मंगलवार, 20 अप्रैल 2010

निर्धनों के जीवन में हर कदम पर सहयोगी 'लोक हितकारी ट्रस्ट'

निर्धनों के जीवन में हर कदम पर सहयोगी 'लोक हितकारी ट्रस्ट'

अपर संचालक जनसंपर्क श्री सिंह ने धर्मार्थ चिकित्सालय का किया अवलोकन

ग्वालियर 19 अप्रैल 10। निर्धन असहाय एवं समाज के कमजोर वर्ग के लोगों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। जरूरतमंद लोगों की सेवा में समर्पित लोक हितकारी ट्रस्ट पिछले 16 वर्ष से मानव सेवा में अनवरत रूप से लगा हुआ है।

       लोक हितकारी ट्रस्ट द्वारा लक्ष्मीबाई कॉलोनी ग्वालियर में संचालित धर्मार्थ चिकित्सालय का अवलोकन आज जनसंपर्क विभाग के अपर संचालक श्री आर एम पी. सिंह ने किया। उन्होंने चिकित्सालय के संचालन एवं गरीबों को मुफ्त मुहैया कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ट्रस्ट के पदाधिकारियों से ली। उन्हें बताया गया कि ट्रस्ट द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के  क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर तबके के लोगों के लिये यह सेवा दी जा रही है। चिकित्सालय में मात्र दो रूपये प्रति मरीज के मान से मामूली राशि ली जाती है। यदि कोई मरीज यह छोटी सी राशि देने में असमर्थ है तो ऐसे लोगों से दो रूपये भी नहीं लिये जाते हैं। चिकित्सालय में गरीबों के लिये पैथोलॉजी जांच एवं एक्स-रे की नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध है। इसमें डॉ. संदीप शिवहरे एवं डॉ. सीमा शिवहरे सहित अन्य तकनीकी स्टॉफ अपनी सेवायें दे रहे हैं। ट्रस्ट की ओर से इन्हें मानदेय दिया जाता है। गरीबों के लिये जनसहयोग से दवाइयों की व्यवस्था की जाती है। इसका लाभ प्रतिदिन लगभग 200 मरीज उठा रहे हैं। ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री रामविलास शर्मा, सचिव डॉ. केशव पाण्डे, कोषाध्यक्ष श्री प्रकाश नारायण शर्मा, सदस्यों में श्री गणेश चतुर्वेदी, श्रीमती ऊषा चतुर्वेदी, श्री दीपक तोमर सहित कुल 8 सदस्य हैं। श्री आर एम पी. सिंह ने चिकित्सालय के अवलोकन के पश्चात ट्रस्ट द्वारा की जा रही मानव सेवा की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

 

 

 

कोई टिप्पणी नहीं: