शुक्रवार, 2 मई 2008

सिख विरोधी दंगों के पीड़ित परिवारों को 12.48 लाख की राशि मंजूर

सिख विरोधी दंगों के पीड़ित परिवारों को 12.48 लाख की राशि मंजूर

ग्वालियर एक मई 08 । उच्च न्यायालय द्वारा पारित एक निर्णय के परिपालन में राज्य शासन द्वारा सिख विरोधी दंगों के पीड़ित परिवारों को दी गई अनुग्रह राशि पर ब्याज देने संबंधी आदेश जारी किये हैं । इस आदेश के तहत ग्वालियर जिले के प्रकरणों में 12 लाख 48 हजार रूपये की मंजूरी दी गई है । शासन आदेश के अनुसार प्रत्येक मृतक को करीबन एक लाख 56 हजार रूपये की सहायता मंजूर की गई है, जो पूर्व में दी गई अनुग्रह राशि के अलावा है ।

       जिला कलेक्टर श्री राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक स्वर्गीय श्री कमल सिंह पुत्र श्री हरभजन सिंह निवासी न्यू कॉलोनी नंबर एक, मकान नंबर-298 को एक लाख 56 हजार 100 रूपये की राशि स्वीकृत की गई है । इसी प्रकार मृतक स्वर्गीय सरमन सिंह निवासी लूटपुरा शर्मा फार्म रोड़ चार शहर का नाका हजीरा, स्वर्गीय रंजीत सिंह निवासी लूटपुरा चार शहर का नाका हजीरा, स्वर्गीय सरदार खजान सिंह निवासी कॉलोनी नंबर-1 एवं मृतक स्वर्गीय सुखदेव सिंह निवासी गुरूद्वारे के पास के आश्रितों को भी इतनी ही राशि मंजूर की गई है । जिला कलेक्टर ने स्वीकृत राशि का भुगतान एकाउण्ट पेयी चेक के माध्यम से मृतक के वास्तविक परिजनों/उत्तराधिकारियों को करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये हैं ।

 

38 हजार मैट्रिक टन गेहूं की खरीद

38 हजार मैट्रिक टन गेहूं की खरीद

श्योपर एक मई 08 । श्योपुर जिले में समर्थल मूल्य पर अभी तक 38 हजार मैट्रिक टन गेहूं की खरीदी की जा चुकी है । प्रभारी कलेक्टर श्री एस.के. सेवले ने बताया कि शासन की ओर से जिले को 37 हजार 500 मैट्रिक टन गेहूं की खरीदी का लक्ष्य प्रापत हुआ था । लक्ष्य के विरूध्द 38 हजार मैट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है ।

 

मुख्यमंत्री आज श्योपुर में सौ बिस्तरीय अस्पताल का लोकार्पण करेंगे

मुख्यमंत्री आज श्योपुर में सौ बिस्तरीय अस्पताल का लोकार्पण करेंगे 

श्योपुर एक मई 08 । मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 2 मई को श्योपुर आयेंगे। वे यहां दोपहर 12 बजे 4 करोड़ की लागत से निर्मित 100 बिस्तरीय अस्पताल भवन का लोकापर्ण करेंगे । इस अस्पताल में कुल 142 कमरें हैं । भवन का आधार तल 3 हजार 465 वर्गमीटर और प्रथम तल 3 हजार 103 वर्गमीटर है । अस्पताल परिसर का क्षेत्रफल 5 हजार 595 वर्गमीटर है । अस्पताल भवन में बाह्य रोगी कक्ष, प्रसूति गृह, ब्लड बैंक, नशामुक्ति केन्द्र, सिविल सर्जन सह अधीक्षक कार्यालय, सर्वसुविधायुक्त ऑपरेशन थियेटर, प्रयोगशाला, इंटरनेट के माध्यम से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिये इलाज हेतु कक्ष बनाये गये हैं ।

       मुख्यमंत्री श्री चौहान दोपहर 12.30 बजे मेला ग्राउण्ड पर अन्नपूर्णा योजना के अंतर्गत आयोजित उपभोक्ता जागरण समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करेंगे । साथ ही बी.पी.एल. हितग्राहियों को राशन के पैकेट्स वितरित करेंगे । उक्त दोनो कार्यक्रमों की अध्यक्षता क्षेत्रीय सांसद श्री अशोक अर्गल करेंगे तथा क्षेत्रीय विधायक श्री दुर्गालाल विजय कार्यक्रमों में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे । ज्ञातव्य है कि जिले में 29 हजार 222 बी.पी.एल. हितग्राही हैं ।