रविवार, 6 सितंबर 2009

600 एम.एम. की पाईप लाईन में चोरी पकड़ी

600 एम.एम. की पाईप लाईन में चोरी पकड़ी

ग्वालियर दिनांक 05.09.2009- नगर निगम ग्वालियर के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग के अमले को आज सुदर्शन धर्मकांटा ए.बी. रोड के बाहर 600 एम.एम. की पाईप लाईन से एक ईंची पाईप अवैध रूप से जोड़कर पानी चोरी की शिकायत प्राप्त हुई। निगमायुक्त के निर्देश पर तत्काल पी.एच.ई. एवं मदाखलत का अमला सिटी मजिस्टै्रट शरद श्रोत्रीय, अपर आयुक्त सुरेश शर्मा के निर्देशन पर मौके पर पहुंचा।

मौके पर सुदर्शन धर्मकांटे के पास पुलिया के नीचे 600 एम.एम. की पाईप लाईन से अवैध रूप से कनेक्शन पाया गया जो सुदर्शन आईस फैक्ट्री की ओर जाता हुआ पाया गया। अधिकारियों द्वारा उक्त अवैध कनेक्शन को तत्काल काटा गया तथा निगमायुक्त के निर्देश पर असली अवैध कनेक्शनधारी तक पहुचंने के लिये नगर निगम की थ्री-डी बुलाकर पाईप लाईन की दिशा में खुदाई कराई गई। 600 एम.एम. की पाईप लाईन से मोतीझील से आमखो, जयेन्द्रगंज, लक्ष्मणतलैया की टंकी भरी जाती है।

निगमायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे इससे पूर्व ग्वालियर के पी.एच.ई. विभाग के सभी सहायकयंत्री, दोनों कार्यपालनयंत्री अपनी लेबर के साथ चोरी की पाईप लाईन को ढूढ़ने में जुटे। निगमायुक्त ने निर्देश दिये हैं कि संबंधित इंजीनियर जिसके क्षेत्र में यह पानी चोरी का प्रकरण पाया गया है उसके विरूद्व वैधानिक कार्यवाही करने के लिये पी.एच.ई. विभाग के सक्षम अधिकारियों तथा संभागीय आयुक्त को लिखा जायेगा।

निगमायुक्त द्वारा स्थल पर पहुंचकर यह भी निर्देश दिये कि राजस्व विभाग के पटवारी से पूछताछ कर उन जमीन मालिकों का पता लगाया जावे जिनकी जमीन से उक्त अवैध पाईप लाईन बिछायी गई है तथा उन सभी लोगों के विरूद्व पुलिस थाने में एफ.आई.आर. दर्ज कराई जावे।

निगमायुक्त को पिछले कई दिनों से यह शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि शहर में बड़ी फैक्ट्रियों, कोल्ड स्टोरेज, आईस फैक्ट्री द्वारा मुख्य पाईप लाईनों से अवैध कनेक्शन लेकर पानी की चोरी की जा रही है। उस क्रम में निगमायुक्त द्वारा पी.एच.ई. विभाग के अमले को निर्देशित किया है कि शहर की सभी बड़ी फैक्ट्रियों में होने वाली पेयजल सप्लाई की जांच की जाये तथा अवैध कनेक्शन पाये जाने पर वैधानिक कार्यवाही की जावे। उन्होनें यह भी निर्देश दिया है कि सभी फैक्ट्रियों की जांच हेतु पी.एच.ई. अमला जिला प्रशासन के सहयोग से अभियान चलाये।

समाचार लिखे जाने तक पी.एच.ई. का अमला खुदाई कर पाईप लाईन का अंतिम छोर खोजने में व्यस्त था तथा थाने में एफ.आई.आर. दर्ज कराने के लिये कार्यवाही की जा रही है।

 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

ग्वालियर टाइम्स आपकी टिप्पणी का स्वागत करती है, टिप्पणी संयत एवं भद्र होना चाहिये अन्यथा आपकी टिप्पणी प्रकाशन से अवरूद्ध कर दी जायेगी व आपकी आई.डी ब्लाक कर दी जायेगी