शुक्रवार, 11 नवंबर 2011

ग्वालियर में प्रभात झा की शह पर भाजपाइयों ने की कांग्रेसियों के साथ मारपीट

ग्वालियर में प्रभात झा की शह पर भाजपाइयों ने की कांग्रेसियों के साथ मारपीट
 
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूरिया द्वारा भाजपाई गुण्डागर्दी की कड़ी निंदा
भोपाल 11 नवम्बर । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने आज ग्वालियर नगर निगम के कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष शम्मी शर्मा सहित कांग्रेसियों के साथ भाजपाइयों द्वारा की गई मारपीट की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि इन दिनों भाजपा सरकार के मुख्य मंत्री एवं कई मंत्रीगण गंभीर आर्थिक अपराधों से घिर गए हैं। नित नये घोटाले उजागर हो रहे हैं। इससे भाजपा के नेता और कार्यकर्ता बुरी तरह बौखला उठे हैं। ग्वालियर में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा और ग्वालियर नगर निगम की महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता की मौजूदगी में कांग्रेसियों के साथ भाजपाइयों द्वारा आज हुई पिटाई की घटना इसी बौखलाहट की प्रतिक्रिया है। आपने कहा है कि भाजपा ने सपने में भी नहीं सोचा था कि उसको आरोपों की ऐसी बाढ़ का सामना करना पड़ेगा। प्रदेश में स्थितियां तेजी से भाजपा और उसकी सरकार के खिलाफ होती जा रही हैं। प्रभात झा इससे उपजी खीज को कांग्रेसियों के साथ मारपीट के जरिए निकाल रहे हैं।
भूरिया ने कहा है कि आज नगर निगम, ग्वालियर ने ग्वालियर विधान सभा क्षेत्र में निर्माण कार्यों का भूमि पूजन रखा था। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष भूमि पूजन करने पहुंचे थे। जिस वार्ड में यह कार्यक्रम आयोजित था वह विधान सभा क्षेत्र और वार्ड कांग्रेस के कब्जे में है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक को नगर निगम द्वारा आमंत्रित नहीं किया गया था, जबकि यह कार्यक्रम उन्हीं के निर्वाचन क्षेत्र में हो रहा था। कांग्रेस विधायक और कांग्रेस की वार्ड पार्षद के प्रति नगर निगम द्वारा बरती गई उपेक्षा से कांग्रेसजनों में भारी आक्रोश था। कांग्रेस पार्षद सुषमा चौहान को बताया गया था कि चूंकि कार्यक्रम उनके वार्ड में हो रहा है, इसलिए कार्यक्रम का संचालन वे करेंगी। लेकिन प्रभात झा और महापौर समीक्षा गुप्ता के मंच पर पहुंचने के बाद माईक भाजपा के व्यक्ति को सौंप दिया गया। कांग्रेस विधायक, पार्षदों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसका कड़ा विरोध किया। इस बीच अचानक भाजपा कार्यकर्ताओं ने वार्ड पार्षद सुषमा चौहान को धक्का देकर गिरा दिया। इससे कांग्रेस कार्यकर्ता भी उत्तेजित हो गए और मांग करने लगे कि यह कार्यक्रम नगर निगम का है एवं कांग्रेस विधायक और कांग्रेस पार्षद के क्षेत्र में हो रहा है, इसलिए प्रमुख कांग्रेस नेताओं को भी मंच पर स्थान दिया जाए। तब तक प्रभात झा और महापौर सहित       12 भाजपा नेता मंच पर बैठ चुके थे।
प्रदेशाध्यक्ष ने आगे कहा है कि इसी बीच ''मारो सालाें को'' कहते हुए भाजपा के लोग अचानक कांग्रेसियों पर टूट पड़े। उन्होंने कांग्रेसियों के साथ धक्का मुक्की और मारपीट की। आपने आरोप लगाया है कि भाजपा नेताओं के इशारे पर पुलिस वालों ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताआें पर कुर्सियां फेंकी और उनको कई प्रकार से अपमानित किया। भाजपाइयों द्वारा की गई निर्मम मारपीट और पुलिस वालों द्वारा कांग्रेसियों पर कुर्सियां फेंकने के कारण पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शम्मी शर्मा और जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष दर्शनसिंह यादव सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए। इस घटना के विरोध में 500-600 कांग्रेसियों ने पुलिस की गुण्डागर्दी के विरोध में थाने पर जबर्दस्त प्रदर्शन किया। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा के इशारे पर ग्वालियर विधान सभा क्षेत्र के कांग्रेस विद्यायक प्रद्युमनसिंह तोमर सहित करीब 50 कांग्रेसजनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरफ्तारी भाजपा के उन नेताओं और कार्यकर्ताओं की होना चाहिए थी, जिन्होंने इस कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों के साथ मारपीट और महिलाओं के साथ बदसलूकी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारियां और उनके द्वारा धरना-प्रदर्शन अभी जारी है।
भूरिया ने चेतावनी दी हे कि कांग्रेस कार्यकर्ता एक अनुशासित पार्टी के लोग हैं। वे शांति और अनुशासन में विश्वास करते हैं। भाजपा को अपने कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रखना चाहिए, अन्यथा कांग्रेस को भी उन्हींके सिक्कों में भुगतान करने के लिए विवश होना पड़ेगा। ऐसी स्थिति में सारी जवाबदारी भाजपा और उसकी सरकार की होगी। आपने दोषियाें के विरूद्व कार्रवाई की मांग की है।
 

कोई टिप्पणी नहीं: