मंगलवार, 15 सितंबर 2009

सीमा सुरक्षा बल अकादमी में हिंदी दिवस का भव्य आयोजन

सीमा सुरक्षा बल अकादमी में हिंदी दिवस का भव्य आयोजन

ग्वालियर 14 सितम्बर 09। सीमा सुरक्षा बल अकादमी, टेकनपुर में आज हिंदी दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित की गई विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं में अव्वल आये कर्मियों को अकादमी के उप निदेशक श्री के जे. केशवानी, वी एस एम. ने नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उप निदेशक ने अपने सम्बोधन में कहा कि सीमा सुरक्षा बल में विभिन्न प्रांतों से जवान आते हैं, जिन्हें आपस में जोड़ने का कार्य करती है-राजभाषा हिंदी। उन्होंने अधिकारी वर्ग से विशेष रूप से अनुरोध किया कि वे अपना दैनिक कार्य स्वयं हिंदी में करके अपने अधीनस्थ कर्मियों के समक्ष उदाहरण प्रस्तुत करें।

       इससे पूर्व श्री एन. के. पाण्डेय, द्वितीय कमान अधिकारी/ हिंदी अधिकारी ने उप निदेशक का स्वागत करते हुए सीमा सुरक्षा बल अकादमी में हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिये किये जा रहे कार्यों की जानकारी दी। अकादमी में राजभाषा अधिकारी के रूप में उन्होंने हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने, गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का अनुपालन करने एवं निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने की हर संभव कोशिश करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अकादमी के श्री सूर्य प्रकाश तिवारी, कमाण्डेंट द्वारा सीमा सुरक्षा बल, महानिदेशक की अपील का वाचन किया गया तथा निरीक्षक (हिंदी अनुवादक) सुनील कुमार द्वारा हिंदी पढ़ने एवं पढ़ाने पर प्ररेणादायी काव्य पाठ किया गया। इस तरह, सीमा सुरक्षा बल अकादमी, टेकनपुर द्वारा पूरे उमंग एवं उत्साह के साथ ''हिंदी दिवस'' समारोह मनाया गया।

 

कोई टिप्पणी नहीं: