शिक्षक दिवस समारोह : जिले के एक शिक्षक सहित प्रदेश के ग्यारह शिक्षकों का राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान के लिये चयन
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक भी शिक्षक दिवस समारोह में होंगे सम्मानित
ग्वालियर 3 सितम्बर 09। मध्यप्रदेश के ग्यारह शिक्षकों का चयन इस साल के राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान-2009 के लिए हुआ है। इस सम्मान के लिये ग्वालियर व भिण्ड जिले के एक-एक शिक्षक का भी चयन हुआ है। इन सभी शिक्षकों को आगामी 5 सितम्बर को भोपाल में राज्यपाल, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री की उपस्थिति में आयोजित राज्यस्तरीय शिक्षक दिवस समारोह में सम्मानित किया जायेगा। राष्ट्रीय शिक्षक कल्याण प्रतिष्ठान, लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा प्रतिवर्ष शिक्षक दिवस पर राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य व गरिमामय आयोजन किया जाता है।
जिन शिक्षकों का चयन राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान के लिए हुआ है उनमें ग्वालियर जिले के शासकीय प्राथमिक विद्यालय, जतरथी के सहायक शिक्षक श्री आनंद कुमार अग्रवाल शामिल हैं। भिण्ड जिले से इस सम्मान के लिये शासकीय माध्यमिक विद्यालय, दबोह में पदस्थ शिक्षक श्री सुखदेव सिंह सेंगर चयनित किये गये हैं।
समारोह में वर्ष 2008 में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त तेरह शिक्षकों को भी सम्मानित किया जायेगा। इन शिक्षकों में ग्वालियर संभाग के दतिया जिले के उत्कृष्ट उ.मा.वि. दतिया के उ.श्रे. शिक्षक श्री भगवती प्रसाद लखेरे सम्मिलित हैं। शासन ने संबंधित समस्त जिला कलेक्टरों, संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को सम्मानित होने वाले शिक्षकों को भोपाल में शिक्षक दिवस पर होने वाले समारोह में उपस्थित होने हेतु अनुरोध करने को कहा है। इन शिक्षकों को 3 सितम्बर की रात्रि 8 बजे तक राजधानी पहुंचना होगा, जहां वे 4 सितम्बर को राज्य स्तरीय शैक्षिक संगोष्ठी में भी हिस्सा लेंगे। विभाग ने सम्मानित होने वाले शिक्षक तथा उनके साथ अधिकतम एक अतिरिक्त व्यक्ति के लिए आवास व भोजन की व्यवस्था की है। शिक्षकों को कार्यरत संस्था से समुचित यात्रा भत्ता आदि का अग्रिम भी उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिये गये हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
ग्वालियर टाइम्स आपकी टिप्पणी का स्वागत करती है, टिप्पणी संयत एवं भद्र होना चाहिये अन्यथा आपकी टिप्पणी प्रकाशन से अवरूद्ध कर दी जायेगी व आपकी आई.डी ब्लाक कर दी जायेगी