करीबन 82 लाख रूपये मूल्य की 2738 क्विंटल शक्कर राजसात , आम जनों को 28 रूपये प्रति किलो के हिसाब से बंटेगी
कालाबाजारी के खिलाफ चली मुहिम में हुई थी जब्त
ग्वालियर 07 सितम्बर 09। जिले में शक्कर की कालाबाजारी रोकने के लिये चलाई जा रही मुहिम के तहत जब्त की गई करीबन 2738 क्विंटल शक्कर शासन हित में राजसात कर ली गई है। जिला कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने करीबन 82 लाख रूपये मूल्य की इस शक्कर को राजसात करने के आदेश जारी किये हैं। यह शक्कर आम जन को 28 रूपये प्रति किलो के हिसाब से प्रशासन की निगरानी में वितरित की जायेगी।
कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने बताया कि राजसात की गई शक्कर मार्केटिंग सोसाइटी मुरार व जिला सहकारी उपभोक्ता भण्डार के माध्यम से 28 रूपये प्रति किलो के हिसाब से आम जनों को वितरित की जायेगी। एक उपभोक्ता को 15 दिवस में दो किलो शक्कर मुहैया कराई जायेगी, जिससे अधिकाधिक लोग इससे लाभान्वित हो सकें। शक्कर का वितरण कराने का दायित्व अपर कलेक्टर (खाद्य) एवं जिला आपूर्ति नियंत्रक को सौंपा गया है।
कलेक्टर ने बताया कि नगर में श्री महेश ककवानी की फर्म मैं. मनोज शुगर ट्रेडर्स खड़के साहब के बाढ़ा दाल बाजार से जब्त की गई करीबन 105 क्विंटल शक्कर राजसात कर ली गई है। इसी तरह श्री लज्जाराम राठौर की फर्मं शालू ट्रेडर्स मोहना की 160 क्विंटल, सुश्री राजकुमारी बसंल की फर्म प्रेमचंद गोकुलचंद खड़के साहब का बाड़ा दाल बाजार की 113 क्विंटल, श्री बाल किशन जैन की फर्म पारसनाथ ट्रेडर्स हजीरा 110 क्विंटल, श्री रामबाबू अग्रवाल की फर्म मै. रामबाबू गोविन्द ट्रेडर्स दाल बाजार की 160 क्विंटल, श्री अनिल कुमार गुप्ता की फर्म मै. बांदिल ट्रेडिंग कंपनी सिंहपुर रोड मुरार की 160 क्विंटल, सौनू अग्रवाल रमेश अग्रवाल सदर बाजार मुरार की 270 क्विंटल, श्री शैलेन्द्र अग्रवाल की फर्म माँ कृपा ट्रेडर्स मैनावाली गली लश्कर की 70 क्विंटल, श्री मुकेश अग्रवाल की फर्म यश ट्रेडिंग कंपनी विनय नगर की 30 क्विंटल, श्री विष्णु कुमार गोयल की फर्म नारायन दास किसन लाल हनुमान चौराहा लश्कर की 160 क्विंटल, श्री कुलदीप कुमार एण्ड कंपनी दाल बाजार की 100 क्विंटल, विजय लक्ष्मी की फर्म रघुवीर श्याम ट्रेडिंग कंपनी की 250 क्विंटल, पवन बंसल की फर्म पवन ट्रेडर्स इंगले साहब का बाड़ा की 730 क्विंटल एवं श्री स्वदेश बंसल की फर्म मुदित ट्रेडर्स मैना वाली गली की 320 क्विंटल शक्कर शासन हित में राजसात कर ली गई है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें