शुक्रवार, 16 जनवरी 2009

अधिकाधिक नेत्ररोगियों को लाभान्वित कराने में सहयोगी बनें- कलेक्टर

अधिकाधिक नेत्ररोगियों को लाभान्वित कराने में सहयोगी बनें- कलेक्टर

विशाल नि:शुल्क लैंस प्रत्यारोपण शिविर 27 जनवरी से

ग्वालियर 14 जनवरी 09 । सद्गुरू परिवार ट्रस्ट (गुजरात), जिला अन्धत्व निवारण समिति एवं दादाजी धाम परमार्थ हॉस्पीटल के संयुक्त तत्वावधान में जिले में एक विशाल नि:शुल्क लेंस प्रत्यारोपण नेत्र शिविर आयोजित होने जा रहा है । यह शिविर 27 जनवरी से शुरू होकर 15 फरवरी तक चलेगा । इस सिलसिले में जिला कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने आज संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर शिविर का व्यापक प्रचार प्रसार करने और जिले के अधिकाधिक नेत्र रोगियों को इस शिविर से लाभान्वित कराने के निर्देश दिये । उन्होंने शिविर को सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित कराने के लिये अधिकारियों के दायित्व भी निर्धारित किये । यहां राज्य स्वास्थ्य प्रबंधन एवं संचार संस्थान में आयोजित हुर्ह बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. अर्चना शिंगवेकर, सिविल सर्जन डा. कल्पना जैन व अन्य चिकित्सकगण, जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार व जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे ।

      कलेक्टर श्री त्रिपाठी ने अधिकारियों को संबोधित करते हुये कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा सबसे पुनीत कार्य है । अत: वे इस नेत्र शिविर को शासकीय आयोजन भर न समझें अपितु संवेदनशीलता के साथ एक पुण्य काम समझकर जिले के गरीब, दुखी व असहाय नेत्र रोगियों को पुन: रोशनी दिलाने में सहयोगी बनें । उन्होंने बताया कि इस शिविर में ग्रामीण अंचल के जिन नेत्ररोगियों के आपरेशन किये जाने है उनके नेत्र परीक्षण के लिये खंड स्तर पर 25 जनवरी से ओपीडी शुरू हो जायेगी । कलेक्टर ने बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे अपने-अपने क्षेत्र के ग्रामों में मैदानी अमले के माध्यम से प्रचार - प्रसार करायें और नेत्र रोगियों का ओपीडी में नेत्र परीक्षण करायें ताकि उनको परीक्षण उपरांत आपरेशन के लिये रेफर किया जा सके । कलेक्टर ने बताया कि जिले के दूरस्थ अंचलो से नेत्र रोगियों के लिये नि:शुल्क वाहन व्यवस्था रहेगी । साथ ही शिविर में आने वाले रोगियों के भोजन, आवास, व ओढ़ने के लिये कम्बल की व्यवस्था नि:शुल्क रहेगी । नेत्र रोगियों से केवल  बिछाने के कपड़े लेकर आने के लिये कहा जाये ।

      उल्लेखनीय है कि नेत्र शिविर के अन्तर्गत नेत्र रोगियों के ठहरने की व्यवस्था यहां खासगी बाजार स्थित सिंधी धर्मशाला में की गई है । नेत्र रोगियों के आपरेशन श्री दादाजी धाम परमार्थ हॉस्पीटल धर्मपुरी मंदिर में किये जायेंगे ।

      उल्लेखनीय है कि बड़े पैमाने पर नेत्र रोगियों के आपरेशन कराने के लिये सद्गुरू परिवार ट्रस्ट राजकोट गुजरात की पूरे देश में ख्याति है । यह संस्था हर वर्ष अकेले चित्रकूट अस्पताल के माध्यम से करीबन 50 हजार नेत्र रोगियों के आपरेशन करता रहा है । इसके  अलावा देश के अन्य 18 नगरों में बड़-बड़े नेत्र शिविर यह संस्था आयोजित करती है । ग्वालियर शहर में पहलीबार जिला कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी की पहल पर यह संस्था शिविर आयोजित करने जा रही है ।

 

कोई टिप्पणी नहीं: