गुरुवार, 7 मई 2009

लोकसभा निर्वाचन 2009 : मतगणना कर्मियों का प्रथम प्रशिक्षण सम्पन्न , द्वितीय प्रशिक्षण 14 मई को

लोकसभा निर्वाचन 2009 : मतगणना कर्मियों का प्रथम प्रशिक्षण सम्पन्न , द्वितीय प्रशिक्षण 14 मई को

ग्वालियर, 06 मई 09 / निर्वाचन प्रक्रिया में मतगणना एक विशेष महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए गणना संबंधी आयोग के सभी दिशा- निर्देशों को भली भाँति समझ लें और सावधानी पूर्वक गणना कार्य को अंजाम दें । ग्वालियर जिले में लोकसभा निर्वाचन कार्यक्रम के तहत डाले गये मतों की गणना के लिए नियुक्त किये गये मतगणना कर्मियों के प्रथम प्रशिक्षण में यह निर्देश दिये गये । यहाँ एल.एन यू.पी.ई के ओडीटोरियम में आयोजित हुए प्रशिक्षण में अपर जिला दण्डाधिकारी श्री आर.के.जैन, अपर कलेक्टर श्री विनोद शर्मा व श्री वेदप्रकाश एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शरद श्रोत्रिय सहित सभी विधान सभा क्षेत्रों के सहायक रिटर्निंग अधिकारी उपस्थित थे । मतगणना का द्वितीय प्रशिक्षण 14 मई को आयोजित होगा ।

ज्ञात हो जिले में लोकसभा निर्वाचन कार्यक्रम के तहत डाले गये मतों की गणना 16 मई को एल.एन यू.पी.ई में होगी। यहाँ  के मल्टीजिम हॉल में 14 ग्वालियर ग्रामीण, 15 ग्वालियर, 16 ग्वालियर पूर्व एवं 17 ग्वालियर दक्षिण के मतों की गिनती होगी। इस परिसर के योगा भवन में विधान सभा क्षेत्र 18 भितरवार एवं 19 डबरा (अ.जा.) के मतों की गिनती की जायेगी ।

       मतगणना कर्मियों के प्रथम प्रशिक्षण में मतदान मशीन में रिकॉर्ड किये गये मतों की गणना का तरीका, गणना से पूर्व नियंत्रण यूनिट (कण्ट्रोल यूनिट) पर सीलों का निरीक्षण, नियंत्रण यूनिट पर लगी सीलों और पहचान चिन्हों की जाँच, पेपर सील के क्रम संख्या का मिलान आदि के बारे में विस्तार से बताया गया । साथ ही मत पत्र लेखा से गणना के बाद मतों को मिलान करने की विधि बताई गई । प्रशिक्षण में मतदान कर्मियों से साफ तौर पर कहा गया कि मतगणना के समय अनुशासन बनाये रखकर और सुचारू ढंग से गतगणना कार्य करते रहें । प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा ई.व्ही.एम.के मतों की गिनती करने का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया ।

       मतगणना प्रभारी श्री विनोद शर्मा ने बताया कि मतों की गिनती के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में 14-14 टेबल लगाईं जायेंगी। हर टेबल पर गणना पर्यवेक्षक, गणना सहायक व एक अतिरिक्त गणना स्टाफ समेत कुल तीन अधिकारी तैनात रहेंगे। गणना पर्यवेक्षक व गणना सहायक मतों की गिनती करेंगे और अतिरिक्त गणना स्टाफ गिनती प्रक्रिया पर नजर रखेगा। मतगणना के लिए 12 रिजर्व दलों समेत कुल 96 दल प्रशिक्षित किये गये हैं। मतगणना में सबसे अधिक 16 राउण्ड ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में और सबसे कम           14 राउण्ड ग्वालियर दक्षिण और डबरा विधानसभा क्षेत्र में होंगे । जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में डाले गये मतों की गणना 86 राउण्ड में संपन्न होगी ।

 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

ग्वालियर टाइम्स आपकी टिप्पणी का स्वागत करती है, टिप्पणी संयत एवं भद्र होना चाहिये अन्यथा आपकी टिप्पणी प्रकाशन से अवरूद्ध कर दी जायेगी व आपकी आई.डी ब्लाक कर दी जायेगी