मंगलवार, 28 फ़रवरी 2017

कलेक्टर के रीडर श्री राठौर सेवानिवृत्त कलेक्ट्रेट परिवार ने दी भावभीनी विदाई

कलेक्टर के रीडर श्री राठौर सेवानिवृत्त


कलेक्ट्रेट परिवार ने दी भावभीनी विदाई
 ग्वालियर | 28-फरवरी-2017  

शासकीय सेवा में अपनी अधिवार्षिकीय आयु पूर्ण करने के बाद मंगलवार को कलेक्टर के रीडर एवं सहायक वर्ग-2 श्री रमेश राठौर सेवानिवृत्त हुए। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल व अपर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान सहित कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने इस अवसर पर उन्हें भावभीनी विदाई दी। साथ ही उनके स्वस्थ, सुखी एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। श्री रमेश राठौर ने अपने 37 वर्षीय सेवाकाल में कलेक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं में सफलतापूर्वक काम किया।

ध्वनि एवं प्रकाश कार्यक्रम के समय में परिवर्तन

ध्वनि एवं प्रकाश कार्यक्रम के समय में परिवर्तन


-
ग्वालियर | 28-फरवरी-2017
 
    ग्वालियर दुर्ग पर मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा संचालित “ध्वनि एवं प्रकाश कार्यक्रम” के चालन समय में ग्रीष्म ऋतु के प्रारंभ होने के कारण एक मार्च 2017 से आगामी आदेश तक समय में परिवर्तन किया गया है।
    आदेश के अनुसार अब हिंदी का प्रोग्राम सायंकाल 7.30 बजे से 8.15 बजे तक और अंग्रेजी का प्रोग्राम रात्रि 8.30 बजे से 9.15 बजे तक संचालित होगा।

बजट खर्च न करने वाले अधिकारियों की होगी डीई – कलेक्टर अंतरविभागीय समन्वय बैठक में दिए निर्देश

बजट खर्च न करने वाले अधिकारियों की होगी डीई – कलेक्टर

अंतरविभागीय समन्वय बैठक में दिए निर्देश
ग्वालियर | 28-फरवरी-2017
 बजट खर्च न करने वाले विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जाँच स्थापित की जायेगी। साथ ही उन अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी, जिन्होंने शासन द्वारा जिले के लिये निर्धारित बजट प्राप्त करने के लिये प्रयास नहीं किए। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने अंतरविभागीय समन्वय बैठक में विभागीय अधिकारियों को दिए।
   मंगलवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में डॉ. गोयल ने विभागवार प्राप्त बजट और उसके व्यय की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी 24 मार्च से पहले शत प्रतिशत बजट का उपयोग सुनिश्चित कर लें। कलेक्टर ने कहा 24 मार्च के बाद खर्च की अनुमति नहीं दी जायेगी। डॉ. गोयल ने यह भी कहा कि बजट का उपयोग शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्ता के साथ किया जाए।
   सीएम हैल्पलाईन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्पष्‍ट किया कि जिन विभागों के कार्यालय प्रमुखों की लापरवाही की वजह से सीएम हैल्पलाईन के प्रकरण एल-1 स्तर पर निराकृत नहीं हो रहे हैं, उनके खिलाफ विभाग प्रमुख और प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जायेगी। डॉ. गोयल ने निर्देश दिए कि सभी विभागों के कार्यालय प्रमुख सीएम हैल्पलाईन की प्रतिदिन की मॉनीटरिंग के लिये अपने कार्यालय में जिम्मेदार शासकीय सेवक को नोडल अधिकारी नियुक्त करें।
   कलेक्टर ने गेहूँ उपार्जन के लिये पंजीकृत शतप्रतिशत किसानों का सत्यापन कराने पर भी विशेष बल दिया। साथ ही कहा कि यदि शतप्रतिशत किसानों के खाते लिंकेज नहीं हुए तो जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सीईओ के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को हिदायत दी कि जिले के सभी स्कूलों के शिक्षकों को स्वच्छता एप डाउनलोड कराएँ। साथ ही एप के माध्यम से साफ-सफाई संबंधी जानकारी साझा भी करें।
   बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह, एडीएम श्री शिवराज वर्मा व अनुविभागीय दण्डाधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

परीक्षा में बाधा डालने वालों को तत्काल करें गिरफ्तार – डॉ. गोयल

परीक्षा में बाधा डालने वालों को तत्काल करें गिरफ्तार – डॉ. गोयल


पुख्ता सुरक्षा व्यवस्थाओं के बीच आज से शुरू होंगी एमपी बोर्ड की परीक्षायें
ग्वालियर | 28-फरवरी-2017
 
    नकल रोकने के पुख्ता इंतजामों के साथ मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मण्डल की परीक्षायें ग्वालियर जिले में भी एक मार्च से शुरू होंगी। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने इन परीक्षाओं को पूर्णत: नकल रहित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिये मंगलवार को पुन: सभी एसडीएम एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा में बाधा डालने वालों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई करें।
   मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मण्डल की बोर्ड परीक्षायें एक मार्च से शुरू हो रही हैं। एक मार्च को हायर सेकेण्ड्री परीक्षा के तहत विशिष्ट भाषा हिंदी का पेपर होगा। हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षायें 2 मार्च से शुरू होंगी। जिले में हायर सेकेण्ड्री बोर्ड में 22 हजार 418 परीक्षार्थी हैं। इनमें 19 हजार 548 नियमित व 2 हजार 870 स्वाध्यायी विद्यार्थी शामिल हैं। इसी प्रकार हाईस्कूल बोर्ड में 31 हजार 360 परीक्षार्थी हैं। इनमें 27 हजार 628 नियमित व 3 हजार 732 स्वाध्यायी परीक्षार्थी हैं।
    यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में डॉ. गोयल ने कहा कि जिले में बने सभी परीक्षा केन्द्रों के आस-पास 200 मीटर के दायरे में धारा-144 लागू करने के आदेश जारी किए गए हैं। इस दायरे में कोई भी अवांछनीय तत्व पाए जाने पर गिरफ्तारी की कार्रवाई करें। उन्होंने साफ किया कि परीक्षा कार्य में बाधा डालना एक संज्ञेय अपराध है। कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा केन्द्र परिसर में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्णत: प्रतिबंध है, भले ही कोई व्यक्ति संबंधित संस्था का मुलाजिम ही क्यों न हो। उन्होंने कहा कि परीक्षा ड्यूटी में लगे स्टाफ के भी मोबाइल फोन एक अलमारी में विधिवत रूप से सील कर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
    अपर कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान ने पावर प्वॉइंट प्रजेण्टेशन के जरिए बोर्ड परीक्षाओं के लिये तैनात किए गए सभी अधिकारियों को परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा परीक्षा केन्द्र के आस-पास की वीडियोग्राफी कराने की व्यवस्था भी की गई है। श्रीमती रूचिका चौहान ने बताया कि 94 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, इनमें से 55 केन्द्र अति संवेदनशील व 9 केन्द्र संवेदनशील हैं।
    बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह, जिले के सभी एसडीएम व संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
एक सामन उत्तर पाए जाने पर बनेंगा सामूहिक नकल का प्रकरण
    कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने सभी एसडीएम एवं उड़नदस्ता दलों को निर्देश दिए कि परीक्षा समाप्ति के बाद सभी केन्द्रों में रेण्डम रूप से कॉपियों का मिलान कर यह देखें कि सभी परीक्षार्थियों ने एक समान उत्तर तो नहीं लिखे हैं। ऐसा पाए जाने पर पंचनामा सहित सामूहिक नकल का प्रकरण बनाकर बोर्ड को भेजें। डॉ. गोयल ने कहा ऐसे केन्द्र के केन्द्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक और परीक्षार्थियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

संभाग में भू-अर्जन के 657 प्रकरणों में 255 करोड़ रूपए से अधिक का अवार्ड पारित

संभाग में भू-अर्जन के 657 प्रकरणों में 255 करोड़ रूपए से अधिक का अवार्ड पारित


-
ग्वालियर | 28-फरवरी-2017
 
   ग्वालियर संभाग में भू-अर्जन के 657 प्रकरणों में अवार्ड पारित कर 255 करोड़ 87 लाख रूपए से अधिक की राशि का अवार्ड पारित करके मुआवजा राशि का वितरण कार्य चालू है। अभी तक 231 करोड़ 71 लाख 6 हजार रूपए की मुआवजा राशि वितरित हो चुकी हैं।  24 करोड़ 16 लाख रूपए की राशि का वितरण होना और शेष है।
   ग्वालियर संभाग के कमिश्नर श्री शिवनारायण रूपला ने एक जानकारी में बताया कि ग्वालियर संभाग में चालू राजस्व वर्ष में 680 भू-अर्जन के प्रकरण निराकरण के लिये थे। इनमें से 657 प्रकरणों में 255 करोड़ 87 लाख रूपए से अधिक का अवार्ड पारित किया गया है। इसमें से 231 करोड़ 71 लाख रूपए की राशि वितरित कर दी गई है।  24 करोड़ 16 लाख रूपए की राशि वितरण के लिये है, जिसका वितरण कार्य जारी है।
   ग्वालियर में सर्वाधिक 294 भू-अर्जन प्रकरणों में 78 करोड़ 3 लाख रूपए का अवार्ड पारित कर 73 करोड़ 22 लाख रूपए की मुआवजा राशि वितरित की गई है। इसी प्रकार शिवपुरी जिले में 240 प्रकरणों में 116 करोड़ 3 लाख रूपए का अवार्ड पारित करके 113 करोड़ 55 लाख रूपए की राशि वितरित की गई है। गुना जिले में 67 प्रकरणों में 56 करोड़ 20 लाख रूपए का अवार्ड पारित करके 44 करोड़ 70 लाख रूपए वितरित किए गए हैं। दतिया जिले में 2 प्रकरणों में 2 करोड़ 27 लाख रूपए का अवार्ड पारित करके 24 लाख रूपए वितरित किए गए हैं। अशोकनगर जिले में 54 प्रकरणों में 3 करोड़ 33 लाख रूपए की अवार्ड राशि पारित की गई है।

पार्षद श्रीमती मंजू राजपूत ने आनंद मंत्रालय को भेंट किये वाटर कूलर

पार्षद श्रीमती मंजू राजपूत ने आनंद मंत्रालय को भेंट किये वाटर कूलर 
 लोगों को नि:शुल्क दवा उपलब्ध कराने हेतु दो मेडीकल स्टोर अधिकृत


ग्वालियर | 28-फरवरी-2017
  प्रदेश सरकार द्वारा गठित आनंद मंत्रालय के तहत ग्वालियर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आनंद मंत्रालय से ग्वालियर में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी रूचि दिखाकर इससे जुड़े हैं। आनंदम परिकल्पना के तहत ग्वालियर नगर निगम के वार्ड क्रं.-03 की पार्षद श्रीमती मंजू राजपूत ने एक वाटर कूलर आनंद विभाग को सौंपा है।
    पार्षद द्वारा प्रदत्त वाटर कूलर कलेक्ट्रेट में स्थित आनंद विभाग में लगाया गया है। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, आनंद विभाग के नोडल अधिकारी श्री शिवराज वर्मा तथा पार्षद श्रीमती मंजू राजपूत की उपस्थित में लोगों को समर्पित किया गया।
    आनंद मंत्रालय के नोडल अफसर श्री शिवराज वर्मा ने बताया कि शहर के दो आनंदक श्री रवि दत्त शर्मा एवं श्री राजन तोमर ने अपने जय गुरूदेव मेडीकल स्टोर, माधव डिस्पेंसरी के सामने एवं निहाल मेडीकल स्टोर, आलियाई हॉस्पिटल रोड़, अलंकार होटल के सामने, आनंदम मेडीकल स्टोर स्थापित करने की पेशकश की है। इन मेडीकल स्टोरों पर आमजन अपनी अनुपयोगी दवायें जमा करा सकते हैं। इन मेडीकल स्टोरों से जरूरतमंदों को एडीएम एवं नोडल अधिकारी श्री शिवराज वर्मा अनुशंसित पर्ची पर नि:शुल्क दवायें वितरित की जायेंगी।
   उन्होंने बताया कि दवायें प्रदान करने हेतु जय गुरूदेव मेडीकल स्टोर हेतु मोबाइल नं.-98262-45832 तथा निहाल मेडीकल स्टोर हेतु मोबाइल नं.-97528-69362 एवं 88891-55518 पर कोई भी व्यक्ति संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकता है तथा अपनी अनुपयोगी दवायें जमा करा सकता है।

उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया आज ग्वालियर आयेंगे

उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया आज ग्वालियर आयेंगे


-
ग्वालियर | 28-फरवरी-2017
 
   उच्च शिक्षा, लोक सेवा प्रबंधन एवं जन शिकायत निवारण मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया एक मार्च को शताब्दी एक्सप्रेस से भोपाल से ग्वालियर आयेंगे। श्री पवैया एक एवं दो मार्च को ग्वालियर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद रात्रि में भोपाल एक्सप्रेस द्वारा भोपाल के लिये प्रस्थान करेंगे।