स्वयंसेवी संस्थाएं नया मध्यप्रदेश बनाने में सहयोग करें
स्वयंसेवी संगठनों के लिये राज्य की नीति बनेगी, मुख्यमंत्री श्री चौहान की अध्यक्षता में जन अभियान परिषद केशासी निकाय की बैठक
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जनअभियान परिषद द्वारा प्रत्येक विकास खण्ड में चयनित स्वयंसेवी प्रस्फुटन समूहों से स्वर्णिम मध्यप्रदेश के निर्माण के लिये समाज को तैयार करने के काम में सहयोग देने का आव्हान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयंसेवी संस्थाएं नये मध्यप्रदेश गढ़ने के काम में बिजली बचाने, वृक्ष लगाने, स्वच्छता लाने, पानी बचाने और व्यसन मुक्ति जैसी मुहिमों के लिये जन जागृति पैदा कर बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जन अभियान परिषद इस काम के लिये स्वयंसेवी संस्थाओं को तैयार करें। श्री चौहान आज दोपहर मंत्रालय में जन अभियान परिषद के शासी निकाय की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में वित्त मंत्री श्री राघवजी, स्वास्थ्य मंत्री श्री अनूप मिश्रा, शिक्षा मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनीस, सांसद श्री अनिल दवे, मुख्य सचिव श्री राकेश साहनी और शासी निकाय के सदस्यों ने भाग लिया।
स्वयंसेवी संगठनों के लिये नीति बनेगी
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बैठक में नये मध्यप्रदेश के निर्माण में स्वयंसेवी संगठनों की भूमिका और स्वयंसेवी संगठनों के लिये प्रदेश की नीति बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस नीति के प्रारूप के निर्माण और प्रारूप पर विचार के लिये एक समिति गठित की जायेगी।
बैठक में प्रदेश के सभी 313 विकास खण्डों में दस-दस स्वयंसेवी समूहों का चयन कर समग्र ग्राम विकास योजना के क्रियान्वयन की योजना को स्वीकृति दी गयी। प्रस्फुटन नाम के ये समूह गांवों के सक्रिय, जागरूक और क्षमतावान व्यक्तियों के द्वारा स्वैच्छिक एवं सामूहिक आधार पर श्रमदान और स्वयं के स्त्रोतों से ग्राम विकास में भागीदारी करेंगे। बैठक में इन समूहों को सशक्त बनाने के लिये पंजीयन के बाद प्रति समूह पांच हजार और छह माह बाद पांच हजार की राशि एक बार देने के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया।
बैठक में जानकारी दी गयी कि परिषद ने अब तक पांच हजार से ज्यादा स्वयंसेवी संस्थाओं से संपर्क कर उनमें से 4942 का परिषद में पंजीयन कर लिया है। आगामी तीन माह में शेष संस्थाओं को भी पंजीबद्ध करने के साथ ही अगले छह माह में उनके मूल्यांकन और श्रेणीकरण का कार्य भी पूरा कर लिया जायेगा।
बैठक में परिषद के लिये पंचवर्षीय बजट तैयार करने के प्रस्ताव को भी अनुमोदित किया गया। इसी तरह पिछली बैठक के कार्यवाही विवरण और पालन प्रतिवेदन को भी बैठक में अनुमोदित किया गया। बैठक में शासी निकाय सदस्य श्री योगेश ताम्रकार और श्री राघवेन्द्र गौतम ने भी अपने सुझाव रखे।
वेबसाईट का लोकार्पण
बैठक में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने परिषद की वेवसाईट www.mpjap.org का भी लोकार्पण किया। इस बेवसाईट पर परिषद की गतिविधियों के साथ ही प्रदेश में कार्यरत स्वयंसेवी संस्थाओं की जानकारी उपलब्ध करवायी गयी है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
ग्वालियर टाइम्स आपकी टिप्पणी का स्वागत करती है, टिप्पणी संयत एवं भद्र होना चाहिये अन्यथा आपकी टिप्पणी प्रकाशन से अवरूद्ध कर दी जायेगी व आपकी आई.डी ब्लाक कर दी जायेगी