रविवार, 1 जून 2008

निरीक्षण में 14 सफाई कर्मचारी अनुपस्थित, एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिये

निरीक्षण में 14 सफाई कर्मचारी अनुपस्थित, एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिये

ग्वालियर दिनांक 30 मई 2008: स्वास्थ्य एंव कचरा प्रबंधन प्रभारी डॉ अतिबल सिंह द्वारा 6, 7, 8 एवं 9 का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न क्षेत्रीय कार्यालयों पर 14 सफाई कर्मचारी अनुपस्थित पाये गये । कचरा प्रबंधन प्रभारी द्वारा क्षेत्राधिकारियों को अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिवस का वेतन काटा जाने के निर्देश दिये गये।

       सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वो अपने-अपने क्षेत्रों का सघन भ्रमण करें तथा सफाई स्टॉफ पर नियंत्रण के साथ-साथ क्षेत्र की सफाई व्यवस्था में भी सुधार लावें। जहां-जहां गंदे स्थान अथवा गंदगी हो उन स्थानों पर प्रतिदिन दलेल लगाकर सफाई करवाने के आदेश भी दिये गये।

 

विभिन्न स्थानों से अस्थाई अतिक्रमण हटाये गये

विभिन्न स्थानों से अस्थाई अतिक्रमण हटाये गये

ग्वालियर दिनांक 31 मई 2008- मदाखलत दस्ते द्वारा आनंद नगर, बहोड़ापुर में लज्जाराम, शीलनगर में राकेश माने, आनंद नगर ए-ब्लॉक, जयेन्द्रगंज, राममंदिर, फालका बाजार, फूलबाग, शब्द प्रताप आश्रम रोड़ पर बृजराज सिंह तोमर का अवैध निर्माण में बिना स्वीकृति निर्माण किया जा रहा था जिसे रूकवाया गया। लक्ष्मीगंज शमशान में अज्ञात व्यक्ति का निर्माण कार्य को बंद कराया गया।

       लश्कर क्षेत्र में आवारा मवेशी पकड़वाकर खिड़क झांसी रोड़ में दाखिल करायी गई। आनंद नगर, बहोड़ापुर, अध्यात्य निकेतन रोड, कोटेश्वर रोड, शिन्दे की छावनी, एम.एल.बी. रोड, फूलबाग आदि क्षेत्रों से अस्थायी अतिक्रमण हटावाये गये। सड़क किनारे लगे ठेले वालों को हॉकर्स जोन में व्यवस्थित कराया गया।

कार्यवाही के दौरान मदाखलत अधिकारी सत्यपाल सिंह चौहान, दिग्विजय सिंह जादौन, सहायक निरीक्षक सुरेश शर्मा, राधेश्याम शर्मा, अजय सक्सैना, दरोगा श्याम शर्मा समस्त मदाखलत स्टाफ के साथ उपस्थित रहे ।

 

कम्पू क्षेत्र में पेयजल की समस्या दूर हुई

कम्पू क्षेत्र में पेयजल की समस्या दूर हुई

ग्वालियर दिनांक 31 मई 2008: सहायक आयुक्त, उपनगरीय कार्यालय, लश्कर पूर्व द्वारा दी गई जानकारी में बताया गया है कि कम्पू स्थित कूदालकर की गोठ में कुछ घरों में पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा था वहां के निवासीगणों में आपसी विवाद होने के कारण पानी की सप्लाई बंद कर रखी थी जिसके कारण उपायुक्त देवेन्द्र सिंह चौहान, जगदीश शर्मा सहा. आयुक्त, पी.एच.ई. के ए.ई. श्रीवास्तव व पुलिस फोर्स की निशानदेही में दो सौ फुट की बोरिंग की लाईन नवीन कार्य प्रांरभ कराया था। चूंकि विवाद होने के कारण कठिनाईयों का सामना करना पड़ा। पुलिस फोर्स की सहायता की मदद से यह कार्य सम्पन्न कराया गया ताकि वहां के निवासीगणों को बोरिंग सप्लाई का पानी उपलब्ध हो सका।

 

माधवनगर पार्क की बाउण्ड्रीबाल का भूमि पूजन सम्पन्न

माधवनगर पार्क की बाउण्ड्रीबाल का भूमि पूजन सम्पन्न

ग्वालियर दिनांक 31 मई 2008: अधीक्षणयंत्री चतुर सिंह यादव द्वारा दी गई जानकारी में बताया गया है कि माधवनगर पार्क की बाउण्ड्रीबाल जिसकी लागत 5 लाख रू. है, का भूमि पूजन महापौर विवेक नारायण शेजवलकर द्वारा किया गया । इस अवसर पर माधव नगर विकास समिति के अध्यक्ष एवं नागरिक भी उपस्थित थे । वहां के नागरिकों द्वारा महापौर से कुछ मांगे की गई । वर्तमान में तार फेसिंग लगी है उसको निकालकर कॉलोनी में प्रस्तावित ग्रीन बेल्ट में उपयोग में किया जावे जो महापौर द्वारा स्वीकार की गई।

       महापौर ने पार्क की बाउण्ड्रीबॉल का कार्य पूर्ण होने के पश्चात पार्क में घूमने के लिये इंटरलोकिंग टाईल्स लगाने के निर्देश अधीक्षणयंत्री श्री यादव को दिये । महापौर ने नागरिकों से अपने-अपने वॉटर हार्वेस्टिंग करने की अपील की तथा इसमें आवश्यक तकनीकी सहायता नगर निगम से प्रदान करने का आश्वासन दिया। साथ ही पार्क का विकास जनभागीदारी के तहत करने का सुझाव नागरिकों को दिया।

 

वार्ड क्र. 39 के पार्षद ने महापौर व निगमायुक्त को पेयजल मिलने पर धन्यवाद दिया

वार्ड क्र. 39 के पार्षद ने महापौर व निगमायुक्त को पेयजल मिलने पर धन्यवाद दिया

ग्वालियर दिनांक 31 मई 2008: वार्ड क्र. 39 के पार्षद हजारी सिंह बघेल द्वारा आज मुड़िया पहाड़ क्षेत्र में पानी पहुंचाने के लिये महापौर विवेक नारायण शेजवलकर को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि महापौर शेजवलकर तथा निगमायुक्त डॉ. पवन शर्मा के प्रयासों से आज 6-7 साल बाद मुडिया पहाड़ की टंकी भरने से उनके क्षेत्र में ऐसे प्रत्येक घर में जहां पानी की लाईन मौजूद हैं आज पानी पहुंचा ।

       उन्होंने इस भागीरथी प्रयास के लिये प्रोजेक्ट उदय के इंजीनियर के.के. श्रीवास्तव, आर.के. शुक्ला, पी.एच.ई. विभाग के कार्यपालनयंत्री एस.एल. बाथम, डी.के. गुप्ता, जुगल खरे इत्यादि को नागरिकों को तिघरा का पेयजल उपलब्ध कराने के लिये बधाई दी है। उन्होंने बताया कि आज क्षेत्र में 18 फुट टंकी भरने के बाद लगातार दो घण्टे तक पानी की सप्लाई हुई। परिणामस्वरूप देवनगर, बजरग नगर, मुडिया पहाड़ गली न.1 से 4 तक नागरिकों को भरपूर पेयजल उपलब्ध कराया जा सके ।

 

