रति अपराध नियंत्रण के लिये भी प्रभावी मार्ग अपनाने पर जोर दिया गया ।
संभागायुक्त ने ग्वायिलर के मैरिज हाउस सील करने की कार्यवाही का उल्लेख करते हुये कहा कि उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में जहां तालाबंदी की गई है उसकी व्यापक जानकारी प्रचार प्रसार के माध्यमों से नागरिकों तक पहुंचावें । यह इसलिये भी जरूरी है कि लोग अपने मांगलिक कार्यों के लिये ऐसे स्थानों को बुक न करायें जो प्रतिबंधित कर दिये गये हैं ।
बैठक में सभी जिला कलेक्टर ग्वालियर श्री आकाश त्रिपाठी,गुना श्री मुकेश गुप्ता, शिवपुरी श्री मनीष श्रीवास्तव, दतिया श्री प्रदीप खरे, अशोकनगर श्रीमती गीता मिश्रा, पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री व्ही के सूर्यवंशी, वनविभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चीफ इंजीनियर मध्यप्रदेश विद्युत मंडल, जिला पंचायत शिवपुरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आर के मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे ।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें