बुधवार, 4 जुलाई 2007

माथे पर रोली और चंदन के टीके लगाकर प्रदान की पाठयपुस्तकें

माथे पर रोली और चंदन के टीके लगाकर प्रदान की पाठयपुस्तकें

जन शिक्षा केन्द्र सराफा में आयोजित प्रवेशोत्सव में शामिल हुये महापौर व गिर्द विधायक

जिले भर की पाठशालाओं में मनाये गये प्रवेश उत्सव

 

ग्वालियर 2 जुलाई 2007

माथे पर रोली और चंदन के टीके लगाये और सरकार की ओर से नि:शुल्क पाठयपुस्तकों के सेट प्रदान किये । साथ ही सिर पर हाथ फेर कर आशीर्वाद दिया कि खूब पढ़ो, खूब बढ़ो और अच्छे नागरिक बनो । मौका था आज ग्वालियर नगर के सराफा स्कूल में ''प्रवेशोत्सव'' के आयोजन का, जिसमें महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर व गिर्द क्षेत्र के विधायक श्री बृजेन्द्र तिवारी ने बच्चों को नि:शुल्क पाठयपुस्तकें प्रदान की । सरकार द्वारा शिक्षा के लोकव्यापीकरण के लिये किये जा रहे प्रयासों की कड़ी के रूप में आज संपूर्ण प्रदेश की भांति ग्वालियर जिले की पाठशालाओं में भी प्रवेशोत्सव मनाकर शत-प्रतिशत पढ़ने योग्य बच्चों को शाला में भर्ती कराने का संकल्प लिया गया ।

       जन शिक्षा केन्द्र शासकीय माध्यमिक विद्यालय सराफा में आयोजित ''प्रवेशोत्सव'' को सम्बोधित करते हुये महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि सरकार द्वारा शिक्षा के लोकव्यापीकरण के लिये तमाम कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं । ये कार्यक्रम तभी सार्थक होंगे जब शिक्षक व समाज के प्रबुध्दजन मिशन के रूप में कार्य करेंगे । उन्होंने शिक्षकों का आह्वान किया कि वे अपने आपको केवल शासकीय सेवक भर न समझें । वे सकारात्मक सोच व व्यक्तिगत रूचि लेकर बच्चों को पढ़ायें और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर समाज को सही दिशा दें । श्री शेजवलकर ने कहा कि पढ़ने योग्य बच्चों को शाला में भर्ती कराने के साथ-साथ इस बात पर भी खास ध्यान दिया जाये कि कोई भी बच्चा बीच में ही पढ़ाई नहीं छोड़े ।

       विधायक श्री बृजेन्द्र तिवारी ने इस अवसर पर कहा कि शिक्षक का ऐसा आचरण होना चाहिये, जिससे उनके विद्यार्थी प्रेरणा ले सकें । उन्होंने कहा कि पढ़ने योग्य बच्चों को शाला में भर्ती कराना ही पर्याप्त नहीं है अपितु संकल्पित भावना से उनमें शिक्षा के प्रति आकर्षण पैदा करने की भी जरूरत है । श्री तिवारी ने कहा कि यह कार्यक्रम किसी एक दिन या एक पखवाड़े तक ही सीमित न रहे अपितु इसे सतत प्रक्रिया बनाया जाये, जिससे शिक्षा का वास्तविक रूप से लोकव्यापीकरण हो सके ।

       जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आर.के. मिश्रा ने इस मौके पर जिले में ''स्कूल चलें हम'' अभियान की तैयारियों तथा अब तक किये गये प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला । जन शिक्षा केन्द्र सराफा में आयोजित प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय पहाडी माता, सराफा, निम्बालकर की गोठ, भास्कर की गोठ, खुर्जे वाला मोहल्ला व प्राथमिक विद्यालय भास्कर की गोठ के बच्चों को नि:शुल्क पाठयपुस्तकें तथा इन स्कूलों की बालिकाओं को गणवेश प्रदान करने के लिये राशि प्रदान की गई । कार्यक्रम में परियोजना समन्वयक श्री के.के. दीक्षित , प्रभारी जिला शिक्षाधिकारी, खंड स्त्रोत समन्वयक, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद थे ।

 

 

ग्वालियर नगर के सुनियोजित विकास पर मुख्यमंत्री का विशेष ध्यान

ग्वालियर नगर के सुनियोजित विकास पर मुख्यमंत्री का विशेष ध्यान

नगर विकास की योजनाओं पर तेजी से अमल करें - कलेक्टर

समीक्षा बैठक सम्पन्न

ग्वालियर 2 जुलाई 2007

       ग्वालियर नगर के सुनियोजित विकास के लिए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान स्वयं विशेष रूचि ले रहे हैं, उनके द्वारा योजनाओं के क्रियान्वयन पर सतत् निगरानी भी रखी जा रही हैं । अत: नगर के विकास के लिए प्रदेश सरकार की पहल पर मंजूर हुई योजनाओं पर तेजी से अमल किया जाए ।

       यह बात जिला कलेक्टर श्री राकेश श्रीवास्तव ने आज यहाँ राज्य स्वास्थ्य प्रबंधन एवं संचार संस्थान में सम्पन्न हुई नगर के विकास से जुड़े बरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में कही । ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री जगदीश शर्मा की मौजूदगी में सम्पन्न हुई इस बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री पवन शर्मा, वनमण्डलाधिकारी श्री पुरूषोत्तम धीमान, अपर कलेक्टर श्री आर.एन.गुप्ता सहित विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण, नगर निगम , ग्वालियर विकास प्राधिकारण , विद्युत, लोक निर्माण , स्वास्थ्य , आदिम जाति कल्याण ,उद्योग, पी.एच.ई तथा नगर विकास से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे ।

       गौरतलब है कि मौजूदा वर्ष के जनवरी माह में मुख्यमंत्री ने ग्वालियर में एक उच्च स्तरीय बैठक लेकर ग्वालियर नगर की विकास योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की थी । उन्होंने इस बैठक में संबंधित अधिकारियों को हिदायत दी थी कि वे योजनाओं को त्वरित गति से मूर्तरूप दें, योजनाओं को पूरा करने में धन की कमी नहीं आने दी जायेगी ।

       ग्वालियर नगर की विकास योजनायें गुणवत्ता के साथ तथा त्वरित गति से जमीनी हकीकत बनें इस मकसद से आज बुलाई गई बैठक में कलेक्टर श्री राकेश श्रीवास्तव ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि वे पत्राचार में अनावश्यक रूप से समय न गंवायें । यदि योजना का क्रियान्वयन एक से अधिक विभागों के माध्यम से होना हैं  तो विभागीय अधिकारी एक दूसरे से व्यक्तिगत रूप से सम्पर्क कर योजना के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को दूर करें । साथ ही जिन मशलों को राज्य स्तर पर तय किया जाना है, उनके प्रस्ताव तत्काल भेजे जायें । बैठक में कृषि उपज मण्डी, हाट बाजार च विभिन्न बस स्टेण्ड सहित  पुनर्धनत्वीकरण योजनायें, पशु चिकित्सालय हुजरात पुल, माधव प्लाजा, न्यू सिटी ठाठीपुर, पी.डब्ल्यू.डी.वर्कशाप आदि की समीक्षा की गई । बैठक में इसके अलावा सी.पी.कालोनी मुरार एवं ग्वालियर पॉटरीज की भूमि पर हैबिटेट एण्ड ट्रेड सेन्ठर की स्थापना, नवीन कलेक्ट्रेट भवन, एक हजार बिस्तर वाला चिकित्सालय, रेडक्रास सोसायटी के भवन विस्तार योजना, फूडपार्क, आई.टी.पार्क, ट्रोमा सेंटर, लोहा मण्डी की स्थापना, गोले के मंदिर से महाराजपुरा तक सड़क चौडीकरण, फूलबाग गुरूद्वारे से नदी गेट को जोड़ने वाले पुल को चौडा करने, स्वर्ण रेखा ग्वालियर बाढ़ नियंत्रण योजना, ठोस अपशिष्ठ प्रबन्धन, नगर की जल आपूर्ति समस्या, पर्यावरण सुधार, ग्वालियर की मल-जल निकासी योजना आदि पर विचार- विमर्श किया गया।

       बैठक में कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि नगर के विकास के संबंध में जो भी नये बिन्दु सामने आये हैं , उन्हें भोपाल में आयोजित होने वाली बैठक में रखा जाय, ताकि उनका समाधान हो सके ।

 

शाक्यवार ने सहायक संचालक का पदभार ग्रहण किया

शाक्यवार ने सहायक संचालक का पदभार ग्रहण किया

 

ग्वालियर 2 जुलाई 2007

 

       जिला जन संपर्क कार्यालय ,गुना से स्थानान्तरित होकर आये श्री डी.डी. शाक्यवार ने 2 जुलाई07 को पूवान्ह में जिला जन संपर्क कार्यालय ग्वालियर में सहायक संचालक का पदभार ग्रहण कर लिया है ।

       श्री शाक्यवार की पदस्थापना पूर्व में भी ग्वालियर कार्यालय में रही है ।

 

आपदा प्रबन्धन की बैठक अब 10 जुलाई को

आपदा प्रबन्धन की बैठक अब 10 जुलाई को

ग्वालियर 2 जुलाई 2007

       आपदा प्रबन्धन एवं बाढ़ से निपटने की तैयारियों को लेकर 4 जुलाई 07 को आयोजित होने वाली बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गई है । अब यह बैठक 10 जुलाई 07 को अपरान्ह 3 बजे राज्य स्वास्थ्य प्रबंधन एवं संचार संस्थान सिटी सेन्टर के सभाकक्ष में आयोजित होगी । बैठक की अध्यक्षता संभागायुक्त डा. कोमल सिंह करेंगे ।

 

 

ग्रामीण विकास उप समिति की बैठक आज 4 जुलाई को

ग्रमीण विकास उप समिति की बैठक  आज 4 जुलाई को

ग्वालियर 2 जुलाई 2007

       जिला योजना समिति की ग्रामीण विकास उप समिति की बैठक 4 जुलाई को अपरान्ह 4 बजे जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित की गई है  बैठक में पिछली बैठक की कार्यवाही का अनुमोदन जल संसाधन विभाग ग्वालियर और हरसी के अन्तर्गत चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की वार्र्षिक प्रगति तथा वर्ष 2007-08 की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की जायेगी । इसके अलावा बांध की सुरक्षा के लिए चल कार्यों की समीक्षा के तथा महिला बाल विकास की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जायेगी ।

 

ग्राम दुगनावली के स्कूल के प्रवेशोत्सव में भी शामिल हुये विधायक

ग्राम दुगनावली के स्कूल के प्रवेशोत्सव में भी शामिल हुये विधायक

13 बच्चों को भर्ती कराया

 

विधायक श्री बृजेन्द्र तिवारी आज ग्राम दुगनावली की प्राथमिक शाला में ''स्कूल चलें हम'' अभियान के तहत आयोजित ''प्रवेशोत्सव'' में भी शामिल हुये । उन्होंने इस अवसर पर 13 नये बच्चो का स्कूल में दाखिला कराया । साथ ही बच्चों को नि:शुल्क पाठयपुस्तकें तथा गणवेश के लिये पालक शिक्षक को राशि प्रदान की ।

 

राम प्रसाद का पुरा में खंड स्तरीय हरियाली महोत्सव सम्पन्न

 

हरियाली महोत्सव

प्राकृतिक संतुलन के लिये वृक्षारोपण की महती आवश्यकता - श्री तिवारी

राम प्रसाद का पुरा में खंड स्तरीय हरियाली महोत्सव सम्पन्न

 

ग्वालियर 2 जुलाई 2007

पेड़ों की अंधाधुंध कटाई तथा वृक्षारोपण के प्रति उदासीनता की वजह से प्राकृतिक संतुलन बिगडा है । इसी वजह से कहीं बाढ़ तो कहीं सूखे की स्थिति उत्पन्न हो रही है । इसलिये वृक्षारोपण आज की महती आवश्यकता बन गई है ।     यह बात गिर्द क्षेत्र के विधायक श्री बृजेन्द्र तिवारी ने आज जिले की जनपद पंचायत बरई के ग्राम राम प्रसाद का पुरा में आयोजित खंड स्तरीय हरियाली महोत्सव को संबोधित करते हुये कही । इस अवसर पर उन्होंने गांव के स्कूल परिसर में हाईटेक आंवला का पौधा रोपकर इस विकासखंड में हरियाली महोत्सव की शुरूआत की । उनके साथ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आर.के. मिश्रा, जिला पंचायत के सदस्य श्री लक्ष्मण सिंह, जनपद पंचायत घाटीगांव के सदस्य श्री अतर सिंह व जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राजीव शुक्ला सहित ग्राम पंचायत के अन्य प्रतिनिधियों, अधिकारियों व ग्रामवासियों ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे ।

विधायक श्री बृजेन्द्र तिवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जलाभिषेक अभियान के तहत हरियाली महोत्सव मनाने का जो निर्णय लिया है उसमें समाज को बढ़चढ़कर हिस्सेदारी निभानी चाहिये । उन्होंने कहा कि ग्रामीणजन इस बात पर भी विशेष ध्यान दें कि जो भी पौधे रोपे जायें, उनकी पर्याप्त सुरक्षा की जाये ताकि वे आगे चलकर बड़े-बड़े वृक्ष बन सकें ।