बोर्ड परीक्षाओं में सुधार के संबंध में लिये सुझाव
माध्यमिक शिक्षा मंडल के अध्यक्ष श्री बंसल ने ली विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षाविदों व अधिकारियों की बैठक
ग्वालियर 20 अप्रैल 10। माध्यमिक शिक्षा मंडल के अध्यक्ष श्री राकेश बंसल ने आज अभिभावकों, विद्यार्थियों व अधिकारियों की बैठक लेकर बोर्ड परीक्षाओं के सुधार के संबंध में सुझाव लिये। श्री बंसल ने इस वर्ष हुईं बोर्ड की हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्ड्री परीक्षाओं को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिये इन परीक्षाओं से जुड़े अधिकारियों के प्रति इस बैठक के माध्यम से धन्यवाद भी व्यक्त किया। यहां राज्य स्वास्थ्य प्रबंधन एवं संचार संस्थान में आयोजित हुई बैठक में संभाग आयुक्त श्री एस बी. सिंह, पुलिस महानिरीक्षक श्री अरविन्द कुमार, कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक श्री ए सांई मनोहर, जिला शिक्षा अधिकारी श्री डी आर. ज्ञानानी व उप आयुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग श्री त्रिपाठी सहित संभाग के विभिन्न जिलों के शिक्षाधिकारी, विभिन्न स्कूलों की छात्र-छात्रायें, बच्चों के अभिभावक व शिक्षाविद् मौजूद थे।
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा ली जाने वाली बोर्ड परीक्षाओं में सुधार के संबंध में विविध पहलुओं पर बैठक में विस्तृत विचार-विमर्श हुआ और लोगों से अलग-अलग अभिमत लिये गये। जिन बिन्दुओं पर विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षाविदों व अधिकारियों के सुझाव लिये गये हैं, उनमें प्रमुख हैं 10वीं एवं 12वीं बोर्ड की परीक्षाओं में कितने विषय में पूरक परीक्षा का प्रावधान हो। इसी तरह सतत आन्तरिक मूल्यांकन किया जाना चाहिये अथवा नहीं, सतत आन्तरिक मूल्यांकन की दशा में वार्षिक परीक्षा में विद्यार्थी को कितना लाभ मिलना चाहिये, हाई स्कूल व हायर सेकेण्डरी में सेमेस्टर सिस्टम हो अथवा नहीं, हाई स्कूल व हायर सेकण्डरी परीक्षा में हर विषय के कितने-कितने प्रश्न-पत्र हों। इसी तरह राज्य में सी बी एस सी. पाठयक्रम अपनाया जाये अथवा नहीं। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता परीक्षाओं में राज्य के विद्यार्थियों को समान अवसर मुहैया कराने और उनमें क्षमता विकसित करने के लिये सी बी एस सी. पाठयक्रम को ही सभी विषयों में लागू करने को लेकर बैठक में सभी से सुझाव लिये गये।
संभाग आयुक्त श्री एस बी. सिंह ने बोर्ड परीक्षाओं के संबंध में अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि हाई स्कूल परीक्षा तक विद्यार्थियों को एक से अधिक विषय में पूरक परीक्षा की छूट देना उचित है। लेकिन 12वीं परीक्षा से विद्यार्थी का भविष्य तय होता है, अत: इस परीक्षा में एक से अधिक विषय में पूरक परीक्षा की छूट देना विद्यार्थी के भावी जीवन के लिये ठीक नहीं होगा। आयुक्त ने प्रश्न पत्रों के पेटर्न के संबंध में भी उपयोगी सुझाव दिये। उनका कहना था कि प्रश्न-पत्र के कई सेट हों अर्थात प्रश्न-पत्र में प्रश्नों का क्रम भिन्न-भिन्न करके नकल की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाया जा सकता है।
पुलिस महानिरीक्षक श्री अरविन्द कुमार व कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने हाई स्कूल तक अधिक विषयों में पूरक परीक्षा एवं हायर सेकण्डरी में कम से कम अर्थात एक से अधिक विषय में पूरक परीक्षा की छूट न देने को विद्यार्थियों के भविष्य के लिये उचित बताया। इसी तरह पुलिस अधीक्षक श्री ए. सांई मनोहर ने कहा कि विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिये हाई स्कूल परीक्षा तक सहानुभूतिपूर्ण रवैया अपनाया जाना चाहिये।
केन्द्राध्यक्ष सम्मानित
इस वर्ष हुई माध्यमिक शिक्षा मण्डल की हाई स्कूल एवं हायर सेकण्डरी परीक्षाओं को नकल रहित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को आज सम्पन्न हुई बैठक में माध्यमिक शिक्षा मंडल के अध्यक्ष श्री राकेश बंसल ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले केन्द्राध्यक्षों में श्री यू सी. शर्मा चांदपुर, श्रीमती निवेदिता गुप्ता सौंसा, श्रीमती सरोजनी त्रिपाठी बिलौआ व प्रधानाध्यापक श्री एल के. राठौर शामिल हैं। इसी तरह पर्यवेक्षक के दायित्व के निर्वहन के लिये जिला पंचायत के ए पी ओ. श्रीराम शर्मा को सम्मानित किया गया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें