मंगलवार, 22 मार्च 2011

फसल कटाई प्रयोग में रिटायर कर्मियों को मिलेगा मौका

फसल कटाई प्रयोग में रिटायर कर्मियों को मिलेगा मौका

प्रत्येक फसल कटाई प्रयोग पर चार सौ रूपये

ग्वालियर 21 मार्च 11/ फसल बीमा योजना के तहत प्रदेश में पटवारी हल्का स्तर पर किए जाने वाले फसल कटाई प्रयोग की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए फसल कटाई प्रयोगों को बाह्य स्त्रोतों से कराने की कार्य योजना बनाई गई है। जिलों में सेवा निवृत्त पटवारी, राजस्व निरीक्षक एवं कृषि विभाग के कर्मचारियों को फसल कटाई प्रयोग का दायित्व सौंपकर प्रत्येक फसल कटाई प्रयोग के लिए चार सौ रूपये दिए जाएंगे। इस सिलसिले में आयुक्त भू-अभिलेख एवं बंदोबस्त मध्यप्रदेश द्वारा जिला कलेक्टरों को अधिकृत किया गया है और सेवा निवृत्त पटवारी, राजस्व निरीक्षक एवं कृषि विभाग के अधिकारी - कर्मचारियों की जानकारी चाही गई है।

गौरतलब है कि प्रदेश में फसल बीमा योजना के तहत पटवारी हल्का स्तर पर फसल कटाई प्रयोग राजस्व एवं कृषि विभाग के अमले द्वारा सम्पन्न किया जाता है। रबी और खरीफ मौसम में दस दस फसल कटाई प्रयोग होने और राजस्व एवं कृषि अमले की कमी के चलते कार्य की गुणवत्ता प्रभावित होती है। प्रदेश में 30 हजार फसल कटाई प्रयोगों के मद्देनजर इस कार्य को सेवा निवृत्त अधिकारी / कर्मचारियों से कराया जाना प्रस्तावित किया गया है। जिले में पटवारी हल्का स्तर पर रबी मौसम 2010-11 में करीब तीन सौ और वर्ष 2011-12 के खरीफ और रबी मौसम में लगभग 600 फसल कटाई प्रयोग सम्पन्न किए जाएंगे।

कलेक्टरों द्वारा सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास सहित समस्त तहसीलदारों को फसल कटाई प्रयोग के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों में कहा गया है कि फसल कटाई प्रयोग हेतु अपने अपने स्तर पर सेवा निवृत्त पटवारी, राजस्व निरीक्षक एवं कृषि विभाग के कर्मचारियों को दायित्व सौंपे जांए। प्रत्येक फसल कटाई प्रयोग के लिए 300 रूपये का एक मुश्त मानदेय एवं 100 रूपये वाहन भत्ता सहित कुल 400 रूपये दिया जाएगा।

 

कोई टिप्पणी नहीं: