वन क्षेत्र से अवैध उत्खनन रोकने के लिए अभियान चलेगा वन विभाग के टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न
ग्वालियर 12 जनवरी 09। वन व राजस्व भूमि सीमा विवाद के निराकरण के लिए संयुक्त सीमांकन किया जायेगा। यह सीमांकन राजस्व, वन व खनिज विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से करेंगे। इस आशय का निर्णय जिला कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में आज आयोजित हुई वन विभाग की टास्क फोर्स की बैठक में लिया गया। टास्क फोर्स की बैठक में वन क्षेत्र से अवैध उत्खनन, अवैध कटाई और वन भूमि पर अतिक्रमण रोकने के लिए सख्ती से कार्रवाई करने का भी निर्णय लिया गया। यहां राज्य स्वास्थ्य प्रबंधन एवं संचार संस्थान में आज आयोजित हुई इस बैठक में वन संरक्षक श्रीमती समिता राजौरा, पुलिस अधीक्षक श्री व्ही. के. सूर्यवंशी व खनिज अधिकारी श्री वर्मा मौजूद थे।
जिला कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने बैठक में निर्देश दिये कि संयुक्त सीमांकन के पश्चात मोनारे लगाये जायें और उनकी फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी भी कराई जाये, ताकि सीमा संबंधी कोई विवाद शेष न रहे। उन्होंने खनिज अधिकारी को यह भी निर्देश दिये कि उन खदानों के लिए रायल्टी रसीद के कट्टे कदापि न प्रदान किये जायें, जिन खदानों में पानी भरा हो अथवा उनमें उपयोगी पत्थर शेष न बचा हो, ताकि उक्त खदानों की आड़ में अन्य क्षेत्र से पत्थर का अवैध उत्खनन न हो। श्री त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि अवैध उत्खनन पर सख्त कार्रवाई होगी।
वन संरक्षक श्रीमती समिता राजौरा ने वन क्षेत्र में अवैध उत्खनन, अवैध कटाई व अतिक्रमण रोकने के लिए हाल ही में उठाये गये कदमों की जानकारी दी। बैठक में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने वन संरक्षक को आश्वस्त किया कि उक्त कार्रवाई में जिला व पुलिस प्रशासन पूर्ण सहयोग देगा। वन क्षेत्र में अवैध उत्खनन रोकने के लिए खदान माफियाओं के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करने का भी बैठक में निर्णय लिया गया। जिला कलेक्टर ने खनिज अधिकारी को राजस्व विभाग की स्वीकृत खदानों का बारीकी से सत्यापन करने के भी निर्देश दिये।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
ग्वालियर टाइम्स आपकी टिप्पणी का स्वागत करती है, टिप्पणी संयत एवं भद्र होना चाहिये अन्यथा आपकी टिप्पणी प्रकाशन से अवरूद्ध कर दी जायेगी व आपकी आई.डी ब्लाक कर दी जायेगी