बैंकर्स शासकीय योजनाओं के प्रति सकारात्मक सोच रखे- कलेक्टर
जिला स्तरीय सलाहकार एवं समीक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
ग्वालियर 9 जनवरी 09। सभी बैंकर्स शासकीय योजनाओं के प्रति सकारात्मक सोच के साथ कार्य करें। यह केवल प्रशासन का ही नहीं बल्कि बैंकों का भी सामाजिक दायित्व है। बैंकर्स हितग्राहियों को बैंकों के चक्कर लगवाने की मानसिकता को बदलें, उनका हृासमेंट नहीं करें। यह बात आज यहां कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने जिला स्तरीय सलाहकार एवं समीक्षा समिति की बैठक में जिले के बैंकर्स से कही। बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक श्री के पी. सिंह, नावार्ड के सहायक महाप्रबंधक श्री आर वाय. जोशी, सेन्ट्रल बैंक आफ इन्डिया के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री एस. सी. गुप्ता, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री आर. बी. शुक्ला सहित विभिन्न बैंकों के समन्वयक तथा जिले के अधिकारी भी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री त्रिपाठी ने जिले के अधिकारियों को निर्देश दिये कि कल्याणकारी योजनाओं में हितग्राहियो के छोटे-छोटे प्रकरण बनायें, जिससे प्राप्त वित्तीय लक्ष्य से अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जा सके। बसूली के संबंध में उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों से कहा कि बसूली योग्य राशि की आर आर सी. दर्ज कराई जाय तथा बैंकर्स इसे पूरी रूचि के साथ करें और राजस्व अधिकारियों की मदद करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि वसूली कार्य में बैंकर्स रूचि नहीं लेंगे तो प्रशासन उनका कोई सहयोग नहीं करेगा तथा आर आर सी. आगामी माह से वापस कर दी जायेगी। यदि वसूली में बैंकर्स रूचि लेंगे तो प्रशासन उन्हें पूरा सहयोग देने को तैयार हैं।
कलेक्टर श्री त्रिपाठी ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अन्तर्गत विभागों द्वारा बैंकों को प्रेषित प्रकरण, बैंकों द्वारा स्वीकृत प्रकरण एवं हितग्राहियों को वितरित प्रकरणों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि बैंकों द्वारा लक्ष्य के विरूध्द वितरित किये गये प्रकरणों की संख्या संतोष जनक नहीं है तथा स्वीकृति की अपेक्षा वितरण बहुत कम हुआ है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शासकीय योजनाओं के प्रकरणों को 15 फरवरी तक शत प्रतिशत वितरित किया जाय। जो बैंक ऐसा नही करेंगे, उनके विरूध्द निर्धारित समय सीमा के पश्चात एफ आई आर. भी दर्ज कराई जा सकती है। साथ ही जिला प्रशासन बैंकों को किसी भी प्रकार का सहयोग नहीं कर पायेगा। श्री त्रिपाठी ने कहा कि यदि प्रशासन के कहने पर बैंकें ऋण देती हैं तो प्रशासन ऋण की वसूली में भी बैंकों को पूरा सहयोग करेगा। साथ ही उन्होंने सख्त हिदायत दी कि गरीबों की मदद करने में वे व्यक्तिगत रूप से गंभीर हैं। इसलिये बैंकर्स शासन की योजनाओं को मजाक न बनायें, वे भी व्यक्तिगत रूचि लेकर गरीबों की मदद करें। उन्होंने अधिकारियो को भी चेतावनी दी कि वे सतत बैंकों के संपर्क में रहें और प्रकरणों के वितरण की समीक्ष करते रहें।
कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि 21 जनवरी को आयोजित होने वाले वृहद लोक कल्याण शिविर में कल्याणकारी शासकीय योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाय। उन्होने कहा कि विभिन्न योजनाओं में जो प्रकरण स्वीकृत किये गये हैं, उनके चैकों का वितरण लोक कल्याण शिविर में कराया जाय।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
ग्वालियर टाइम्स आपकी टिप्पणी का स्वागत करती है, टिप्पणी संयत एवं भद्र होना चाहिये अन्यथा आपकी टिप्पणी प्रकाशन से अवरूद्ध कर दी जायेगी व आपकी आई.डी ब्लाक कर दी जायेगी