मंगलवार, 17 नवंबर 2015

ग्वालियर टाइम्स ने पूरे किये 11 साल , आज से बारहवीं साल में प्रवेश अकेले चले थे जानिब ए मंजिल मगर , लोग साथ आते गये , कारवां बनता गया



ग्वालियर टाइम्स ने पूरे किये 11 साल , आज से बारहवीं साल में प्रवेश
अकेले चले थे जानिब ए मंजिल मगर , लोग साथ आते गये , कारवां बनता गया
विशेष सम्पादकीय
नरेन्द्र सिंह तोमर ‘’आनन्द’’

हम चाहे रहें न रहें , चाल हमने वह चली है दोस्त कि पसेमर्ग हमें सदा याद करेंगें ।
काम हमने वह किया और वह करेंगें,  जमाने में नाम लोग हमारा सदा याद करेंगें ।।
सन 2004 में 16 नवम्बर को ग्वालियर टाइम्स वेब पोर्टल का पंजीयन होने के साथ ही एक बहुत छोटी सी शुरूआत हमने आज से 11 साल पहले की थी ।
आहिस्ते आहिस्ते अपने काम के दम पर ग्वालियर टाइम्स ने अपना नाम भी कमाया और वेब की दुनियां में अपने नाम का सिक्का व धाक जमा ली ।
सन 2011 में नवम्बर तक लगातार सन 2004 से लेकर ग्वालियर टाइम्स डॉट कॉम डोमेन पर चलती रही , उसके बाद कुछ परिस्थि‍तियां ऐसीं बनीं कि ग्वालियर टाइम्स के हाथ से डॉट कॉम डोमेन निकल गया , महज तीन दिन की चूक हुई और बरसों से चल रहा डॉट कॉम डोमेन ग्वालियर टाइम्स के हाथों से निकल गया , उसके बाद आगे एकाध साल ग्वालियर टाइम्स डॉट कॉम को छोड़कर , डॉट को डॉट इन पर चलती रही ।
इधर कुछ बरस राजनीतिक वापसी करके उसमें समय बर्बाद हुआ और ग्वालियर टाइम्स पर ध्यान देने का वक्त नहीं मिला , फिर अंतत: दीर्घकालिक अनुभव के बाद हमने यह निर्णय लिया कि राजनीति को छोड़ कर पूरा ध्यान ग्वालियर टाइम्स पर ही लगाना होगा । और ग्वालियर टाइम्स को डॉट इन डोमेन पर स्थि‍र किया । और इस साल भी ज्यादा वक्त राजनीति से या राजनीतिक पापों से पिण्ड छुड़ाने में गुजर गया ।
खैर हमारे 11 साल के इस सफर में जब ग्वालियर टाइम्स डाट कॉम डोमेन पर काम कर रही थी तब 86 लाख हिटस लेकर अपना रूतबा बुलंद किये हुये थी और एक जलजला व एक जलवा बिखेर कर वेब दुनिया के मैदान ए जंग में अपना परचम सारी दुनिया में बिखेरे हुई थी । ग्वालियर टाइम्स का एक खास पेज चम्बल की आवाज वेब पर बहुत प्रसिद्ध हिट रहा है । ग्वालियर टाइम्स जहॉं 85 लाख हिटस खींच रही थी , तो चम्बल की आवाज जो कि ग्वालियर टाइम्स का महज  एक छोटा सा हिस्सा थी , उस समय 35 लाख हिटस लेकर अपना एक अलग ही रूतबा बनाये हुये थी ।
खैर अब तो ग्वालियर टाइम्स डॉट इन डोमेन पर है । और इसी पर भविष्य में सदैव स्थ‍िर रहेगी ।
11 साल की अल्पावधि‍ में हमने बहुत कुछ देखा , ग्वालियर टाइम्स का तो रूतबा और बुलंदी निरंतर बढ़ती ही रही , बढ़ती ही गई, बढ़ती ही जा रही है , तब जब हमने  काम शुरू किया था तब काम करना और वेब ट्रेफिक पाना बहुत कठिन काम था , आज की तारीख में वही काम तकरीबन एक लाख गुना ज्यादा आसान हो गया है । आज करो़ड़ों हिटस लेना व वेब ट्रेफिक हासिल करना बहुत आसान है, आज काम करने के तरीके बहुत बदल गये हैं , बहुत से बदलाव आ गये हैं । और चूंकि स्वयं इंजीनियरिंग व टैक्नॉलॉजी में एक्सपर्ट होने के कारण हमने स्वयं ही बिना संसाधनों के ही अनेक अत्याधुनिक टैक्नालॉजीयों का प्रयोग आज से दस साल पहले शुरू किया था , खैर अब तो नया बहुत कुछ करना है , और साल भर से पहले यानि कि जब ग्वालियर टाइम्स अपने 12 साल पूरे करे तो , एक अदद व खास मुकाम व बेहतरीन उदाहरण व प्रेरणा स्त्रोत के रूप में ग्वालियर टाइम्स खड़ी हो ।  
इस दरम्यां बहुत से लोग ग्वालियर टाइम्स में आये और गये , कई टीमें बनीं बिखरीं , खैर यह सब व्यवसाय का एक हिस्सा है । और ग्वालियर टाइम्स रही हो चाहे नेशनल नोबलयूथ अकादमी , अपने नियमों , शर्तो , उसूलों पर कभी समझौते नहीं करती , यह इतिहास ही हमारी बुलंद धरोहर रही है ।
जिसने भी ग्वालियर टाइम्स में या नेशनल नोबल यूथ अकादमी में आकर खुदा बनने की या राजनीति करने की हिमाकत की या अन्य किसी तरह से अपना महत्व दिखाने की कोशि‍श की , ग्वालियर टाइम्स और नेशनल नोबल यूथ अकादमी ने उठा कर उसे न केवल बाहर फेंक दिया बल्क‍ि धूल में भी मिला दिया ।
खैर लोगों का आना जाना किसी भी व्यावसायिक संस्थान की नियमित व एक चालू प्रक्रिया रहती है । बस इतना बहुत खूब रहा कि न कभी नेशनल नोबलयूथ अकादमी ने और न कभी ग्वालियर टाइम्स ने अपने सिद्धांतों से कभी समझौता किया , न कभी किसी के सामने सिर झुकाया । एक विश्वसनीयता व योग्यता साबित की व कमाई ।
अपने से ज्यादा योग्य व अनुभवी के सामने झुको , विेवेक बुद्धि व चातुर्य जागृत रखकर ही इस दुनिया में टिका जा सकता है , चाहे वह वेब की दुनिया हो या असल वास्तविक दुनिया हो । ग्वालियर टाइम्स को और नेशनल नोबलयूथ अकादमी को दोनों ही कामों का गहरा मैदानी अनुभव है , असल धरातल पर भी और आकाशीय आसमानी दुनिया का भी ।
मात देने की कोशि‍श ही आपको मात दिलाती है । खैर यह खुशी की बात है कि नेशनल नोबलयूथ अकादमी भी बरसों बाद अगले साल यानि सन 2016 में अपना मैदानी काम दोबारा शुरू करने जा रही है । चूंकि ग्वालियर टाइम्स और नेशनल नोबल यूथ अकादमी का अटूट व माता पुत्री पुत्र जैसा एक पारिवारिक रिश्ता है । अत: बेशक ही दोनों ही अब एक दूसरे के लिये मददगार साबित होंगें ।
जिन लोगों ने हमारे साथ पिछले समय में कभी भी काम किया उन सभी को , अपनी आज की टीम को , आने वाली नई टीम को , अपने सहयोगीयों व साथि‍यों , पाठकों, दर्शकों के प्रति हृदय से आभार व कृतज्ञता ज्ञापित करते हैं । और आने वाले वक्त में चूंकि बहुत बड़े बदलावों की प्रक्रिया और उन्नति‍ व प्रगति के नये पथ पर नये परचम फहराने के लिये आपकी अपनी ग्वालियर टाइम्स और नेशनल नोबलयूथ अकादमी दोनों ही तैयार हैं । वर्ष सन 2016 में बहुत कुछ करके बहुत कुछ नया पाना है , हमारे पास देने को भी बहुत है और पाने को भी बहुत है, और बारहवां साल पूरा करके तेरहवें साल में दम रखना है , इसी की तैयारी के साथ आपके पूर्ववत सहयोग, प्यार व साथ की सदैव ही नेशनल नोबलयूथ अकादमी को और ग्वालियर टाइम्स को आवश्यकता रहेगी ।
इब्ति‍दा ए इश्क है, रोता है क्या , आगे आगे देखि‍ये कि होता है क्या .....
हवायें लाख रोकें रास्ता आंधीयां बनकर , मगर वो छा ही जाते हैं, जो बादल घि‍रकर आते है ....... 
आपका अपना
नरेन्द्र सिंह तोमर ‘’आनन्द’’
17 नवम्बर 2015    

