बुधवार, 14 जनवरी 2009

पाँच शिक्षक, तीन ए.एन.एम. दो ऑंगनवाड़ी कार्यकर्ता व एक पटवारी निलंबित

पाँच शिक्षक, तीन ए.एन.एम. दो ऑंगनवाड़ी कार्यकर्ता व एक पटवारी निलंबित

सुशासन अभियान के तहत मिली रिपोर्ट के आधार पर जिला कलेक्टर ने की कार्रवाई

ग्वालियर 13 जनवरी 09। सुशासन अभियान के तहत गांव-गांव में पहुंच रहे अभियान दलों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर जिला कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने पाँच शिक्षकों एक पटवारी व तीन ए एन एम. के खिलाफ निलंबन सहित दो ग्राम पंचायतो के सचिवों को पद से प्रथक करने की कार्रवाई की है। उन्होंने ठीक ढंग से मध्यान्ह भोजन वितरित न कर रहे स्वसहायता समूहों को हटाने तथा अन्य शासकीय संस्थाओं में पदस्थ अकर्मण्य कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की हिदायत भी दी है। उल्लेखनीय है कि  शासकीय कामकाज में कसावट लाने, गांव स्तर की शासकीय संस्थाओं की व्यवस्थाओं को सुदृढ करने और प्रदेश सरकार के सात संकल्पों को पूरा करने के मकसद से ग्वालियर जिले में सुशासन अभियान चलाया जा रहा है।

       जिला पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुशासन अभियान दलों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्टों के आधार पर ग्राम पीपरीपुरा के स्कूल के शिक्षक श्री मुकेश कंषाना, प्राथमिक विद्यालय बझेरा के शिक्षक श्री बलवीर सिंह, माध्यमिक विद्यालय सिकरौदा के शिक्षक श्री दिनेश कुमार शर्मा एवं माध्यमिक विद्यालय गजापुर व प्राथमिक विद्यालय वसौटा में पदस्थ एक एक शिक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। उक्त शिक्षको के लगातार विद्यालयों से अनुपस्थित रहने की रिपोर्ट मिली थी। अभियान दलों की रिपोर्टों के आधार पर ग्राम पंचायत अजयगढ़ के सचिव को विभिन्न अनियमितताओ की वजह से पद से प्रथक करने की कार्रवाई की जा रही है। इसी तरह रोजगार गारण्टी योजना में कार्य प्रारंभ न कराने पर ग्राम पीपरीपुरा के पंचायत सचिव के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की गई है। ग्राम सुनवई में आदिवासियों के राजस्व प्रकरण एक वर्ष तक लंबित रखने पर यहां के पटवारी के निलंबन और ग्राम छोटी अकवई व ग्राम सिली (कुम्हर्रा)के आंगनवाड़ी केन्द्र की कार्यकर्ताओं की सेवायें समाप्त करने की कार्रवाई की जा रही है। ग्राम मदन पुरा में लंबे समय से टीकाकरण न होने की शिकायत मिलने पर यहां की ए एन एम. व लगातार अनुपस्थिति की शिकायत पर ग्राम प्रेमपुर व लखनौती खुर्द की ए एन एम. को निलंबित करने की कार्रवाई की गई है। ग्राम तुरारी में पशुओं की बीमारी का त्वरित  इलाज न करने पर यहां के पशु चिकित्साधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसी तरह अधिक संख्या मे वी पी एल. सूची से संबंधित आवेदनों के लंबित होने पर डबरा के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को चेतावनी दी गई है।

       जिला कलेक्टर ने अभियान दलों की रिपोर्ट के आधार ग्राम लखनपुरा, बडी अकवई, मानपुर, प्रेमपुर, सिरोल आदि ग्रामों में मध्यान्ह भोजन से जुड़े स्वसहायता समूहों से यह जिम्मेदारी हटाने के निर्देश दिये हैं।  उन्होंने उक्त ग्रामों के स्कूलों में अन्य समूहों के माध्यम से मध्यान्ह भोजन वितरण व्यवस्था को तत्काल सुचारू करने की हिदायत भी दी है। जिला कलेक्टर ने जिले के कुछ ग्रामों में जननी सुरक्षा योजना व जननी एक्सप्रेस योजना में मिली शिकायत पर भी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और जननी एक्सप्रेस का वाहन हटाने के निर्देश दिये हैं।

 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

ग्वालियर टाइम्स आपकी टिप्पणी का स्वागत करती है, टिप्पणी संयत एवं भद्र होना चाहिये अन्यथा आपकी टिप्पणी प्रकाशन से अवरूद्ध कर दी जायेगी व आपकी आई.डी ब्लाक कर दी जायेगी