सुखद भविष्य के लिये सभी बच्चों को स्कूलों से जोड़ें- श्रीमती चिटनिस
स्कूल चलें हम अभियान में शिक्षा मंत्री शामिल हुईं
विश्व विख्यात बैडमिन्टन खिलाड़ी सायना व पुलेला गोपीचंद भी
बच्चों को प्रोत्साहित करने अभियान में हुए शामिल
ग्वालियर 14 जुलाई 10। स्कूल शिक्षा मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा है कि स्कूल ऐसे माध्यम हैं जो बच्चों को पढ़ने, खेलने व एक दूसरे से जुड़ने का अवसर तो देते ही हैं, साथ ही बच्चों के सुखद भविष्य का आधार भी तैयार करते हैं। अत: सभी बच्चे स्कूल जायें और अच्छी शिक्षा ग्रहण करें। श्रीमती चिटनिस आज स्कूल चलें हम अभियान के तहत यहाँ शासकीय पदमा कन्या विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहीं थी। स्कूल शिक्षा मंत्री ने इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों व शासकीय अमले का आह्वान किया कि सभी मिलजुल कर स्कूल चलें हम अभियान को जन आन्दोलन बनायें और पढ़ने योग्य शत-प्रतिशत बच्चों को स्कूलों से जोड़ें। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय सांसद श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने की। विश्व स्तर पर बैडमिण्टन खेल में भारत का नाम रोशन करने वाली अन्तर्राष्ट्रीय बैडमिन्टन खिलाड़ी सुश्री सायना नेहवाल व पद्मश्री पुलेला गोपीचंद भी प्रदेश सरकार की पहल पर बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिये स्कूल चलें हम अभियान के तहत आयोजित हुए इस कार्यक्रम में विशेष तौर पर पधारे थे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता, कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक श्री संजय चौधरी व पार्षद श्रीमती आशा राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, शिक्षाविद व संबंधित अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्कूली बालिकायें मौजूद थीं।
श्रीमती चिटनिस ने शिक्षकों व पालकों का आह्वान किया कि वे बच्चों को पूरी मेहनत व लगन के साथ शिक्षा अर्जित करने के लिये प्रेरित करें। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि बच्चों को इस प्रकार से शिक्षित करें, जिससे उनमें पढ़ाई के प्रति रूचि जागृत हो और वे पढ़-लिख कर आत्म निर्भर बनने के साथ-साथ अच्छे नागरिक बन सकें।
स्थानीय सांसद श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न खेला विधाओं में भी पराक्रम दिखायें। उन्होंने कहा ग्वालियर में बैडमन्टन, हॉकी इत्यादि खेलों के लिये अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से युक्त खेल परिसर का निर्माण किया गया है। श्रीमती सिंधिया ने कार्यक्रम में मौजूद बालिकाओं का आह्वान किया कि ग्वालियर में मौजूदा खेल सुविधाओं का लाभ उठाकर अच्छी खिलाड़ी बनें और देश का नाम रोशन करें। आरंभ में अतिथियों ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संयुक्त संचालक लोक शिक्षण के के. द्विवेदी सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। विद्यालय की बालिकाओं ने स्कूल चलें हम गीत की कर्णप्रिय एवं संगीतमयी प्रस्तुति दी।
क्या मैं भी सायना बन सकती हूँ………
विश्व विख्यात बैडमिन्टन खिलाड़ी सायना नेहवाल व पद्मश्री पुलेला गोपीचंद को अपने बीच पाकर शासकीय पदमा विद्यालय की बालिकायें गदगद थीं और उनमें खासकर सायना नेहवाल को लेकर भारी उत्साह था। प्रदेश सरकार की पहल पर स्कूल चलें हम अभियान को जन आन्दोलन बनाने की कड़ी में उक्त दोनों अन्तर्राष्ट्रीय बैडमिन्टन खिलाड़ी पदमा विद्यालय पहुँचे थे। हाल ही में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की सिंगापुर ओपन बैडमिन्टन चैम्पियनशिप जीतकर आईं सायना नेहवाल से पद्मा विद्यालय की बालिकाओं ने खुलकर सवाल किये और सायना ने हर सवाल का बड़ी संजीदगी से जवाब दिया। एक बालिका का प्रश्न था क्या में भी सायना बन सकती हूँ? इस पर अन्तर्राष्ट्रीय बैडमिन्टन खिलाड़ी नेहवाल का जवाब था क्यों नहीं। उनका कहना था में भी आप ही की तरह एक सामान्य लड़की हूँ और पिता व गुरूओं के मार्गदर्शन तथा दृढ निश्चय की बदौलत आज इस मुकाम पर पहुँची हूँ। एक अन्य बालिका के सवाल के जवाब में सुश्री सायना नेहवाल ने कहा कि जो भी काम हो उसे पूरी मेहनत व लगन से करना चाहिये। मैंने यही किया जब पढ़ना होता था तब एकाग्रता से पढ़ाई की और जब खेलना हुआ तब उसी एकाग्रता से खेले। एक और बालिका ने पूछा कि आप बचपन में क्या बनने की सोचती थीं? इस पर सुश्री सायना का जवाब था कि मेरे पापा मुझे डॉक्टर बनाना चाहते थे पर मेरी रूचि बैडमिन्टन में थी। मेरे दृढ निश्चय व रूचि को देखकर मेरे माता-पिता ने मुझे पूरा सहयोग व प्रोत्साहन दिया और उसका नतीजा आप सबके सामने है। बालिकाओं की अन्य जिज्ञासाओं का समाधान भी सुश्री सायना नेहवाल ने किया।
पुस्तकें व गणवेश भी बाँटें
स्कूल चलें हम अभियान के तहत शासकीय पद्मा कन्या विद्यालय में आयोजित हुए कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिश व विश्व विख्यात बैडमिन्टन खिलाड़ी सुश्री सायना नेहवाल सहित अन्य अतिथियों ने बच्चों को पुस्तकें व गणवेश भी बाँटे। अतिथियों ने इस अवसर पर पट्टी (स्लेट) पूजन भी किया और यह पट्टियाँ नन्ही -मुन्ही स्कूली बालिकाओं कुमारी चंचल गोयल व कुमारी शिवा राजावत को प्रदान कीं।
बच्चों को शाला से जोड़ने की शपथ दिलाई
विश्व की सर्वेश्रेष्ठ महिला बैडमिन्टन खिलाड़ियों में शुमार सुश्री सायना नेहवाल ने पद्मा विद्यालय में स्कूल चलें हम अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में 5 से 14 वर्ष तक के सभी बच्चों को शाला में प्रवेश दिलाने की शपथ दिलाई। साथ ही शाला त्यागी बच्चों को पुन: शाला से जोड़ने का संकल्प भी दिलाया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
ग्वालियर टाइम्स आपकी टिप्पणी का स्वागत करती है, टिप्पणी संयत एवं भद्र होना चाहिये अन्यथा आपकी टिप्पणी प्रकाशन से अवरूद्ध कर दी जायेगी व आपकी आई.डी ब्लाक कर दी जायेगी