बुधवार, 4 नवंबर 2020

शाम 5 बजे तक औसत मतदान 66.09 प्रतिशत हुआ , विधानसभा वार स्थिति देंखें

 विधानसभा उप निर्वाचन 2020 में प्रदेश के 19 जिलों के 28 विधानसभा क्षेत्रों में शाम 5 बजे तक 66.09 प्रतिशत औसत मतदान हुआ।

मुरैना जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 4-जौरा में 66, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-5 सुमावली में 53.36, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 6-मुरैना में 55.6, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 7-दिमनी में 57.5, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 8-अम्बाह में 51.65, भिण्ड जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 12-मेहगांव में 58.13, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 13-गोहद में 52.88, ग्वालियर जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 15-ग्वालियर में 48.75, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 16-ग्वालियर पूर्व में 42.99 एवं विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 19-डबरा में 57.1, दतिया जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 21-भांडेर में 71.59, शिवपुरी जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 23-करेरा में 72.11, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 24-पोहरी में 70.05, गुना जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 28-बमौरी में 77.51, अशोकनगर जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 32-अशोकनगर में 69.79 एवं विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 34-मुंगावली में 73.15 प्रतिशत मतदान हुआ ।

सागर जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 37-सुरखी में 70.55, छतरपुर जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 53-मलहरा में 68.06, अनूपपुर जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 87-अनूपपुर में 67.6, रायसेन जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 142-सॉची में 68.87, राजगढ़ जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 161-ब्यावरा में 80.01, आगर-मालवा जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 166-आगर में 80.54, देवास जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 172-हाटपिपल्या में 80.84, खण्डवा जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 175-मांधाता में 68.76, बुरहानपुर जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 179-नेपानगर में 72.65, धार जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 202-बदनावर में 81.26, इंदौर जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 211-सांवेर में 74.34 और मंदसौर जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 226-सुवासरा में 79.97 प्रतिशत मतदान हुआ।

सोमवार, 2 नवंबर 2020

कलेक्टर ने मतदान केन्द्र पर पहुँचकर मतदान दल से की चर्चा

 

विधानसभा उप निर्वाचन के लिये मतदान 3 नवम्बर को प्रात: 7 बजे से प्रारंभ होगा। मतदान केन्द्रों पर मतदान दल पहुँच गए हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा मतदान दल के सदस्यों से चर्चा भी की।
        कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह देर शाम केन्द्रीय विद्यालय क्र.-1 में स्थापित दो मतदान केन्द्रों पर पहुँचे और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। मतदान केन्द्र पर पहुँची मतदान दल टीम के सदस्यों से भी उन्होंने चर्चा की। इस मौके पर नगर निगम के अपर आयुक्त श्री आर के श्रीवास्तव, नोडल अधिकारी निर्वाचन श्री प्रदीप श्रीवास्तव, नगर निगम के सहायक जनसंपर्क अधिकारी श्री रमेश झा उपस्थित थे।
        कलेक्टर श्री सिंह ने मतदान केन्द्रों पर कोविड-19 की गाइडलाइन के पालन हेतु की गई व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी दी। इसके साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मतदान सम्पन्न कराने हेतु मतदान केन्द्रों पर बनाई गई व्यवस्थाओं को देखा। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के बैठने की व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही थर्मल स्क्रीनिंग, सेनेटाइजेशन, मतदाता के लिये मास्क एवं ग्लब्स देने की व्यवस्था के संबंध में चर्चा की।
        कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने इसके पश्चात दून पब्लिक स्कूल पटेलनगर का भी अवलोकन किया तथा व्यवस्थाओं को देखा। अपर आयुक्त नगर निगम श्री आर के श्रीवास्तव ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र 15-ग्वालियर में 5 मतदान केन्द्रों को आदर्श मतदान केन्द्र बनाया गया है। इनमें कम्युनिटी हॉल लक्ष्मीबाई कॉलोनी, मिसहिल हायर सेकेण्ड्री स्कूल लक्ष्मीबाई कॉलोनी, वीनस पब्लिक स्कूल आनंदनगर, समर्थ बाल मंदिर आनंदनगर तथा जेसीमिल उमावि हजीरा शामिल है।
    इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र 16-ग्वालियर पूर्व में भी 5 मतदान केन्द्रों को आदर्श केन्द्र के रूप में स्थापित किया गया है। इनमें केन्द्रीय विद्यालय क्र.-1 दून पब्लिक स्कूल पटेलनगर, प्रगति विद्यापीठ आदित्याज नगर, स्वामी विवेकानंद अकेडमी भिण्ड रोड़ तथा कम्यूटर साइंस अध्ययनशाला जीवाजी विश्वविद्यालय शामिल है।

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदाताओं से की अपील, निर्भीक होकर डालें अपना वोट

 

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह तथा पुलिस अधीक्षक श्री अमित सांघी ने जिले के सभी मतदाताओं से बेझिझक एवं निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्विघ्न एवं शांतिपूर्ण ढंग से मतदान सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक और पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। साथ ही कोविड संक्रमण से बचाव के लिये भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
    कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने मतदाताओं से अपील की है कि डरें नहीं, भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत हर मतदान केन्द्र पर कोविड-19 से बचाव के लिये पूरे इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा है कि 3 नवम्बर के दिन जब ग्वालियर मतदान करेगा तब “लोकतंत्र जीतेगा, कोरोना हारेगा”।
        जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सिंह ने बताया कि  मतदान केन्द्र को एक दिन पहले अच्छे से सेनेटाइज किया गया है। मतदान केन्द्र के प्रवेश और निकास द्वार पर हर मतदाता के लिये साबुन, पानी और सेनेटाइजर का इंतजाम रहेगा। जो मतदाता मास्क लगाकर नहीं आयेंगे, उन्हें मास्क मुहैया कराए जायेंगे। स्वास्थ्य कर्मियों एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा हर मतदाता के तापमान (थर्मल स्क्रीनिंग) की जाँच की जायेगी।
    कलेक्टर ने अपनी पाती में मतदाताओं का भ्रम दूर करते हुए जिक्र किया है कि वोट डालने के लिये लाईन नहीं लगानी पड़ेगी। सभी मतदाता सोशल डिस्टेंसिंग के साथ अपना वोट डाल सकें, इसके लिये “पहले आओ पहले वोट डालो” सिद्धांत के आधार पर हैल्प डेस्क से टोकन वितरित किए जायेंगे। सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिये मतदान केन्द्र परिसर में गोले के निशान भी लगाए गए हैं। किसी भी मतदान केन्द्र पर एक हजार से ज्यादा मतदाता नहीं हैं, जिससे भीड़ न हो। महिला एवं पुरूष मतदाताओं के लिये अलग-अलग प्रतीक्षा करने के लिये छायादार स्थान कुर्सियों सहित बैठने के लिये उपलब्ध रहेंगे।
    अधिकारी द्वय ने कहा है कि मतदान दिवस को जिला व पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों समेत 98 सेक्टर मजिस्ट्रेट, लगभग इतनी ही पुलिस मोबाइल व खण्ड स्तरीय पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार मतदान केन्द्रों का भ्रमण किया जायेगा। पैरा मिलिट्री फोर्स की 10 कंपनियों सहित जिला पुलिस एवं सशस्त्र बल के जवान मतदान केन्द्रों पर तैनात रहेंगे।  मतदान में गड़बडी करने अथवा बाधा पहुँचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। मतदाओं से यह भी अपील की गई है कि वे किसी के बहकावे में न आयें और अभ्यर्थी द्वारा उपलब्ध कराये गये वाहनों का उपयोग मतदान केन्द्र तक जाने के लिए न करें। इस पर जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा मतदान दिवस को कड़ी नजर रखी जायेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी से मतदाता पहचान पत्र (इपिक) अथवा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अन्य वैकल्पिक दस्तावेज लेकर वोट डालने के लिये आने की अपील की है।

लगभग 8,30,459 मतदाता करेंगे 35 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला -ग्वालियर, ग्वालियर पूर्व एवं डबरा विधानसभा क्षेत्र में मतदान आज

 ग्वालियर जिले के ग्वालियर, ग्वालियर पूर्व एवं डबरा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदान की तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विधानसभा उप निर्वाचन कार्यक्रम के तहत तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 3 नवम्बर को मतदान होगा। मतदान का समय प्रात: 7 बजे से सायंकाल 6 बजे तक निर्धारित है। जिले के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव लड़ रहे 35 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 8 लाख 30 हजार 459 मतदाता करेंगे।

    जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में उप चुनाव हो रहा है। इन विधानसभा क्षेत्रों से तीन विधायक चुनने के लिये 3 नवम्बर को वोट डाले जायेंगे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित सांघी के निर्देशन में जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराने के लिये सुरक्षा के पुख्ता और व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
    जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र  ग्वालियर में 9 उम्मीदवार, ग्वालियर पूर्व में 12 उम्मीदवार एवं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र - डबरा (अजा.) में 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
    जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार तीनों विधानसभा क्षेत्रों के कुल 8 लाख 30 हजार 459 मतदाताओं में 4 लाख 44 हजार 136 पुरूष मतदाता, 3 लाख 86 हजार 288 महिला एवं 35 अन्य मतदाता हैं।
ग्वालियर पूर्व में सबसे अधिक तो डबरा में सबसे कम मतदाता
    जिले के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-16 ग्वालियर पूर्व में सबसे अधिक अर्थात 3 लाख 13 हजार 210 मतदाता हैं। सबसे कम मतदाता जिले के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-19 डबरा अजा. में हैं। यहाँ के कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 28 हजार 178 है।
मतदाताओं का विधानसभा क्षेत्रवार ब्यौरा
·    विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-15 ग्वालियर - कुल मतदाता 2,89,071 (पुरूष – 1,55,108 व महिला – 1,33,946 एवं अन्य - 17) 
·    विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-16 ग्वालियर पूर्व - कुल मतदाता 3,13,210 (पुरूष - 1,67,988 व महिला – 1,45,209 एवं अन्य - 13)
·    विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-19 डबरा (अजा.) - कुल मतदाता 2,28,178 (पुरूष - 1,21,040 व महिला – 1,07,133 एवं अन्य - 5) 

मतदान केन्द्रों पर पहुँचे मतदान दल, पुलिस बल भी पहुँचा, एमएलबी कॉलेज से सामग्री के साथ मतदान दल हुये रवाना

 

विधानसभा उप निर्वाचन कार्यक्रम के तहत जिले के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र ग्वालियर, ग्वालियर पूर्व एवं डबरा (अजा) के सभी 1188 मतदान केन्द्रों तक मतदान दल पहुँच गए हैं। मतदान दलों को इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ई व्ही एम.) व चिन्हित मतदाता सूची तथा कोविड संक्रमण से बचाव से संबंधित सामग्री सहित अन्य मतदान सामग्री के साथ सोमवार को विशेष वाहनों से मतदान केन्द्रों के लिये रवाना किया गया।
    मतदान दलों के साथ हर मतदान केन्द्र पर पुलिस बल भी पहुँच गया है। मतदान दलों की रवानगी स्थानीय एम एल बी. कॉलेज से हुई। जिले के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मंगलवार 3 नवम्बर को प्रात: 7 बजे से सांयकाल 6 बजे तक मतदान होगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षकगणों ने भी सामग्री वितरण व्यवस्था का जायजा लिया।
    कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने सभी मतदान दलों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सुचारू ढंग से मतदान सम्पन्न कराने की हिदायत दी है। उन्होंने साफतौर पर निर्देश दिये है कि पीठासीन अधिकारी सहित सभी मतदान अधिकारियों का आचरण किसी भी हालत में आचरण संहिता के विपरीत नहीं होना चाहिये। उन्होंने कहा है सभी मतदान दल निर्वाचन आयोग के निर्देशों व अनुदेशों का पूरी तरह पालन कर मतदान सम्पन्न करायें।

प्रेक्षकगण भी रखेंगे नजर

    निर्वाचन आयोग द्वारा जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में निर्वाचन की निगरानी के लिए तैनात किये गये प्रेक्षकगण भी मतदान दिवस को अपने अपने प्रभार के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केन्दों का सतत भ्रमण करेंगे । इस दौरान वे मतदान प्रक्रिया तथा अभ्यर्भियों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे।  

क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर पैरामिलिट्री फोर्स माइक्रो आब्जर्वर्स की तैनाती


    तीनों विधानसभा क्षेत्रों के कुल 1188 मतदान केन्द्रों में से 315 मतदान केन्द्रों को क्रिटिकल मतदान केन्द्रों के रूप में चिन्हित किया गया है। इन सभी मतदान केन्द्रों पर पैरामिलिट्री फोर्स व माइक्रोआब्जर्वर तैनात रहेंगे। माइक्रो ऑब्जर्वर सीधे निर्वाचन प्रेक्षक को रिपोर्ट करेंगे। एक सौकड़ा मदान केन्द्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। इसी तरह 88 मतदान केन्द्रों में सीसीटीव्ही कैमरे लगाए गए हैं और उन्हें 49 मतदान केन्द्रों पर माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं।

हर मतदान केन्द्र पर होगा मॉकपोल

    सभी मतदान केन्द्रों पर मतदान दिवस को मतदान शुरू होने के 90 मिनट पूर्व मॉकपोल (दिखावटी मतदान) होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने निर्धारित समय तक मॉकपोल सम्पन्न कराने के निर्देश दिये हैं। विधानसभा  चुनाव लड रहे अधिकाधिक उम्मीदवारों के मतदान अभिकर्ता (एजेन्ट) भी मोकपोल के दौरान मौजूद रह सकेंगे।



मतदान केन्द्र पर उपलब्ध रहेंगे बीएलओ

    भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के तहत ग्वालियर जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में घर-घर मतदाता पर्ची पहुँचाने के प्रयास किए गए हैं। संबंधित बीएलओ (बूथ लेबल अधिकारी) के जरिए घर-घर मतदाता पर्चियाँ पहुँचाई गई हैं। यदि किसी मतदाता को मतदाता पर्ची नहीं मिल पाई है तो उसके सहयोग के लिये बीएलओ मतदान दिवस को मतदान केन्द्र पर भी उपलब्ध रहेंगे।

हर मतदान केन्द्र पर कोविड संक्रमण से बचाव के पुख्ता इंतजाम

    कोविड संक्रमण से बचाव के लिये हर मतदान केन्द्र पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हर मतदान केन्द्र पर मतदाताओं के तापमान की जाँच (थर्मल स्क्रीनिंग) की व्यवस्था की गई है। साथ ही सेनेटाइजर एवं हाथ धोने के लिये साबुन भी मतदाताओं के लिये उपलब्ध रहेगा। जो मतदाता मास्क पहनकर नहीं आयेंगे, उन्हें मास्क उपलब्ध कराए जायेंगे। वोट डालने के लिये मतदाताओं को हैण्ड ग्लब्स भी मुहैया कराए जायेंगे। इन व्यवस्थाओं के लिये अलग से कर्मचारी तैनात किए गए हैं। मतदान दलों को पीपीई किट भी मुहैया कराई गई हैं।

वैकल्पिक पहचान दस्तावेज के आधार पर भी डाल सकेंगे वोट

    यदि किसी मतदाता की फोटो का मिलान मतदाता सूची से नहीं हो पा रहा है तो वह भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित वैकल्पिक पहचान पत्र के आधार पर वोट डाल सकेंगे। आधारकार्ड, पासपोर्ट, ड्रायविंग लायसेंस, केन्द्रीय व राज्य सरकार के कार्यालयों एवं पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैंक अथवा डाक घर द्वारा जारी फोटो सहित स्मार्ट कार्ड, पेनकार्ड, आरजीआई एवं एनपीआर द्वारा जारी किए गए स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के अधीन जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटो सहित पेंशन दस्तावेज, बैंकों, डाकघरों द्वारा जारी की गई फोटोयुक्त पासबुक एवं सांसदों, विधायकों, विधानपरिषद सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र शामिल हैं। 

तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1188 मतदान केन्द्र

    कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि  विधानसभा उप चुनाव के लिये तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 285 सहायक मतदान केन्द्रों सहित कुल 1188 मतदान केन्द्र हैं, जिनमें विधानसभा क्षेत्र-15 ग्वालियर के 409 (314 मूल मतदान केन्द्र व 95 सहायक मतदान केन्द्र), विधानसभा क्षेत्र 16-ग्वालियर पूर्व के 447 (334 मूल मतदान केन्द्र व 113 सहायक मतदान केन्द्र) एवं विधानसभा क्षेत्र 19-डबरा (अजा) के 332 (255 मूल मतदान केन्द्र व 77 सहायक मतदान केन्द्र) मतदान केन्द्र शामिल हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी 1188 मतदान केन्द्र 535 परिसरों (लोकेशन) में स्थापित किए गए हैं।

हर विधानसभा क्षेत्र में 5 – 5 आदर्श मतदान केन्द्र

    भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के पालन में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र ग्वालियर, ग्वालियर पूर्व एवं डबरा में 5 – 5 आदर्श मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इन मतदान केन्द्रों को विशेष रूप से सजाया संवारा गया है। विधानसभा क्षेत्र 15-ग्वालियर के अंतर्गत कम्युनिटी हॉल लक्ष्मीबाई कॉलोनी, मिसहिल हायर सेकेण्ड्री स्कूल लक्ष्मीबाई कॉलोनी, वीनस पब्लिक स्कूल आनंदनगर, समर्थ बाल मंदिर आनंद नगर कॉलोनी बहोड़ापुर एवं जेसीमिल उमावि हजीरा को आदर्श मतदान केन्द्र के रूप में तैयार किया गया है।
    इसी तरह विधानसभा क्षेत्र 16-ग्वालियर पूर्व में केन्द्रीय विद्यालय क्र.-1 का नवनिर्मित ब्लॉक, दून पब्लिक स्कूल पटेलनगर, प्रगति विद्यापीठ आदित्यनगर सीपी कॉलोनी मुरार, स्वामी विवेकानंद अकादमी मल्होत्रा फार्म भिण्ड रोड़ एवं कम्प्यूटर साइंस अध्ययनशाला जीवाजी विश्वविद्यालय में आदर्श मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।
    विधानसभा क्षेत्र 19-डबरा (अजा) के अंतर्गत शासकीय जवाहर उमावि बिलौआ पूर्वी भाग-2, शासकीय उमावि पिछोर उत्तरी भाग कक्ष क्र.-1, नवीन प्राथमिक विद्यालय भवन टेकनपुर, संत कंवरराम उमावि डबरा पश्चिमी भाग एवं शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय सुभाषगंज डबरा पूर्वी भाग को आदर्श मतदान केन्द्र बनाया गया है।

मतदान दिवस को रहेगा अवकाश  

    जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि जिले के जिन विधानसभा क्षेत्रों में उप चुनाव होना हैं उन सभी में मतदान दिवस 3 नवम्बर को सार्वजनिक अवकाश रहेगा, जिससे सभी लोग अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।

मतदान कर्मियों की सुविधा के लिये दीदी कैफे

    मतदान सामग्री वितरण स्थल एमएलबी कॉलेज परिसर में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा दीदी कैफे कैन्टीन लगाई थी। सर्व ग्वालियर एप से संबद्ध दीदी कैफे ने मतदान दलों में शामिल अधिकारियों-कर्मचारियों को सशुल्क स्वल्पाहार कराया।

रविवार, 1 नवंबर 2020

मतदान सामग्री लेकर आज रवाना होंगे मतदान दल , कलेक्टर ने लिया मतदान सामग्री वितरण व्यवस्था का जायजा

 

