टेली गांव कार्यक्रम: कुंअरपुर में लगे शिविर में 43 मांगें व समस्यायें मौके पर निपटी
ग्वालियर 05 सितम्बर 09। टेलीगांव कार्यक्रम के तहत गत गुरूवार को ग्वालियर तहसील के ग्राम कुंअरपुर में समस्या निवारण शिविर लगाया गया। शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, शिक्षा, विद्युत, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, महिला बाल विकास व खाद्य आदि विभागों के खण्ड स्तरीय अधिकारियों ने मौजूद रहकर कुल 43 मांगों व समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया। ज्ञात हो टेलीगांव कार्यक्रम के तहत संभाग आयुक्त डॉ. कोमल सिंह, मंगलवार को संभाग के सभी जिलों के एक-एक गांव में दूरभाष से चर्चा कर गांव की समस्याओं की जानकारी लेते हैं। संभागायुक्त की जिन गांवों में बात होती है वहां अगले मंगलवार से पूर्व अधिकारियों की टीम पहुँचकर समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान करती है। इसी कड़ी में कुंअरपुर ग्राम में शिविर लगाया गया।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री आदित्य सिंह तोमर ने बताया कि टेलीगांव कार्यक्रम के तहत कुंअरपुर में लगे शिविर में जनपद पंचायत मुरार से संबंधित 26 मांग व समस्यायें निराकृत हुईं। इसी तरह राजस्व विभाग की 6, पी एच ई. की 8, शिक्षा की 2 एवं खाद्य विभाग से संबंधित एक समस्या निराकृत की गई। उन्होंने बताया कि शेष 8 समस्याओं व मांगों के निराकरण के लिये 15 दिवस की समय-सीमा तय की गई है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें