गुरुवार, 7 मई 2009

समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी की प्रगति बढ़ाई जाये - कलेक्टर

समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी की प्रगति बढ़ाई जाये - कलेक्टर

गेहूँ उपार्जन की समीक्षा बैठक संपन्न

ग्वालियर 6 मई 09 । समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन की प्रगति बढ़ाने के निर्देश आज यहां आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारियों को दिये । वे जिले में समर्थन मूल्य पर की गई गेहूँ खरीदी की समीक्षा कर रहे थे । बैठक में खाद्य विभाग, कृषि विभाग के अधिकारी,  उप पंजीयक सहकारिता , नागरिक आपूर्ति निगम, भारतीय खाद्य निगम, भंडार गृह निगम सहित खरीदी कार्य में लगी विभिन्न एजेन्सियों के अधिकारी भी उपस्थित थे ।

       कलेक्टर श्री त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिले में इस वर्ष गेहूँ की अच्छी पैदावार हुई है तथा गुणवत्ता भी बहुत अच्छी है । इसलिये गेहूँ उपार्जन में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं की जाये । इसमें अधिकारी पूरी रूचि लें एवं उपार्जन की प्रगति बढ़ायें। इसके लिये उन्होंने तौल कांटों की संख्या बढ़ाने व बारदाने की निरंतर आपूर्ति बनाये रखने के निर्देश दिये । श्री त्रिपाठी ने जिले में गेहूँ की खरीदी की कम प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की तथा अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि यदि खरीदी की प्रगति नहीं बढ़ी तो दोषी अधिकारियों के विरूध्द कठोर कार्रवाई की जायेगी । उन्होंने जिले में लगभग एक हजार मेट्रिक टन प्रतिदिन गेहूँ खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया है ।

       उन्होंने नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक को निर्देश दिये कि वे खरीदी केन्द्रों पर बारदानों की निरंतरता बनाये रखें तथा बारदाना की पर्याप्त संख्या में  खरीदी केन्द्रों पर उपलब्धता सुनिश्चित करें । उन्होंने खरीदी केन्द्रों पर तीन या चार दिन का बारदाना इकट्टा पहुंचाने के निर्देश दिये ताकि बारदाने के अभाव में खरीदी कार्य प्रभावित न हो । श्री त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो गेहूँ खरीदी जा चुका है उसका तत्काल भण्डारण किया जाये ताकि अचानक वर्षा होने की स्थिति में गेहूँ खराब नहीं होने पाये । इस अवसर पर उन्होंने उचित मूल्य दुकानों पर खाद्य सामग्री एवं केरोसिन आपूर्ति की भी विस्तार से समीक्षा की । उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा गेहूँ का समर्थन मूल्य 1130 रूपये प्रति क्विंटल घोषित किया गया है । गेहूँ खरीदी के लिये जिले में कुल 33 खरीदी केन्द्र बनाये गये हैं ।

 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

ग्वालियर टाइम्स आपकी टिप्पणी का स्वागत करती है, टिप्पणी संयत एवं भद्र होना चाहिये अन्यथा आपकी टिप्पणी प्रकाशन से अवरूद्ध कर दी जायेगी व आपकी आई.डी ब्लाक कर दी जायेगी