महापौर ने प्रोजेक्ट उदय के कर्मचारियों को धन्यवाद दिया

महापौर ने प्रोजेक्ट उदय के कर्मचारियों को धन्यवाद दिया

ग्वालियर दिनांक 31 मई 2008: प्रोजेक्ट उदय के कार्य में आई तेजी के परिणामस्वरूप मोतीझील संयंत्र के नवीनीकरण होने से आज मुड़िया पहाड़ जैसे दुर्गम इलाके में नगर निगम के पी.एच.ई. विभाग द्वारा नागरिकों को तिघरा का पेयजल उपलब्ध कराने के लिये महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने नगर निगम तथा पी.एच.ई. के अमले को बधाई दी । उन्होंने कहा कि पांच वर्ष पूर्व इस टंकी के निर्माण के बाद से लगातार इस बात के प्रयास किये जा रहे थे कि इस टंकी को किस प्रकार भरा जाये ताकि मुड़िया पहाड़ क्षेत्र में व्याप्त पेयजल समस्या का निदान किया जा सके। तिघरा से अत्यंत दूर होने तथा मोतीझील जल शोधन संयंत्र की क्षमता कमजोर होने के कारण इस टंकी को भर पाना संभव नहीं हो पा रहा था। दिसम्बर 2007 में सभी क्षेत्रों की पेयजल सप्लाई को रोक कर इस मुड़िया पहाड़ टंकी पर पानी चढ़ाकर इसकी टेस्टिंग की गई थी किन्तु तब से आज तक अल्पवृष्टि और लाईन लॉसेस जल वितरण नलिकाओं में लीकेज इत्यादि के कारण पानी का इतना अधिक दबाव नहीं बन पाता था कि इस टंकी को भरा जा सके ।

       प्रोजेक्ट उदय के अंतर्गत भागीरथी प्रयास कर नगर निगम के ए.डी.बी. के तकनीकीशियनों ने मोतीझील संयंत्र का आधुनिकीकरण किया तथा इस टंकी पर पानी भरने वाली लाईनों की मरम्मत इत्यादि कर इस क्षेत्र में पानी सप्लाई किये जाने का 4 वर्ष का सपना पूर्ण किया। इसी का परिणाम है कि आज हम मुडिया पहाड़ से जैसे दुर्गम इलाके में पानी पहुंचाने में सफल हो पाये हैं । उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट उदय के पूर्ण होने के बाद हम सम्पूर्ण शहर को आगामी 50 साल के लिये पेयजल संकट से मुक्ति दिलाने में सफल होंगे।

       महापौर विवेक नारायण शेजवलकर द्वारा नगर निगम आयुक्त डॉ. पवन शर्मा तथा उनकी प्रोजेक्ट उदय की टीम को इस भागीरथी प्रयास के लिये बधाई दी है।

 

मुड़िया पहाड़ की रामप्यारी आज वर्षों बाद टंकी का पानी देख प्रसन्न हुई

मुड़िया पहाड़ की रामप्यारी आज वर्षों बाद टंकी का पानी देख प्रसन्न हुई

ग्वालियर दिनांक 31 मई 2008: मुड़िया पहाड़ के देवनगर में रहने वाली श्रीमती रामप्यारी बाई उस समय आज अत्यंत हर्षित हुई जब सुबह लम्बी प्रतीक्षा के बाद उनके नलों में 5.30 बजे पानी आया। श्रीमती रामप्यारी ने बताया कि वे सुबह उठकर नगर निगम के टैंकर की प्रतीक्षा किया करती थी पिछले 5 वर्ष से उनके परिवार के लोग मुडिया पहाड़ इस विशाल खाली टंकी के भरने के इंतजार में थे लेकिन नगर निगम के अधिकारियों द्वारा कई बार प्रयास किये जाने के बाद भी इस टंकी में पानी की एक बूंद नहीं आई । कल इस टंकी पर दिन भर नगर निगम के कर्मचारियों द्वारा पानी भरने की हलचल होने से रामप्यारी और उसके पड़ोसी नागरिक कोतूहलवश इस टंकी में पानी भरे जाने की प्रक्रिया को देखते रहे और सुखद इंतजार के बाद आज सुबह श्रीमती रामप्यारी प्यारी के साथ रूकमणी बाई, सावित्री देवी तथा आसपास के परिवारों के नागरिकों ने 18 फीट तक भरी इस टंकी के पानी का भागीरथी गंगा की तरह स्वागत किया।

लगभग 6 साल पहले नगर निगम द्वारा इस टंकी का निर्माण किया गया था। लेकिन अन्य क्षेत्रों में पानी की सप्लाई और लगातार बढ़ते जल संकट के कारण नगर निगम इस उपेक्षित क्षेत्र में पेयजल नहीं पहुंचा पा रहा था । आज इस टंकी के पर्याप्त मात्रा में भरे जाने से मुड़िया पहाड़ क्षेत्र के गली न. 1 लगायत 4 देवनगर, बजरंग नगर इत्यादि क्षेत्रों में भरपूर मात्रा में पानी उपलब्ध हुआ ।