गुरुवार, 15 अप्रैल 2010

अवैध रुप से बिक रहे मांस मछली को लेकर निगम प्रशासन सर्तक निरीक्षण अभियान जारी

अवैध रुप से बिक रहे मांस मछली को लेकर निगम प्रशासन सर्तक निरीक्षण अभियान जारी

ग्वालियर दिनांक-14.04.2010-     शहर में विभिन्न स्थानों पर बिना अनुमति के अमानक मांस, मछली एवं मुर्गे की अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्यवाही करने को लेकर नगर निगम प्रशासन सर्तक हो गया है तथा पिछले कई दिनों से निगम के स्वास्थ्य अमले द्वारा शहर में बिना अनुमति बिक रहे मांस, मछली एवं मुर्गे विक्रेताओं के यहां निरीक्षण कर उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जा रही है तथा उन्हें चेतावनी भी दी जा रही है। इस अभियान के तहत अभी तक निगम अमले द्वारा लगभग दो कुन्टल मछली, मांस व मुर्गे जब्त किए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि शहर में अवैध मांस मछली बिकने से होने वाले संभावित संक्रमण को रोकने के उददेश्य से निगम प्रशासन ने अब ऐसे विक्रेताओं के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है जो कि बिना अनुमति कहीं भी मांस मछली बेचने का धंधा करते हैं तथा खुले आम बीच बाजार में मांस मछली का व्यापार करते हैं जबकि इनके लिए विभिन्न स्थानों पर स्थान चयनित किए गए हैं लेकिन ज्यादा मुनाफा कमाने के चक्कर में व्रिकेताओं द्वारा कहीं भी इस प्रकार का व्यापार शुरु कर दिया जाता है तथा उसमें यह भी ध्यान नहीं रखा जाता है कि कहीं इससे लोगों में बीमारियां तो नहीं फैल रही हैं। ऐसे सभी मांस मछली विक्रेता के यहां निरीक्षण कर उनको पहले तो चेतावनी दी जा रही है लेकिन नहीं मानने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही जा रही है। जिसके तहत अभी तक निगम के स्वास्थ्य अमले द्वारा स्वास्थ्य अधिकारी डा ओम प्रकाश कौरव के नेतृत्व में शहर के विभिन्न स्थानों पर छापामार कार्यवाही की गई है जिसमें थाटीपुर, शिन्दे की छावनी सहित अनेक क्षेत्र शामिल हैं। इन स्थानों से निगम के स्वस्थ्य अमले द्वारा लगभग एक कुन्टल मछली, सौ मुर्गे एवं कई किलो मांस जब्त कर चिड़ियाघर भिजवाया गया है तथा मांस विक्रेताओं को चेतावनी दी गई है कि नियमानुसार तथा निर्धारित स्थानों पर ही इनकी बिक्री करें। 

 

कोई टिप्पणी नहीं: