शुक्रवार, 11 नवंबर 2011

ग्वालियर में प्रभात झा की शह पर भाजपाइयों ने की कांग्रेसियों के साथ मारपीट

ग्वालियर में प्रभात झा की शह पर भाजपाइयों ने की कांग्रेसियों के साथ मारपीट
 
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूरिया द्वारा भाजपाई गुण्डागर्दी की कड़ी निंदा
भोपाल 11 नवम्बर । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने आज ग्वालियर नगर निगम के कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष शम्मी शर्मा सहित कांग्रेसियों के साथ भाजपाइयों द्वारा की गई मारपीट की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि इन दिनों भाजपा सरकार के मुख्य मंत्री एवं कई मंत्रीगण गंभीर आर्थिक अपराधों से घिर गए हैं। नित नये घोटाले उजागर हो रहे हैं। इससे भाजपा के नेता और कार्यकर्ता बुरी तरह बौखला उठे हैं। ग्वालियर में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा और ग्वालियर नगर निगम की महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता की मौजूदगी में कांग्रेसियों के साथ भाजपाइयों द्वारा आज हुई पिटाई की घटना इसी बौखलाहट की प्रतिक्रिया है। आपने कहा है कि भाजपा ने सपने में भी नहीं सोचा था कि उसको आरोपों की ऐसी बाढ़ का सामना करना पड़ेगा। प्रदेश में स्थितियां तेजी से भाजपा और उसकी सरकार के खिलाफ होती जा रही हैं। प्रभात झा इससे उपजी खीज को कांग्रेसियों के साथ मारपीट के जरिए निकाल रहे हैं।
भूरिया ने कहा है कि आज नगर निगम, ग्वालियर ने ग्वालियर विधान सभा क्षेत्र में निर्माण कार्यों का भूमि पूजन रखा था। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष भूमि पूजन करने पहुंचे थे। जिस वार्ड में यह कार्यक्रम आयोजित था वह विधान सभा क्षेत्र और वार्ड कांग्रेस के कब्जे में है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक को नगर निगम द्वारा आमंत्रित नहीं किया गया था, जबकि यह कार्यक्रम उन्हीं के निर्वाचन क्षेत्र में हो रहा था। कांग्रेस विधायक और कांग्रेस की वार्ड पार्षद के प्रति नगर निगम द्वारा बरती गई उपेक्षा से कांग्रेसजनों में भारी आक्रोश था। कांग्रेस पार्षद सुषमा चौहान को बताया गया था कि चूंकि कार्यक्रम उनके वार्ड में हो रहा है, इसलिए कार्यक्रम का संचालन वे करेंगी। लेकिन प्रभात झा और महापौर समीक्षा गुप्ता के मंच पर पहुंचने के बाद माईक भाजपा के व्यक्ति को सौंप दिया गया। कांग्रेस विधायक, पार्षदों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसका कड़ा विरोध किया। इस बीच अचानक भाजपा कार्यकर्ताओं ने वार्ड पार्षद सुषमा चौहान को धक्का देकर गिरा दिया। इससे कांग्रेस कार्यकर्ता भी उत्तेजित हो गए और मांग करने लगे कि यह कार्यक्रम नगर निगम का है एवं कांग्रेस विधायक और कांग्रेस पार्षद के क्षेत्र में हो रहा है, इसलिए प्रमुख कांग्रेस नेताओं को भी मंच पर स्थान दिया जाए। तब तक प्रभात झा और महापौर सहित       12 भाजपा नेता मंच पर बैठ चुके थे।
प्रदेशाध्यक्ष ने आगे कहा है कि इसी बीच ''मारो सालाें को'' कहते हुए भाजपा के लोग अचानक कांग्रेसियों पर टूट पड़े। उन्होंने कांग्रेसियों के साथ धक्का मुक्की और मारपीट की। आपने आरोप लगाया है कि भाजपा नेताओं के इशारे पर पुलिस वालों ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताआें पर कुर्सियां फेंकी और उनको कई प्रकार से अपमानित किया। भाजपाइयों द्वारा की गई निर्मम मारपीट और पुलिस वालों द्वारा कांग्रेसियों पर कुर्सियां फेंकने के कारण पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शम्मी शर्मा और जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष दर्शनसिंह यादव सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए। इस घटना के विरोध में 500-600 कांग्रेसियों ने पुलिस की गुण्डागर्दी के विरोध में थाने पर जबर्दस्त प्रदर्शन किया। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा के इशारे पर ग्वालियर विधान सभा क्षेत्र के कांग्रेस विद्यायक प्रद्युमनसिंह तोमर सहित करीब 50 कांग्रेसजनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरफ्तारी भाजपा के उन नेताओं और कार्यकर्ताओं की होना चाहिए थी, जिन्होंने इस कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों के साथ मारपीट और महिलाओं के साथ बदसलूकी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारियां और उनके द्वारा धरना-प्रदर्शन अभी जारी है।
भूरिया ने चेतावनी दी हे कि कांग्रेस कार्यकर्ता एक अनुशासित पार्टी के लोग हैं। वे शांति और अनुशासन में विश्वास करते हैं। भाजपा को अपने कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रखना चाहिए, अन्यथा कांग्रेस को भी उन्हींके सिक्कों में भुगतान करने के लिए विवश होना पड़ेगा। ऐसी स्थिति में सारी जवाबदारी भाजपा और उसकी सरकार की होगी। आपने दोषियाें के विरूद्व कार्रवाई की मांग की है।
 