जिले में विधानसभा उप चुनाव के लिए सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। मतदान दलों को 2 नवम्बर को एमएलबी. कॉलेज से प्रात: 5 बजे से वीवीपैट एवं ईवीएम सहित सभी प्रकार की मतदान सामग्री वितरित की जायेगी। इसके बाद विशेष वाहनों से मतदान दलों को उनके मतदान केन्द्रों के लिये रवाना किया जायेगा। ज्ञात हो 3 नवम्बर को जिले के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 15-ग्वालियर, 16-ग्वालियर पूर्व एवं 19-डबरा (अजा) में प्रात: 7 बजे से सायंकाल 6 बजे तक मतदान होगा। जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 285 सहायक मतदान केन्द्रों सहित कुल 1188 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 8 लाख 30 हजार 603 मतदाता हैं।
    कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने रविवार की शाम एमएलबी कॉलेज पहुँचकर मतदान सामग्री वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। इस अवसर पर  जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं मतदान सामग्री वितरण व्यवस्था के नोडल अधिकारी श्री शिवम वर्मा, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशीष तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद थे। 
एमएलबी कॉलेज से मतदान सामग्री लेकर रवाना होंगे मतदान दल  
मतदान सामग्री वितरित करने के लिये एमएलबी कॉलेज परिसर में विधानसभा क्षेत्रवार काउण्टर और मतदान दलों के सहयोग के लिये उदघोषणा कक्ष बनाए गए हैं। मतदान सामग्री वितरण व संकलन के लिए हर विधानसभा क्षेत्र के मान से दो प्रकार के काउण्टर बनाए गए हैं। एक काउण्टर पर ईवीएम, वीवीपैट एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रपत्र वितरण का काम होगा।  दूसरे काउण्टर से शेष सामग्री वितरित की जायेगी। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 15-ग्वालियर के लिये 16-16 काउण्टर, विधानसभा क्षेत्र 16-ग्वालियर पूर्व के लिये 18-18 काउण्टर एवं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 19-डबरा (अजा) के लिये 13-13 काउण्टर बनाए गए हैं। हर काउण्टर पर 8 अधिकारी-कर्मचारी सामग्री वितरण व प्राप्ति के लिये तैनात रहेंगे।
मतदान दलों को मतदान सामग्री की थैली के लिये कहीं जाने की जरूरत नहीं रहेगी उन्हें संबंधित विधानसभा क्षेत्र के काउण्टर के समीप निर्धारित किए गए स्थल पर ही वितरण में लगे कर्मचारी यह थैली प्रदान करेंगे। मतदान सम्पन्न होने के पश्चात मतदान सामग्री एमएलबी कॉलेज में ही जमा की जायेगी। यहीं पर विधानसभा क्षेत्रवार बनाये गये स्ट्रांग रूम में ई व्ही एम. कड़ी सुरक्षा के बीच सील्ड कर रखी जायेंगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि मतदान दलों को मतदान केन्द्रों तक पहुँचाने एवं मतदान के पश्चात वापस एमएलबी कॉलेज तक लाने के लिये 25 रिजर्व बसों सहित कुल 273 बसों का अधिग्रहण किया गया है। इसके अलावा सेक्टर अधिकारियों के लिये भी रिजर्व वाहनों सहित 110 वाहनों की व्यवस्था की गई है।
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1188 मतदान केन्द्र
    कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि  विधानसभा उप चुनाव के लिये जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 285 सहायक मतदान केन्द्रों सहित कुल 1188 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें विधानसभा क्षेत्र-15 ग्वालियर के 409, विधानसभा क्षेत्र 16-ग्वालियर पूर्व के 447 एवं विधानसभा क्षेत्र 19-डबरा (अजा) के 332 मतदान केन्द्र शामिल हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ग्वालियर शहर में स्थित मतदान केन्द्र 365 भवनों में स्थापित किए गए हैं।
एक सैकड़ा मतदान केन्द्रों पर होगी वेबकास्टिंग एवं 88 स्थानों पर लगे सीसीटीव्ही कैमरे
    जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष ढंग से मतदान सम्पन्न कराने के लिये तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 100 मतदान केन्द्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा 88 स्थानों पर सीसीटीव्ही कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही 49 माइक्रो ऑब्जर्वर भी विभिन्न मतदान केन्द्रों पर तैनात रहेंगे। मतदान पर निगरानी रखने के लिये 98 सेक्टर अधिकारी लगातार अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों पर पहुँचेंगे। साथ ही सेक्टर पुलिस अधिकारी भी भ्रमण पर रहेंगे। केन्द्रीय सुरक्षा बलों की 10 कंपनियों सहित स्थानीय पुलिस बल मतदान केन्द्रों पर तैनात किया जायेगा।
मतदान दलों को पहुँचाने के लिये 248 रूट
    जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी 1188 मतदान केन्द्रों तक मतदान दलों को पहुँचाने के लिये 248 रूट बनाए गए हैं। अपर जिला दण्डाधिकारी श्री किशोर कान्याल ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र 15-ग्वालियर के अंतर्गत 94, विधानसभा क्षेत्र 16-ग्वालियर पूर्व में 84 एवं विधानसभा क्षेत्र 19-डबरा (अजा) में 70 रूट बनाए गए हैं।
अब तक 43 एफआईआर  दर्ज, सी-विजिल और 1950 पर आईं सभी शिकायतों का निराकरण
    कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि आचार संहिता के उल्लंघन पर अब तक तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 43 एफआईआर दर्ज की गई हैं। उन्होंने बताया कि 1950 नम्बर पर 56 एवं सी-विजिल एप पर 111 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, इन सभी का निराकरण कर दिया गया है।
मतदान दिवस को रहेगा अवकाश  
    जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि जिले के जिन विधानसभा क्षेत्रों में उप चुनाव होना हैं उन सभी में मतदान दिवस 3 नवम्बर को सार्वजनिक अवकाश रहेगा, जिससे सभी लोग अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।
2678 बुजुर्ग व दिव्यांगों ने डाक मत पत्र डाले
    कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि जिले में दिव्यांगों सहित 80 वर्ष से अधिक आयु के कुल 3 हजार 107 बुजुर्गों ने निर्धारित प्रपत्र में डाक मत पत्र के लिये आवेदन भरे थे। इनमें से अब तक 2 हजार 678 दिव्यांग व बुजुर्गों द्वारा डाक मत पत्र के जरिए अपने मताधिकार का उपयोग किया जा चुका है।
अब तक 3197 कर्मचारियों ने डाक मत पत्र डाले
    जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि गत दिवस पर 3 हजार 197 शासकीय अधिकारी-कर्मचारी डाक मत पत्र के जरिए अपने मताधिकार का उपयोग कर चुके हैं। डाक मत पत्र से मतदान के लिये कुल 5 हजार 333 अधिकारी-कर्मचारियों ने फार्म-12 भरे गए थे।
आज थीम रोड़ पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा
    एमएलबी कॉलेज से सुव्यवस्थित ढंग से मतदान दलों को रवाना करने के लिये यातायात व्यवस्था में 2 नवम्बर को बदलाव किया गया है। इस दिन शीतला सहाय चौराहे से अचलेश्वर तक थीम रोड़ पर अवागमन प्रतिबंधित रहेगा। केवल मतदान दलों के परिवहन में लगाए गए वाहन ही इस रोड़ पर आ-जा सकेंगे। अपर जिला दण्डाधिकारी श्री किशोर कान्याल ने बताया कि सभी मतदान दल रवाना होने के बाद थीम रोड़ को आवागमन के लिये खोल दिया जायेगा। इसके बाद 3 नवम्बर को सायंकाल 6 बजे से थीम रोड़ पर फिर से आवागमन प्रतिबंधित किया जायेगा, जिससे मतदान दल सुगमता से एमएलबी कॉलेज पहुँचकर मतदान सामग्री जमा कर सकें। उन्होंने बताया कि 2 दिसम्बर को शासकीय कर्मचारियों के लिये जीवायएमसी मैदान, सनातन धर्म मंदिर व चेम्बर ऑफ कॉमर्स में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा एमएलबी कॉलेज की पार्किंग में भी कर्मचारी अपने दुपहिया वाहन खड़े कर सकेंगे। 

सील हुईं शराब की दूकानें , निर्वाचन क्षेत्रों के सीमावर्ती दूकानें भी सील , मदिरा दुकानें मतदान समाप्ति तक बंद रहेंगीं

 जिले के विधानसभा क्षेत्र 15-ग्वालियर, 16-ग्वालियर पूर्व एवं 19-डबरा (अजा) के अंतर्गत सभी प्रकार की मदिरा दुकानें 3 नवम्बर को मतदान समाप्ति तक बंद रहेंगी। साथ ही इन विधानसभा क्षेत्रों के तीन किलोमीटर सीमावर्ती क्षेत्र की मदिरा दुकानें भी बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा ग्वालियर जिले के सीमावर्ती विधानसभा क्षेत्र करैरा, दतिया, मुरैना, गोहद व पोहरी के सीमावर्ती क्षेत्र से लगे तीन किलोमीटर के दायरे में भी मदिरा दुकानें भी बंद रहेंगीं।

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने विधानसभा उपचुनाव स्वतंत्र एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के मकसद से एक नवम्बर की सायंकाल 6 बजे से 3 नवम्बर को मतदान समाप्ति तक शुष्क दिवस घोषित किया है। इस दौरान मदिरा का निर्माण, प्रदाय, भण्डारण एवं परिवहन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।