अंत्यवसायी समिति द्वारा विभिन्न योजनाओं में आवेदन आमंत्रित
ग्वालियर 4 सितम्बर 09। जिला अंत्यवसायी सहकारी विकास समिति द्वारा संचालित अंत्योदय मार्केट विकास योजना, बहिन निवेदिता स्व सहायता समूह योजना, सामाजिक न्याय एवं वसूली योजनान्तर्गत 15 सितम्बर तक आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये हैं। अंत्योदय मार्केट योजना में 6, बहिन निवेदिता स्व सहायता समूह योजना में 8 तथा सामाजिक न्याय एवं वसूली प्रोत्साहन योजना में 101 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिला अंत्यवसायी सहकारी विकास समिति के प्रभारी अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आवेदक अनुसूचित जाति वर्ग का सदस्य होकर ग्वालियर जिले के ग्रामीण या शहरी क्षेत्र का निवासी हो। उसकी आयु 18 वर्ष से कम एवं 45 वर्ष से अधिक नहीं होना चाहिये। आवेदक द्वारा पूर्व में किसी शासकीय योजना में ऋण नहीं लिया गया हो, अर्थात वह डिफाल्टर न हो। उसकी वार्षिक आय गरीबी रेखा से दुगनी हो एवं इससे अधिक न हो। सामाजिक न्याय एवं वसूली प्रोत्साहन योजना में जिन लोगों ने समय सीमा में ऋण जमा किया है उन्हें गोल्ड व सिल्वर कार्ड दिये जायेंगे। बहिन निवेदिता स्व सहायता समूह योजना में कम से कम 10 महिलाओं का एक समूह तैयार कर ऋण दिया जायेगा। इसी प्रकार अंत्योदय मार्केट विकास योजना में व्यक्तिगत वितरण किया जायेगा। विस्तृत जानकारी के लिये अंत्यवसायी सहकारी विकास समिति कलेक्ट्रेट गोरखी के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें