शुक्रवार, 16 जनवरी 2009

अनुरक्षण गृह की बालिकाओं के साथ मनाई गृह राज्यमंत्री ने मकर संक्रान्ति

अनुरक्षण गृह की बालिकाओं के साथ मनाई गृह राज्यमंत्री ने मकर संक्रान्ति

तिल की गजक खिलाई और गरम शॉलें वितरित कीं

ग्वालियर 14 जनवरी 09 । मकर संक्रान्ति का पावन पर्व को गृह, परिवहन एवं जेल राज्यमंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने राजकीय अनुरक्षण गृह की बालिकाओं के साथ मनाया। बिना किसी पूर्व सूचना के पहुंचे गृह राज्यमंत्री को अपने बीच पाकर अनुरक्षण गृह की सभी अन्त:वासिनी अभिभूत हो गई और एक स्वर में श्री कुशवाह को पुन: मंत्री बनने की बधाई दी । इस खुशनुमा माहौल के बीच गृह राज्यमंत्री श्री कुशवाह ने हर अन्त:वासिनी को तिल की गजक खिलाई और सभी गरम शॉल भेंट कीं । गौरतलब है कि श्री कुशवाह बीते पांच वर्षों के पड़े रक्षाबंधन और होली व दीपावली की भाई दौज अनुरक्षण गृह की बालिकाओं के साथ ही मनाते रहे हैं । इसलिये अनुरक्षण गृह की हर बालिका उन्हें भैया कहकर संबोधित करती है ।

       मकर संक्रान्ति मनाने पहुंचे गृह राज्यमंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि अनुरक्षण गृह की हर अन्त:वासिनी अपने पैरों पर खड़ी होकर सम्मान जनक जीवन जी सके इसके लिये प्रदेश सरकार कृत संकल्पित है । इस दिशा में सरकार ने पूर्व से ही गरीब शोषित व उपेक्षित महिलाओं के कल्याण के लिये तमाम कार्यक्रम बनाये हैं । साथ जरूरत पड़ी तो इन सभी के हितों के लिये और भी प्रभावी कदम उठाये जायेंगे । उन्होंने अनुरक्षण गृह की बालिकाओं को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिये वे सदैव उपलब्ध रहेंगे अत: कोई कठिनाई आने पर उन्हें बेझिझक बताया जाये, ताकि उसका समाधान किया जा सके ।

अब सुप्रिय भी सीख सकेगी कम्प्यूटर

       राजकीय अनुरक्षण गृह में निवासरत एक बालिका कुमारी सुप्रिया ने कम्प्यूटर सीखने की अभिलाषा अपने मन में पाल रखी थी । लेकिन कम्प्यूटर सीखने के लिये आवश्यक धनराशि का इंतजाम न होने से उसकी यह अभिलाषा अभी तक अधूरी ही थी । आज जब गृह राज्यमंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह अनुरक्षण गृह में आये ओर सुप्रिया से हाल चाल पूछा तभी उसने दबी जुबान से अपने मन की तमन्ना उनके समक्ष व्यक्त की । श्री कुशवाह ने सुप्रिया की कम्प्यूटर सीखने की तमन्ना पूरी करने का इंतजाम मौके पर ही कर दिया । उन्होंने कम्प्यूटर सीखने के लिये आवश्यक 1200 रूपये की राशि अपनी जेब से निकालकर सुप्रिया के हाथ में थमा दी और उससे कहा बेटी आज से ही कम्प्यूटर सीखने जाना । इस प्रकार कम्प्यूटर सीखने की सुप्रिया की मुराद अब पूरी हो जायेगी ।

 

कोई टिप्पणी नहीं: