शुक्रवार, 27 नवंबर 2009

दो दिवसीय पशुपालन प्रशिक्षण कार्यक्रम 29 नवम्बर से

दो दिवसीय पशुपालन प्रशिक्षण कार्यक्रम 29 नवम्बर से

ग्वालियर 26 नवम्बर 09। जिले के ग्रामीण अंचल में पूर्व से चयनित स्वर्ण जयंती ग्राम स्वरोजगार योजना के स्वरोजगारियों को पशु पालन से जुड़ी बारीकियां बताने के लिये विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होंगे। योजना के तहत इन पशु पालकों को खासतौर पर दुधारू भैसें व बकरी आदि पशु मुहैया कराये जा रहे हैं।

      उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 नवम्बर को मेला ग्राउण्ड में आयोजित हो रहे प्रशिक्षण में नवजात पाड़ा-पाड़ी की देखभाल संबंधी बारीकियां बताई जायेंगी। इसी तरह दूध देने वाले पशुओं का संतुलित आहार, गर्भधारित पशु की देखभाल व अधिक गर्मी एवं सर्दी से पशुओं के बचाव के तौर तरीके बताये जायेंगे। प्रशिक्षण के दूसरे दिन पशुओं में होने वाले सामान्य रोग, उनके लक्षण एवं बचाव तथा पशुओं के टीकाकरण की जानकारी दी जायेगी।

 

ईद का त्यौहार शांति एवं भाईचारे के साथ मनाने की अपील, जिला शांति समिति की बैठक सम्पन्न

ईद का त्यौहार शांति एवं भाईचारे के साथ मनाने की अपील, जिला शांति समिति की बैठक सम्पन्न

ग्वालियर 26 नवम्बर 09। आज स्वास्थ्य प्रबंधन संस्थान में जिला शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिला शांति समिति ने ईद का त्यौहार  शांति एवं भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है।

      कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने बैठक में ईदुज्जुहा के अवसर पर तमाम आवश्यक इंतजाम करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये। विशेष नमाज के समय आयुक्त नगर निगम द्वारा ईदगाहों, मस्जिदों पर फायर ब्रिगेड एवं पानी की टंकियों की व्यवस्था की जायेगी। साथ ही शहर की समस्त ईदगाहों एवं मस्जिदों के बाहर विशेष सफाई व्यवस्था के भी निर्देश दिये गये हैं। मस्जिदों व ईदगाहों के पहुँच मार्गों पर मुरम सफेदा आदि डलवाने की कार्यवाही भी नगर निगम द्वारा कराई जायेगी। इसी के साथ आयुक्त नगर निगम द्वारा कर्मचारियों को हिदायत दी गई है कि ईदगाहों एवं  मस्जिदों के आसपास नमाज के समय आवारा जानवर न पहुँच पाये।

      कलेक्टर श्री त्रिपाठी ने सिविल सर्जन को निर्देश दिये हैं कि मुख्य-मुख्य ईदगाह एवं मस्जिदों पर एम्बूलेंस व डॉक्टर की टीम तैनात की जाये। उन्होंने विद्युत मण्डल के अधीक्षण यंत्री को ईद के त्यौहार पर शहर में विद्युत आपूर्ति का दायित्व सौंपा है। साथ ही यह भी कहा गया है कि विद्युत कटौती में छूट प्राप्त कर ली जाये।

      श्री त्रिपाठी ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिये हैं कि ईद के एक दिन पूर्व पानी की टंकिया भरवा ली जायें। जिससे यथासमय सुबह के समय पानी की आपूर्ति हो सके। बैठक में उप पुलिस अधीक्षक यातायात को जिम्मेदारी दी गई है कि मस्जिदों-ईदगाहों में नमाज के समय यातायात बाधित न हो।

      बैठक में बताया गया कि कंपू ईदगाह, मोती मस्जिद फूलबाग, शमशेरखां की मस्जिद, मस्जिद मोची ओली, हजरत जी की मस्जिद मोर बाजार, मस्जिद बापू खां की दहीमण्डी, पहाड़वाली मस्जिद अवाड़पुरा, शाही जामा मस्जिद ग्वालियर, मस्जिद टोटा की बजरिया 14 बटालियन, बहोड़ापुर ईदगाह, बारादरी मुरार, जीवाजीगंज ईदगाह मस्जिद पर बड़ी मात्रा में मुस्लिम बंधुओं द्वारा ईद-उल-जुहा की नमाज अदा की जायेगी। नमाज अदा करने का समय 28 नवम्बर को संभवत: प्रात: 9 से 10.30 बजे के मध्य का है।

      बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री ए.सांई मनोहर, नगर निगम आयुक्त श्री पवन शर्मा, अपर कलेक्टर श्री आर के. जैन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनोद शर्मा सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद थे।

 

नगरीय निकाय निर्वाचन 2009 : नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा आज

नगरीय निकाय निर्वाचन 2009 : नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा आज

ग्वालियर 26 नवम्बर 09। ग्वालियर नगर निगम सहित जिले के सभी नगरीय निकायों में प्राप्त हुए नाम-निर्देशन पत्रों की शुक्रवार 27 नवम्बर को संवीक्षा (जांच) की जायेगी। ग्वालियर नगर निगम के महापौर एवं सभी 60 वार्डों के पार्षदों के लिये प्राप्त हुए नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा कलेक्टर एवं रिटर्निंग अधिकारी श्री आकाश त्रिपाठी द्वारा कलेक्ट्रेट स्थित रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष में प्रात: 10.30 बजे से की जायेगी। इसी तरह जिले के अन्य नगरीय निकायों में प्राप्त हुए नाम-निर्देशन पत्रों की संवीक्षा संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा अपने-अपने यहां की जायेगी।

      उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शरद श्रोत्रिय ने बताया कि ग्वालियर नगर निगम के लिये प्राप्त हुए कुल नाम निर्देशन पत्रों में सबसे पहले महापौर पद के नाम-निर्देशन पत्रों की जांच की जायेगी। इसके बाद वार्डवार बढ़ते हुए क्रम में पार्षदों के लिये प्राप्त हुए नाम-निर्देशन पत्रों की संवीक्षा होगी।

कलेक्ट्रेट परिसर में जांच के दिन विशेष व्यवस्था

       नगर निगम के लिये प्राप्त हुए नाम-निर्देशन पत्रों की जांच की सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिये कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष व्यवस्था की गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शरद श्रोत्रिय एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री अमित सक्सेना ने बताया कि नाम-निर्देशन पत्रों की संवीक्षा में शिरकत करने हेतु पहुँचने वाले अभ्यर्थियों के बैठने के लिये त्रि-स्तरीय बैठक व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थी व उनके प्रस्तावक महाराज बाड़े की ओर स्थित प्रवेश द्वार से कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश कर सकेंगे। इनकी सुविधा के लिये कलेक्ट्रेट परिसर में लोहे के गेट से पहले पंडाल लगाई गई है। यहां से अभ्यर्थियों को संवीक्षा के लिये आगे की आरे रवाना किया जायेगा और इनके लिये कलेक्ट्रेट स्थित रेम्प के नीचे एक और पंडाल लगाया गया है।  इसके बाद रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष के बाहर अर्थात टीन शेड में भी अभ्यर्थियों व उनके प्रस्तावकों के लिये बैठने की व्यवस्था रहेगी। यहां से अभ्यर्थी अपनी बारी आने पर रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष में प्रवेश कर सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा के बाद अभ्यर्थी गोरखी स्कूल की ओर वाले गेट से कलेक्ट्रेट परिसर से बाहर जा सकेंगे।

पार्किंग व्यवस्था गोरखी स्कूल में

       नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा के लिये आने वाले अभ्यर्थी व उनके प्रस्तावक अपने वाहन गोरखी स्कूल (स्काउट कार्यालय परिसर) में खड़े कर सकेंगे। नगर पुलिस अधीक्षक श्री अमित सक्सेना ने बताया कि 27 नवम्बर को जीवाजी चौक पर वाहन पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।

किस-किसको मिलेगा प्रवेश

       नाम-निर्देशन पत्रों की संवीक्षा के दौरान रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष में अभ्यर्थियों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार प्रवेश दिया जायेगा। कलेक्टर एवं रिटर्निंग अधिकारी श्री आकाश त्रिपाठी ने बताया कि अभ्यर्थी अपने साथ प्रस्तावक अथवा किसी एक अन्य व्यक्ति को रख सकेंगे।

 

मतदान के लिये दो प्रकार की मतपेटियों का उपयोग होगा

मतदान के लिये दो प्रकार की मतपेटियों का उपयोग होगा

ग्वालियर 26 नवम्बर 09। म प्र. राज्य निर्वाचन आयोग भोपाल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार नगरीय निकाय के आम निर्वाचन सम्पन्न कराने के लिये ग्वालियर जिले में मतदान कराने के लिये दो प्रकार की मतपेटियों का उपयोग किया जायेगा।

      उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शरद श्रोत्रिय ने बताया कि नगर पालिक निगम ग्वालियर में गोदरेज टाइप की बड़ी मतपेटी तथा नगर पालिका परिषद डबरा सहित नगर पंचायत बिलौआ, आंतरी, पिछोर व भितरवार में एम पी. टाइप की बड़ी मतपेटी का उपयोग मतदान के लिये किया जायेगा।

 

नगरीय निकाय निर्वाचन 2009 : सामग्री वितरण एवं मतगणना के लिये स्थान निर्धारित

नगरीय निकाय निर्वाचन 2009 : सामग्री वितरण एवं मतगणना के लिये स्थान निर्धारित

ग्वालियर 26 नवम्बर 09। म प्र. राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार नगरीय निकायों के आम निर्वाचन सम्पन्न कराने के लिये मतदान दलों को सामग्री का वितरण एवं मतों की गणना कराने के लिये स्थलों एवं तिथियों का निर्धारण किया गया है। उल्लेखनीय है कि नगर पालिका निगम ग्वालियर एवं नगर पालिका परिषद डबरा में मतदान ग्याहर दिसम्बर को तथा नगर पंचायत बिलौआ, आंतरी, पिछोर एवं भितरवार में मतदान 14 दिसम्बर को प्रात: 8 बजे से अपरान्ह 5 बजे तक होगा। मतदान उपरांत शील्ड मतपेटियां एवं गोपनीय अभिलेख मतदान दलों द्वारा मतगणना स्थल पर जमा किये जायेंगे।

      उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शरद श्रोत्रिय से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर निगम ग्वालियर की सामग्री का वितरण शा. महारानी लक्ष्मीबाई महाविद्यालय ग्वालियर से एवं नगर पालिका डबरा की सामग्री का वितरण तहसील कार्यालय डबरा से 10 दिसम्बर को प्रात: सात बजे से किया जायेगा। इसी प्रकार नगर पंचायत बिलौआ की नगर पंचायत बिलौआ, आंतरी की नगर पंचायत आंतरी, भितरवार की नगर पंचायत भितरवार तथा पिछोर की सामग्री का वितरण नगर पंचायत पिछोर से 13 दिसम्बर को प्रात: सात बजे से किया जायेगा।

      इसी प्रकार नगर निगम ग्वालियर की मतगणना एम एल बी. कॉलेज ग्वालियर एवं नगर पालिका परिषद डबरा की मतगणना कम्यूनिटी हॉल ग्वालियर रोड डबरा में 15 दिसम्बर को प्रात: 9 बजे से की जायेगी। नगर पंचायत बिलौआ की मतगणना शा. जवाहर उ मा वि. बिलौआ में, आंतरी की बापू उ मा वि. आंतरी में, भितरवार की शा. उत्कृष्ट उ मा वि. का पीछे वाला बड़ा हॉल भितरवार में तथा नगर पंचायत पिछोर की मतगणना शा. बालक उ मा वि. पिछोर में 17 दिसम्बर को प्रात: 9 बजे से होगी।

 

अनुपस्थित कर्मचारी को अपने कर्तव्य पर उपस्थित होने के निर्देश

अनुपस्थित कर्मचारी को अपने कर्तव्य पर उपस्थित होने के निर्देश

ग्वालियर 26 नवम्बर 09। आयुक्त भू-अभिलेख एवं बन्दोबस्त कार्यालय के सहायक ग्रेड-3 श्री मुन्नालाल कुशवाह बिना पूर्व स्वीकृति के अपने कर्तव्य से 6 अक्टूबर 09 से लगातार अनुपस्थित है। उपायुक्त भू-अभिलेख द्वारा श्री मुन्नालाल कुशवाह को अपने कर्तव्य पर शीघ्र उपस्थित होने के लिये सूचित किया गया है।

 

 

तानसेन संगीत समारोह के संबंध में बैठक 30 नवम्बर को

तानसेन संगीत समारोह के संबंध में बैठक 30 नवम्बर को

ग्वालियर 26 नवम्बर 09। म प्र संस्कृति विभाग द्वारा संगीत सम्राट तानसेन की स्मृति में संगीत समारोह का आयोजन मोहम्मद गौस का मकबरा तानसेन समाधि स्थल पर प्रतिवर्ष किया जाता है। इस वर्ष यह आयोजन 4से 7 दिसम्बर तक किया जायेगा।

      समारोह की स्थानीय व्यवस्थाओं हेतु शासन द्वारा संभागायुक्त डॉ. कोमल सिंह की अध्यक्षता में स्थानीय समिति का गठन किया गया है। स्थानीय समिति की बैठक 30 नवम्बर को अपरान्ह 3 बजे तानसेन कला वीथिका पड़ाव में आयोजित की गई है।