अवैध क्रेशर्स ध्वस्त करने की जिला प्रशासन की मुहिम जारी
जिला कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने अपनी मौजूदगी में नष्ट कराये चार अवैध क्रेशर
ग्वालियर 6 मई 09 । अवैधर रूप संचालित पत्थर क्रेशरों को नष्ट करने के लिए जिला प्रशासन की मुहिम जारी है । इस कड़ी में बुधवार को जिला कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी स्वयं पुलिस अधीक्षक श्री व्ही.के. सूर्यवंशी के साथ नयागाँव व छोड़ गांव इलाके में पहुँचे और इस क्षेत्र में संचालित चार अवैध क्रेशरों को हिटैची मशीनों के माध्यम से ध्वस्त कराया । इस दौरान अवैध क्रेशर के समीप अतिक्रमण करके बनाये गये एक भवन को भी ध्वस्त किया गया।
जिला कलेक्टर श्री त्रिपाठी ने साफ तौर पर कहा है कि जिले में अवैध क्रेशर संचालन को कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और ऐसे क्रेशरों को ध्वस्त करने की मुहिम सतत रूप से जारी रहेगी । उन्होनें बताया कि बुधवार को नयागॉव तथा छोड़गाँव के समीप जिन अवैध क्रेशरों को धराशायी किया गया है, उनके मालिकों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत भी प्रकरण दर्ज कराये जायेंगे, यदि ये क्रेशर वन भूमि के 250 मीटर के दायरे में आते हैं ।साथ ही उक्त क्रेशर संचालकों के खिलाफ अवैध पत्थर उत्खनन के मामले भी दर्ज किये जायेगें । कलेक्टर ने बताया कि आज जिन अवैध क्रेशरों को नष्ट किया गया है वो सभी सक्षम अधिकारी की बिना अनुमति के चल रहे थे । उन्होनें बताया कि जिले में अवैध क्रेशर संचालन की शिकायत मिलने पर जिला प्रशासन द्वारा राजस्व, खनिज व अन्य संबंधित विभागों के संयुक्त दल गठित कर इसकी जांच कराई थी । इस जाँच में जो क्रेशर अवैध रूप से चलते पाये गये थे उन्हें विनिष्ट करने की मुहिम जिला प्रशासन द्वारा अभियान बतौर चलाई जा रही है ।
खनिज अधिकारी श्री प्रकाश वर्मा ने बताया कि बुधवार को नयागाँव व छोड़गाँव के समीप नागेश उपाध्याय, नवीन बजाज, रामवरण गुर्जर व राकेश कुशवाह द्वारा संचालित चार क्रेशरों के विनिष्टीकरण की कार्रवाई की गई है । उन्होंने बताया कि इस अंचल में दो अन्य क्रेशर भी अवैध रूप से चलने की सूचना मिली थी । जिला प्रशासन की कार्रवाई से भयभीत होकर उन क्रेशर संचालकों ने स्वयं ही अपने क्रेशर हटा लिये हैं । आज जब कार्रवाई दल वहां पहुंचा तो वहां केवल मिट्टी के चिन्ह भर दिखाई दिये ।
बुधवार को अवैध क्रेशरों के खिलाफ हुई इस कार्रवाई को अनुविभागीय दंडाधिकारी श्री आदित्यसिंह तोमर, तहसीलदार श्री विनोद भार्गव, खनिज अधिकारी श्री प्रकाश वर्मा तथा राजस्व, खनिज व वन विभाग के अन्य संबंधित अधिकारियों ने अंजाम दिलाया । क्रेशर ध्वस्त करने की कार्रवाई में नगर निगम के मदाखलत अधिकारी श्री सतपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में निगम के मदाखलत दस्ते ने हिटैची मशीन आदि के माध्यम से सहयोग दिया । बुधवार को अवैध क्रेशर हटाने के लिए चलाई गई मुहिम के दौरान एस.डी.ओ.पी. घाटीगाँव श्री द्विवेदी तथा एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
ग्वालियर टाइम्स आपकी टिप्पणी का स्वागत करती है, टिप्पणी संयत एवं भद्र होना चाहिये अन्यथा आपकी टिप्पणी प्रकाशन से अवरूद्ध कर दी जायेगी व आपकी आई.डी ब्लाक कर दी जायेगी