मतदाता सूची तैयार करने में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए-राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री सिंह (नगरीय निकायों और पंचायतों के आम चुनाव)
राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री ए.व्ही.सिंह ने नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2009-10 के लिये सही और वास्तविक मतदाता सूची तैयार करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों एवं पंचायतों के अंतिम रूप से अधिसूचित परिसीमन के आधार पर मतदाता सूचियां तैयार की जाएं। मतदाता सूची तैयार करने में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए। श्री सिंह आज उप जिला निर्वाचन अधिकारियों की बैठक में अब तक की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में चुनाव पर्यवेक्षक भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी द्वय श्री मोती सिंह और श्री एल.एस.बघेल ने भी अधिकारियों को मार्गदर्शन दिया।
निर्वाचन आयुक्त श्री सिंह ने कहा कि मतदाता सूची तैयार करते समय महत्वपूर्ण व्यक्तियों के नाम एक बार जरूर देख लें । कतिपय कारणों से कभी-कभी महत्वपूर्ण व्यक्तियों अथवा उनके परिजनों के नाम विलोपित हो जाते हैं और आयोग को शिकायतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कई बार मतदाता सूची की पांडुलिपि सही होती है लेकिन मुद्रण के बाद उसमें त्रुटि होती है। इसका सावधानी से परीक्षण करें । राज्य निर्वाचन आयुक्त ने पंचायत चुनावों में पंचायत कर्मियों की ड्यूटी नहीं लगाने के भी निर्देश दियें। बैठक में नगरीय निकायों की मतदाता सूची के कार्य में पूर्ण पारदर्शिता के लिये आयोग द्वारा मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों की ओर से मतदाता सूची एजेंट नियुक्त किये जाने के निर्णय से अवगत कराया गया।
बैठक में सचिव श्री अनुपम राजन ने उप जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिये कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही कार्य संपन्न हों। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अधिकारियों को कोई कठिनाई उपस्थित हो तो वे उनसे दूरभाष अथवा मोबाइल फोन पर चर्चा कर सकते हैं। आयोग द्वारा उनकी समस्याओं का निराकरण तुरंत किया जायेगा ।
चुनाव पर्यवेक्षक श्री मोती सिंह ने नगरीय निकायों और पंचायतों के आम चुनाव के संबंध में आयोग के निर्देशों के अनुपालन में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता का नाम दो जगह नहीं होना चाहिये। पर्यवेक्षक श्री एल.एस.बघेल ने अधिकारियों से कहा कि किसी मतदाता का नाम सूची में जोड़ते समय कारणों को पुष्टि कर लें। उन्होंने कहा कि पंचायतों के आम निर्वाचन के लिये प्राधिकृत व्यक्तियों को छोटे-छोटे समूहों में प्रशिक्षण दिया जाये।
बैठक में उप सचिव श्रीमती रजनी उइके, अवर सचिव श्रीमती मल्लिका निगम नागर, अवर सचिव श्री विमल जैन एवं अनुभाग अधिकारी श्री प्रदीप शुक्ला उपस्थित रहे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारियों की आज दो चरणों में सम्पन्न बैठक में पूर्वाह्न में श्योपुर, भिंड, शिवपुरी, दतिया, गुना, अशोक नगर, इंदौर, झाबुआ, अलिराजपुर, शहडोल तथा अनूपपुर के उप जिला निर्वाचन अधिकारी उपस्थित रहे। अपरान्ह की बैठक में बड़वानी, बुरहानपुर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिदंवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, उमरिया, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली के उप जिला निर्वाचन अधिकारी शामिल हुये।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
ग्वालियर टाइम्स आपकी टिप्पणी का स्वागत करती है, टिप्पणी संयत एवं भद्र होना चाहिये अन्यथा आपकी टिप्पणी प्रकाशन से अवरूद्ध कर दी जायेगी व आपकी आई.डी ब्लाक कर दी जायेगी