रविवार, 25 अक्टूबर 2015

संयुक्त कलेक्टर श्री मिश्रा एनपीआर के डाटाबेस कार्य को करने के लिये नियुक्त

संयुक्त कलेक्टर श्री मिश्रा एनपीआर के डाटाबेस कार्य को करने के लिये नियुक्त
-
ग्वालियर | 24-अक्तूबर-2015
 
 
    कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने एनपीआर के डाटाबेस के अद्यतन कार्य को सम्पन्न कराने के लिये संयुक्त कलेक्ट श्री आर सी मिश्रा को नियुक्त किया है। इनके साथ शासकीय कर्मचारी बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता श्री हेमन्त मराठे को लगाया है। संयुक्त कलेक्टर और स्वास्थ्य कार्यकर्ता एनपीआर के डाटाबेस की अद्यतन करने और आधार, राशनकार्ड, परिवार के समग्र आईडी को डाटाबेस में शामिल करने का काम करेंगे।

आंगनबाड़ी केन्द्रों में आधार पंजीयन का कार्य 26 अक्टूबर से होगा शुरू

आंगनबाड़ी केन्द्रों में आधार पंजीयन का कार्य 26 अक्टूबर से होगा शुरू
जन्म से पाँच वर्ष के सभी बच्चों का होगा नि:शुल्क आधार पंजीयन
ग्वालियर | 24-अक्तूबर-2015
 
 
    जिले भर की समस्त 1308 आंगनबाड़ी केन्द्रों में जन्म से 05 वर्ष तक के सभी बच्चों के आधार पंजीयन का कार्य 26 अक्टूबर से शुरू हो रहा है, ताकि 31 दिसम्बर 2015 के पहले शत प्रतिशत बच्चों का नि:शुल्क आधार पंजीयन किया जा सके। आधार पंजीयन निर्धारित तिथि पर आंगनबाड़ी केन्द्रों में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक किया जायेगा।  26 अक्टूबर को आंगनबाड़ी केन्द्र हुरावली क्रं.-1 थाटीपुर गाँव जडेरूआ, गोवर्धन कॉलोनी एवं रगियाना मोहल्ला से शुभारंभ किया जायेगा।
    जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कलेक्टर डॉ. संजय गोयल के मार्गदर्शन में 24 अक्टूबर को न्यू कलेक्ट्रेट भवन के जनसुनवाई कक्ष में सहायक संचालक श्री रामनिवास बुधौलिया, जिला पंचायत परियोजना अधिकारी श्री सिसौधिया, नगर निगम ग्वालियर के परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं 134 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की बैठक आधार एजेन्सी प्रतिनिधि के साथ जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री बृजेश कुमार त्रिपाठी ने लेते हुए आंगनबाड़ी केन्द्रवार, तिथिवार रोस्टर तैयार किया। रोस्टर अनुसार अलग-अलग तिथि में आंगनबाड़ी सेक्टरवार परियोजनावार आधारकार्ड एवं सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक नि:शुल्क पंजीयन कराया जायेगा। एक ही दिन में केन्द्र के सभी बच्चे उनके माता-पिता का आधार पंजीयन हो सकेगा।
    उल्लेखनीय है कि आधार पंजीयन का यह कार्य आंगनबाड़ी केन्द्र पर लगाने हेतु सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से जन्म से 5 वर्ष तक के बच्चों की सूची तैयार कर ली गई है। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री बृजेश कुमार त्रिपाठी द्वारा समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि सूची अनुसार बच्चों के माता-पिता को शिविर के पूर्व सूचित करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक आधार कार्ड पंजीयन हेतु आंगनबाड़ी केन्द्रों में लाए तथा इस हेतु आमंत्रण के साथ जन्म प्रमाण-पत्र एवं निवास संबंधी दस्तावेज तथा माता-पिता का आधार कार्ड की छायाप्रति जरूर लगवाएँ।
    बैठक में आधार पंजीयन के प्रतिनिधि ने बताया कि शिविर में आने वाले बच्चों के माता-पिता में किसी एक का आधार कार्ड होना अनिवार्य है। यदि बच्चे के माता-पिता के पास आधार कार्ड नहीं है और आधार कार्ड की रसीद है तो रसीद की छायाप्रति लगाना अनिवार्य है। यदि माता-पिता के पास आधार कार्ड और रसीद दोनों नहीं हैं तो ऐसी स्थिति में बच्चे के माता-पिता के शिविर में ही नि:शुल्क आधार पंजीयन किया जायेगा।
    कलेक्टर डॉ. संजय गोयल द्वारा सभी परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को निर्देशित किया है कि वह नियत तिथि में आंगनबाड़ी केन्द्र में शत प्रतिशत जन्म से 5 वर्ष तक के बच्चों का आधार पंजीयन कराएँ, किसी भी प्रकार की शिथिलता पर संबंधित के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी।

स्वाईन फ्लू से बचाव के लिये लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से फ्लैक्स, बैनर लगाएँ

स्वाईन फ्लू से बचाव के लिये लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से फ्लैक्स, बैनर लगाएँ
-
ग्वालियर | 24-अक्तूबर-2015
 
 
    स्वाईन फ्लू से बचाव के लिये जन-जन में जागरूकता लाई जा सके। इस मकसद से जिले के सभी नर्सिंग होम एवं क्लीनिक संचालक अपनी-अपनी संस्थाओं में स्वाईन फ्लू से संबंधित फ्लैक्स, बैनर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें।
    मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनूप कम्ठान ने बताया कि इस आशय के निर्देश कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने 13 अक्टूबर को आयोजित स्वाईन फ्लू की जिला टास्क फोर्स कमेटी में दिए थे। डॉ. कम्ठान ने सभी नर्सिंग होम एवं क्लीनिक संचालकों से आग्रह किया है कि वे अपने निजी नर्सिंग होम एवं क्लीनिक पर स्वाईन फ्लू से संबंधित 2.5x4  वर्गफुट साईज का फ्लैक्स बनवाकर तत्काल प्रदर्शित करें तथा प्रदर्शन के उपरांत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय को सूचित करें। फ्लैक्स का नमूना आईडीएसपी शाखा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है।