रविवार, 30 अक्टूबर 2011

गर्व से कहो ''तुम'' हिन्दू हो .....नरेन्द्र सिंह तोमर ''आनन्द''

गर्व से कहो तुम हिन्दू हो ........
नरेन्द्र सिंह तोमर ''आनन्द''
 
राजा वह जो न्याय करे, धर्म वह जो धारण हो, कर्म वह जो कारण हो, गुण वह जो त्रयगुणातीतो हो, राजपूत राजा देव अवतार होता है उसमें देव अंश रहता है, समदर्शिता उसका प्रधान लक्षण है जो समदर्शी नहीं वह प्रभु भक्त नहीं, प्रभु का प्रधान गुण है धर्म की रक्षा, धर्म मगर कौनसा ? क्या हिन्दू धर्म ... किस शास्त्र में वर्णित है शब्द हिन्दू या हिन्दू धर्म ? किस गंथ या शास्त्र या किस राजा ने घोषित किया है एक समुदाय को हिन्दू ? जब हमारा राज्य था महाभारत पर , दिल्ली पर तब तक तो तुम कोई भी नहीं थे हिन्दू .... तुर्क आये मुगल आये उन्होंनें तुम्हारा हिन्दू ... तुम्हें कहा गुलाम और दास ... सारी गुलामी और दासत्व को एक नाम दे दिया हिन्दू .... और तुमने उसे सीने से चिपका लिया , गौरवान्वित होकर एक गुलाम तमगा हिन्दू शब्द पाकर ... कहते हो सबसे कि ''गर्व से कहो हम हिन्दू है'' ... अपनी मुगल और तुर्क गुलामी व दासता का बड़े गौरव से प्रचार करते हो ... जब अपने कुल के न हो सके तुम, अपनी खुद की मॉं के न हो सके, अपने वंश और अपने राजा के न हुये तो मातृभूमि के कैसे हो सकते हो .... जाओ विचार करो ... हम थे दिल्ली के राजा ... भारत के राजा .. महाभारत के राजा ... दिल्ली और आजाद भारत के आखरी हिन्दू राजा और राजवंश ... हमने तो नहीं दिया ये ''हिन्दू'' नाम तुम्हें .... उल्टे जो तुम्हारे भाई बंधु वंश व मातृभूमि के लोग जबरन धर्म परिवर्तन करा मुसलमान बना दिये उन्हीं अपने भाईयों को आज गालियां देते हो , उनकी बहिन बेटियों की आबरू लूटते हो , कत्ल कर देते हो ... धिक्कार है ... अपने ही लहू को नहीं पहचानते ... फिर गर्व से ये और कहते हो मातृभूमि ... किसकी नहीं है ये मातृभूमि .... क्या यही है श्रीकृष्ण और अर्जुन का बनाया हुआ महाभारत जहॉं दो तिहाई विश्व , और भूभाग ही नहीं , संस्कृति, सभ्यता और भाषाओं , जातियों, समुदायों को मिला कर एक कर दिया था, हर भारत भरतवंशी श्रीकृष्‍ण , अर्जुन और पांडव के वंशज के लिये समूची धरा ही मातृभूमि है और वसुधैव कुटुम्बकम इस वंश का सूत्र है .... ध्यान रहे यह सम्पूर्ण धरा मातृभूमि है ... धर्म के जो चार चरण हैं उन्हें भुला कैसे दिया तुमने ... चार प्रकार के धर्मों का वर्णन है उसे भुला कैसे दिया तुमने ... धर्म जन्म से नहीं प्राप्त होता .. धारण किया जाता है उसे भुला कैसे दिया तुमने ... आज के राजाओं का भी पूर्ण वर्णन शास्त्रों और ग्रंथों में है ... मगर अफसोस ... शास्त्रों और ग्रंथों का इन एक भी अर्जी फर्जी नेताओं / आज के राजाओं को ज्ञान नहीं है ... अगर भूले से भी एक बार भी शास्त्र या ग्रंथ पढ़ लेंगें तो ये खुद को हिन्दू कहना तत्काल उसी वक्त से बंद कर देंगें और संपूर्ण धरा इनकी मातृभूमि और समचा विश्व इनका साम्राज्य और पुन: महाभारत की स्थापना एवं भारत का समूचे विश्व पर एकक्षत्र निष्कंटक राज्य होगा ...


गुरुवार, 20 अक्टूबर 2011

दिग्विजय के बयानों से नाराज प्रदेश सचिव अरोरा ने कांग्रेस छोड़ी , कांग्रेस ने प्रदेश सचिव हरीश अरोरा को निलंबित किया

दिग्विजय के बयानों से नाराज प्रदेश सचिव अरोरा ने कांग्रेस छोड़ी , कांग्रेस ने प्रदेश सचिव हरीश अरोरा को निलंबित किया

  भोपाल।। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव तथा मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की बयानबाजी से नाराज कांग्रेस की प्रदेश इकाई के सचिव हरीश अरोरा ने पद से इस्तीफा दे दिया है।

हरीश का आरोप है कि दिग्विजय लगातार ऐसे बयान दे रहे हैं जो जन भावनाओं के खिलाफ है। इससे पार्टी की छवि प्रभावित हो रही है। हरीश ने कहा, 'पहले वह आतंकवादी ओसामा बिन लादेन के लिए सम्मानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं, फिर मुंबई में शहीद हुए पुलिस अधिकारी हेमंत करकरे की शहादत पर सवाल खड़े करते हैं। इतना ही नहीं उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे पर भी गैरजिम्मेदाराना टिप्पणी की है।'

हरीश ने आरोप लगाया, 'दिग्विजय ने प्रदेश के मुख्यमंत्री रहते हुए पूरे राज्य को बर्बाद किया है। इसका खमियाजा कांग्रेस आज तक भुगत रही है। इसके अलावा भी कई अन्य कारण है जिनके चलते पद से मैं इस्तीफा दे रहा हूं, जिनका बाद में खुलासा करुंगा।'

हरीश ने कहा कि उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी की प्रदेश इकाई को फैक्स के जरिए भेज दिया है और दफ्तर पहुंचकर वह अपना इस्तीफा सौंप देंगे। कांग्रेस के मीडिया प्रभारी प्रमोद गुगालिया ने बताया कि पार्टी को उनका इस्तीफा नहीं मिला है।

गौरतलब है कि लंबी जद्दोजहद के बाद कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी का गठन हुआ था। कई वरिष्ठ नेताओं को कार्यकारिणी में स्थान न मिलने से असंतोष की आवाज उठ रही थी। हरीश का इस्तीफा पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी का ही नतीजा माना जा रहा है।
उधर मध्यप्रदेश कांग्रेस की ओर से निम्न प्रेसनोट जारी किया गया है -

 

भोपाल 20 अक्टूबर । पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने प्रदेश कांग्रेस के नव नियुक्त सचिव हरीश अरोरा को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस से निलंबित कर दिया है। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस के कार्यालय प्रभारी शांतिलाल पडियार ने दी है।

