लोक कल्याण शिविर : तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करें-कलेक्टर
ग्वालियर 14 जनवरी 09 । मौजूदा माह की 21 तारीख को फूलबाग मैदान में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों का मेला लगेगा । इन हितग्राहियों को इस दिन यहां आयोजित विशाल लोक कल्याण शिविर में आर्थिक सहायता बांटी जायेगी । साथ ही जन समस्याओं का समाधान भी किया जायेगा । शिविर में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति भी संभावित है । शिविर को सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित कराने के मकसद से जिला कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने आज पुन: संबंधित अधिकारियों की बैठक ली तथा शिविर की सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिये ।
जिला कलेक्टर श्री त्रिपाठी ने शिविर की तैयारियों की समीक्षा करते हुये कहा कि शिविर स्थल पर जनसमस्याओं के समाधान व सहायता वितरण के लिये विभागवार पृथक-पृथक काउंटर लगाये जायेंगें । अत: विभागीय अधिकारी यह ध्यान रखें कि शिविर में आने वाले हितग्राहियों व आवेदकों को कोई कठिनाई न हो । उन्होंने निर्देश दिये कि संबंधित अधिकारी यह भी सुनिश्चित कर लें कि आवेदक की समस्या का समाधान यथा संभव मौके पर ही हो जाये, इसके लिये विभाग के संबंधित अधिकारी व कर्मचारी हर समय विभागीय काउंटर पर मौजूद रहें ।
स्थानीय राज्य स्वास्थ्य प्रबंधन एवं संचार संस्थान में आयोजित इस बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. अर्चना शिंगवेकर, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती सीमा शर्मा तथा जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, व जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे ।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें