बुधवार, 30 जून 2010

21 भरे हुए घरेलू गैस सिलेण्डर जब्त

21 भरे हुए घरेलू गैस सिलेण्डर जब्त

ग्वालियर 26 जून 10 खाद्य विभाग के जाँच दल द्वारा घरेलू एल पी जी. सिलेण्डर का दुरूपयोग रोकने के लिये विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी एवं अपर कलेक्टर श्री आर के. जैन के निर्देश पर चलाया गया है।

       जिला आपूर्ति नियंत्रक से प्राप्त जानकारी के अनुसार रेल्वे स्टेशन बजरिया क्षेत्र में प्रात: 6  बजे मै. राजा गैस एजेंसी का हॉकर इण्डियन काफी हाउस के सामने खड़ा घरेलू एल पी जी. सिलेण्डर को व्यावसायिक  प्रतिष्ठानों पर  विक्रय करने का प्रयास करते हुए पाया गया। लोडिंग ऑटो क्रमांक एम के. डब्ल्यू. -7609 में 21 भरे हुए सील्ड घरेलू सिलेण्डर रखे हुए थे जबकि व्यवासायिक सिलेण्डर एक भी नहीं था। हॉकर के पास 26 उपभोक्ता पर्चियां पाई गईं, पर्चियों के प्रतिपर्ण नहीं पाये गये। उक्त सभी पर्चियां लश्कर क्षेत्र के उपभोक्ताओं की थीं। किन्तु हॉकर द्वारा लश्कर क्षेत्र में न जाकर रेल्वे स्टेशन क्षेत्र में व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर घरेलू गैस सिलेण्डरों का विक्रय का प्रयास करते हुए पाये जाने के कारण लोडिंग ऑटो तथा उसमें रखे 21 भरे हुए सिल्ड घरेलू एल पी जी. सिलेण्डर हॉकर से जप्त कर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रकरण निर्मित किया गया है। जप्त सामग्री का मूल्य लगभग 73 हजार रूपये है।

       उन्होंने बताया कि एल पी जी. की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु जांच अभियान जारी रहेगा। समस्त व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकगणों को हिदायत दी गई है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में घरेलू एल पी जी. सिलेण्डरों का उपयोग न करें। जांच दल में जिला आपूर्ति नियंत्रक श्रीमती ज्योति शाह नरवरिया, सहायक आपूर्ति अधिकारी श्री विपिन श्रीवास्तव तथा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री आर  एस. गुप्ता, श्री आर एम. श्रीवास्तव, श्री अवधेश पाण्डेय शामिल हैं।

 

कोई टिप्पणी नहीं: