लोकसभा निर्वाचन 2008 : जिले के सभी मतदान केन्द्रों के लिए 287 रूट : करीबन तीन सौ वाहन पहुंचायेंगे मतदान दलों को
ग्वालियर 31 मार्च 09। लोक सभा निर्वाचन के दौरान जिले के सभी छ: विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों तक मतदान दलों को पहुंचाने के लिए 287 रूट तय किये गये हैं। तीन सौ से अधिक वाहन इन रूटों पर सफर तय कर मतदान दलों को मतदान केन्द्रों तक पहुंचायेंगे। इस काम के लिए अधिगृहीत किये गये वाहनों मे बस, मिनीबस, आर टी व्ही. जीप व अन्य सहायक वाहन शामिल हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आकाश त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारियों को साफ तौर पर हिदायत दी है कि मतदान केन्द्रों के लिए तय किये गये मार्गों में यदि छोटी मोटी मरम्मत की आवश्यकता हो तो उसे जल्द से जल्द करालें, जिससे मतदान केन्द्रों तक सुगमता से वाहन पहुंच सकें।
उल्लेखनीय है कि ग्वालियर संसदीय क्षेत्र के ग्वालियर जिले के सभी छ: विधानसभा क्षेत्रों में 111 सहायक मतदान केन्द्रों समेत कुल 1207 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से निर्वाचन सम्पन्न कराने के लिए सभी मतदान केन्द्रों को 60 जोन में विभक्त किया गया है। सभी मतदान केन्द्रों तक पहुंचने के लिए 287 रूट तय किये गये हैं। ज्ञातव्य हो निर्वाचन कार्यक्रम के तहत मतदान दलों को महारानी कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय से रवाना किया जायेगा। मतदान 30 अप्रैल को प्रात: 7 बजे से अपरान्ह 5 बजे तक होगा।
अपर जिला दण्डाधिकारी श्री आर के. जैन ने बताया कि मतदान दलों को मतदान केन्द्रों तक पहुंचाने के लिए 72 बसें, 124 मिनीबस, 78 आर टी व्ही. 10 जीपें व 23 सहायक वाहन मसलन ट्रेक्टर आदि उपयोग में लाये जायेंगे। करीबन 40 वाहन रिजर्व रूप में भी तैयार रखे जायेंगे। गौरतलब है कि ग्वालियर संसदीय क्षेत्र के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 14 ग्वालियर ग्रामीण में नौ सहायक मतदान केन्द्रों समेत कुल 201 मतदान केन्द्रों को 10 जोन में विभक्त किया गया है। इस विधानसभा क्षेत्र में 50 रूट चिन्हित किये गये हैं। इसी तरह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 15 ग्वालियर में 213 मतदान केन्द्रों के लिए 8 जोन 43 रूट, 16 ग्वालियर पूर्व में 206 मतदान केन्द्रों के लिए 8 जोन 45 रूट, 17 ग्वालियर दक्षिण में 187 मतदान केन्द्रों के लिए 8 जोन 40 रूट, 18 भितरवार में 208 मतदान केन्द्रों के लिए 16 जोन 59 रूट एवं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 19 डबरा (अजा) में 192 मतदान केन्द्रों के लिए 10 जोन व 50 रूट बनाये गये हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
ग्वालियर टाइम्स आपकी टिप्पणी का स्वागत करती है, टिप्पणी संयत एवं भद्र होना चाहिये अन्यथा आपकी टिप्पणी प्रकाशन से अवरूद्ध कर दी जायेगी व आपकी आई.डी ब्लाक कर दी जायेगी