गुरुवार, 10 सितंबर 2009

निगम के छापामार अभियान से 944 व्यवसायियों ने लायसेंस बनवाये

निगम के छापामार अभियान से 944 व्यवसायियों ने लायसेंस बनवाये

निगमायुक्त द्वारा समीक्षा बैठक में पीएचई के सब-इंजीनियर को निलंबित किया

ग्वालियर दिनांक 09.09.2009- निगमायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा द्वारा नगर निगम ग्वालियर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाये जा रहे मसाला फैक्ट्रियों, ब्रेड फैक्टी तथा अन्य फैक्ट्रियों के विरूद्व गतिशील अभियान की प्रंशसा करते हुये स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य अधिकारी सुभाष गुप्ता को मसाला पीसने वाली चक्की पर भी मिलावट चैक करने के निर्देश दिये। साथ ही श्री गुप्ता को निर्देशित किया गया कि छप्पर वाला पुल से मुर्गी और मछली विक्रेताओं को हटाकर उनके विरूद्व निगम विधान के अनुसार न्यायालय में प्रकरण दायर किये जावे।

श्री गुप्ता द्वारा निगमायुक्त को जानकारी दी गई कि बिना लायसेंस कारोबार करने वाले व्यवसायियों द्वारा निगम के अभियान के प्रभाव से शहर में 944 पी.एफ.ए. के लायसेंस बनवाये गये हैं तथा दूध दही व्यवसायियों के लगभग 100 लायसेंस निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा बनाये जा चुके हैं। निगमायुक्त द्वारा अभियान में तेजी लाने के लिये दुकान संस्थान में पंजीकृत 65 हजार दुकानदारों की सूची लेकर लायसेंसों की जांच कराने के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारी को दिये।

पीएचई विभाग की समीक्षा करते हुये निगमायुक्त द्वारा ग्वालियर क्षेत्र के उपयंत्री आलोक त्रिपाठी को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिये । श्री त्रिपाठी द्वारा कोटेश्वर मंदिर के पास प्रायवेट जमीन पर नलकूप खनन कराया गया था जिसकी शिकायत जमीन के मालिक द्वारा निगमायुक्त को की गई। समीक्षा बैठक में निगमायुक्त द्वारा बर्फ फैक्ट्रियों के अवैध कनेक्शनों की जांच करने हेतु आगामी 7 दिवस में अभियान चलाकर अवैध कनेक्शन काटे जाने के निर्देश पीएचई के कार्यपालनयंत्री एस.एल. बाथम को दिये।

निगमायुक्त द्वारा आज की बैठक में मदाखलत विभाग की समीक्षा करते हुये मदाखलत विभाग के सम्पूर्ण अमले को तीन दिवस में बदलने का निर्देश अपर आयुक्त सुरेश शर्मा को दिया तथा वार्डों के परिसीमन में दोषी पाये गये अधिकारी/कर्मचारी के विरूद्व भी कार्यवाही करने के निर्देश निगमायुक्त द्वारा दिये गये।

निगमायुक्त द्वारा जनकार्य विभाग की समीक्षा करते हुये निर्देशित किया गया कि अवैध रूप से लगाये गये टेलीफोन कम्पनियों के टॉवरों को हटाने के अभियान में तेजी लायी जावे तथा जिन कम्पनियों द्वारा अपने टॉवरों को नियमित नहीं कराया जा रहा है। उन कम्पनियों के टॉवरों को कनेक्शन हटाये जावे।

निगमायुक्त द्वारा पार्क विभाग की समीक्षा करते हुये माधौनगर में बच्चों के मनोरंजन हेतु पार्क में उपकरण लगाये जाने तथा चिड़ियाघर में सफेद शेर और हिप्पो पोटेमस लाये जाने की कार्यवाही के विषय में तेजी जाने के निर्देश चिड़ियाघर प्रभारी मिठास को दिये। श्री मिठास द्वारा निगमायुक्त को बताया गया कि विभिन्न नगर निगमों द्वारा ग्वालियर के चिड़ियाघर के चिंकारा के बदले हिप्पो पोटेमस तथा सफेद शेर लिये जाने के प्रस्ताव पर सहमति हुई। सहमति के आधार पर अनुमति हेतु केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण को पत्र लिखा गया है। निगमायुक्त द्वारा केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण से स्वयं उपस्थित होकर कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिये हैं।

 

कोई टिप्पणी नहीं: