ग्राम नौगाँव में लोक कल्याण शिविर 23 अप्रैल को , लोक कल्याण शिविर की जानकारी आसपास के ग्रामों में भी दी जावे
ग्वालियर 19 अप्रैल 10। जिले में प्रत्येक विकासखण्ड में प्रतिमाह खण्डस्तरीय लोक कल्याण शिविर के आयोजन किये जायेंगे। इसके लिये वित्तीय वर्ष का वार्षिक कैलेण्डर जारी कर दिया गया है। जिले के घाटीगांव विकासखण्ड के नौगांव में शिविर का आयोजन 23 अप्रैल को आयोजित किया जायेगा। उक्त शिविर में संभागीय आयुक्त श्री एस बी. सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद शर्मा ने जनपद पंचायतों के सी ई ओ. एवं अन्य कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिये हैं कि लोक कल्याण शिविर की निर्धारित दिनांक व स्थान की जानकारी शिविर के पास के ग्रामों में वृहद स्तर पर प्रचार-प्रसार कर दी जावे। जिससे इन ग्रामों के आम नागरिक भी शिविर में भाग ले सकें। संभागायुक्त के भ्रमण के पूर्व इन ग्रामों में भ्रमण की तिथि की पर्याप्त रूप से सूचना आमजन को दी जाये, साथ ही ऐसे ग्रामों में जितने भी आवेदन प्राप्त होते हैं उनको वहां के नोडल अधिकारी, पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव पूर्व से ही एकत्रित कर लें। आवेदन एकत्रित करते समय इस बात का ध्यान रखा जाये कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं वृध्दावस्था पेंशन, बी पी एल. कार्ड से संबंधित आवेदन पत्र, भू-अधिकार ऋण पुस्तिका से संबंधित आवेदन, बी-1 तथा खसरे की नकलों से संबंधित आवेदन के लिये संबंधित ग्राम का कोई आवेदक छूट न जाये।
उन्होंने निर्देश दिये कि संभागायुक्त के शिविर के 3 दिन पूर्व से उपरोक्त आवेदन पत्रों के निराकरण की कार्यवाही शिविर स्थल पर प्रारंभ की जाये। प्रथम दिवस निराकरण हेतु संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पंचायत निरीक्षक, कृषि विभाग के कृषि विस्तार अधिकारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के संबंधित उपयंत्री, पशु पालन विभाग के ग्राम स्तर के अधिकारीगण शिविर में उपस्थित रहें। संभागायुक्त के भ्रमण के एक दिन पूर्व संबंधित अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, अनुविभाग के अन्तर्गत आने वाले संबंधित अनुविभाग स्तर के अधिकारीगण उपस्थित रहकर प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा करेंगे एवं निराकृत आवेदन पत्र मदवार सूचीबध्द तैयार कर लें।
संभागायुक्त के भ्रमण के दिन लोक कल्याण शिविर में कलेक्टर सहित जिले के जनसमस्याओं से संबंधित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहेंगे। संपूर्ण लोक कल्याण शिविर के समुचित आयोजन एवं प्राप्त आवेदनों के निराकरण का दायित्व अनुविभागीय अधिकारी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत का रहेगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें