गदाईपुरा ऑंगनबाड़ी में अन्नप्राशन का आयोजन हुआ
ग्वालियर 14 अप्रैल 10। बाल विकास परियोजना शहरी क्रमांक -2 के अर्न्तत नगर के गदाई पुरा मोहल्ले में स्थित ऑंगनबाड़ी केन्द्र में बीते रोज सामूहिक अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अन्नप्राशन कार्यक्रम में इस ऑंगनबाड़ी केन्द्र से जुड़े छ: माह तक के करीबन दो दर्जन बच्चों का बजन लिया गया और स्थानीय पार्षद श्री देवेन्द्र राठौर ने इन बच्चों को खीर पूड़ी खिलाई। इस अवसर पर स्थानीय महिलाओं द्वारा मंगलगीत गाये गये।
ऑंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती विभारानी राजपूत ने सभी बच्चों की माताओं को उनके नौनिहालों को स्तनपान से होने वाले लाभ के बारे में बताया। साथ ही छ: माह की आयु के बाद बच्चों को दिये जाने वाले ऊपरी आहार तथा बच्चों के टीकाकरण एवं उन्हें स्वस्थ रखने संबंधी उपयोगी जानकारी भी माताओं को दी गई। अन्नप्राशन कार्यक्रम के अन्त में छ: माह तक के सभी बच्चों को एक-एक कटोरी व चम्मच प्रदान की गई।
उल्लेखनीय है कि माह के द्वितीय मंगलवार को ऑंगनबाड़ी केन्द्रों पर अन्नप्राशन का आयोजन किया जाता है। इस आयोजन का मकसद ऑंगनबाड़ी केन्द्रों पर बच्चों की उपस्थिति बढ़ाना व बच्चों में कुपोषण कम करना है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें