पेयजल प्रबंधन के लिये राशि की कमी नहीं आयेगी- मुख्य सचिव
ग्वालियर 16 अप्रैल 10। मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव श्री अवनि वैश्य ने आज वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों से पेयजल के संबध में चर्चा की तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में दिशा निर्देश दिये। ग्वालियर संभाग के आयुक्त श्री एस बी. सिंह ने शिवपुरी जिला कलेक्टर कार्यालय में उपस्थित होकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भाग लिया। ग्वालियर में कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी, नगर निगम आयुक्त श्री पवन शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद शर्मा, अपर कलेक्टर श्री आर के. जैन एवं विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।
मुख्य सचिव श्री अवनि वैश्य ने कहा कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष जिले में पेयजल परिवहन का सामना हमें नहीं करना पड़ रहा है। फिर भी कई स्थानों पर पानी की दिक्कत है। जिला। कलेक्टर पेयजल के संबंध में अपनी जिम्मेदारी लें, तहसील, ब्लॉक तथा मुख्यालय पर अधिकारियों की तैनाती करें, जहां आवश्यक हो वहां कण्ट्रोल रूम स्थापित करें।
उन्होंने कहा कि पेयजल प्रबंधन के लिये पैसे की कमी नहीं हैं, जहां भी आवश्यकता है प्रस्ताव भेजें शासन राशि मुहैया करायेगा। पेयजल के कारण कहीं भी कानून व्यवस्था की स्थित नही बनना चाहिये। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा स्थानीय निकाय समन्वय बनाकर कार्य करें।
श्री वैश्य ने कहा कि पुराने कुयें, बाबड़ियों की सफाई, संधारण की आवश्यकता हो तो प्रस्ताव भेजें राहतमंद से स्वीकृति दी जायेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में जहां नल जल योजना है तथा बिजली का बिल जमा न करने के कारण बिजली काटी गई है वहां पंचायत से राशि जमा कराई जाकर योजना प्रारंभ की जावे। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जावे कि पंचायतें नलजल योजना के विद्युत बिल नियमित जमा करें।
संभागीय आयुक्त श्री एस बी. सिंह ने संभाग की स्थिति के संबंध में बताया कि संभाग के सभी जिलों से प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि ग्वालियर में 30 ग्रामों में पेयजल परिवहन करने हेतु चिन्हित किया गया है, 9 ग्रामों को परिवहन की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। जिले से 22 लाख रूपये की कार्य योजना भी तैयार कर भेज दी गई है। शिवपुरी जिले में 125 ग्रामों में पेयजल परिवहन की आवश्यकता पड़ेगी, जिले से 69 लाख 18 हजार रूपये की कार्य योजना तैयार कर भेजी गई है। गुना जिले में 107 ग्रामों में पेयजल प्रबंधन की आवश्यकता होगी जिले से 37 लाख 71 हजार की योजना भेजी गई है। दतिया जिले में 58 गांव में परिवहन हेतु चिन्हित किया गया है। यहां की 40 लाख की कार्य योजना भेजी गई है। इसी प्रकार अशोक नगर में 71 ग्रामों में परिवहन हेतु 37 लाख की कार्य योजना भेजी गई है।
कलेक्टर श्री अकाश त्रिपाठी ने बताया कि ग्वालियर जिले में केवल डबरा तहसील में एक दिन छोड़कर पेयजल का वितरण हो रहा है, बाकी सभी जगह प्रतिदिन पेयजल वितरित किया जा रहा है। नगर निगम क्षेत्र के लिये भी 2 करोड़, 68 लाख की कार्य योजना तैयार कर भेजी गई है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के अन्त में समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी की भी विस्तार से समीक्षा की गई तथा आओ बनायें अपना मध्यप्रदेश अभियान के संबंध में दिशा निर्देश दिये गये।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
ग्वालियर टाइम्स आपकी टिप्पणी का स्वागत करती है, टिप्पणी संयत एवं भद्र होना चाहिये अन्यथा आपकी टिप्पणी प्रकाशन से अवरूद्ध कर दी जायेगी व आपकी आई.डी ब्लाक कर दी जायेगी