भाजपा के पालतू कठपुतली लोकायुक्त पर करोड़ों की बर्बादी क्यों ? – म.प्र. कांग्रेस

भाजपा के पालतू कठपुतली लोकायुक्त पर करोड़ों की बर्बादी क्यों ? – म.प्र. कांग्रेस

मुख्य मंत्री शिवराजसिंह प्रदेश की जनता को जवाब दें : मानक अग्रवाल

 

भोपाल 20 अक्टूबर । प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मानक अग्रवाल ने आज जारी बयान में कहा है कि उपलब्ध तथ्यों से यह निर्विवाद रूप से साबित हो चुका है कि म.प्र. के लोकायुक्त न्यायमूर्ति   पी.पी. नावलेकर आर.एस.एस., प्रकारांतर से भाजपा के आदमी हैं। लोकायुक्त जैसे गरिमापूर्ण पद पर उनकी नियुक्ति की सारी औपचारिकताएं एक दिन में पूरी कर आदेश जारी किये जाने से जाहिर है कि अप्रत्यक्ष रूप से आर.एस.एस. के रिमोट कंट्रोल से संचालित प्रदेश की भाजपा सरकार को नावलेकरजी कितने अधिक ''प्रिय'' हैं। आपने कहा है कि सेवानिवृत्ति के बाद इतने महत्वपूर्ण पर पर नियुक्ति के रूप में जो उपकार किया गया है, उसके नीचे वे बुरी तरह दबे हुए हैं। ऐसी दशा में यदि नावलेकरजी भाजपा सरकार और उन पर भाजपा द्वारा वे मुख्यमंत्री सहित भाजपा के मंत्रियों तथा अन्य बड़े नेताआें के प्रति ''अति संवेदनशील'' हैं, तो यह उनके द्वारा व्यक्तिगत स्तर पर प्रगट की जा रही कृतज्ञता ही है।

मानक अग्रवाल ने कहा है कि भाजपा सरकार के मुखिया शिवराजसिंह लोकायुक्त न्यायमूर्ति नावलेकर के प्रति लगातार अपनी कृपादृष्टि बनाये हुए हैं। वे पिछले सितम्बर महीने में नावलेकरजी के व्यवसायी पुत्र संदीप नावलेकर को अपनी नौ दिवसीय चीन यात्रा में अपने साथ ले गए थे। मेरे द्वारा इस पर आपत्ति ली जाने पर मुख्य मंत्री ने संदीप से मीडिया में स्पष्टीकरण दिलवाया था कि वे म.प्र. सरकार के प्रतिनिधि मंडल में अपने खर्च से चीन गए थे। माना कि वे अपने खर्च से चीन गए थे तो फिर क्या मुख्य मंत्री बताएंगे कि यात्रा का खर्च उठाकर कोई भी व्यक्ति राज्य सरकार के प्रतिनिधि मंडल में शामिल होकर विदेश यात्रा कर सकता है ? वे इस बात का भी जवाब दें कि इस तरह शासकीय प्रतिनिधि में अनाधिकृत व्यवसायी व्यक्ति के शामिल होने से विभिन्न स्तरों पर चर्चाओं और समझौतों की प्रक्रिया की गोपनीयता बनी रह सकती है ?

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष ने आगे कहा है कि सच बात तो यह है कि संदीप नावलेकर को अपने साथ चीन यात्रा का अवसर देकर मुख्य मंत्री ने लोकायुक्त पर एक और उपकार किया है। इस तरह भाजपा सरकार ने राज्य के लोकायुक्त को उपकारों के बोझ तले इतना दबा दिया है कि उनकी निष्पक्षता और न्यायप्रियता उसके नीचे दब कर रह गई है। लोकायुक्त नावलेकर की हाल ही की कार्यवाहियों से यह स्पष्ट हो चुका है कि लोकायुक्त संस्था भाजपा सरकार की कठपुतली बनकर रह गई है। इसी कारण जहां एक ओर लोकायुक्त कार्यालय ने राज्य के उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के कथित भ्रष्टाचार के प्रकरण दब गए हैं-वहीं दूसरी ओर मुख्य मंत्री शिवराजसिंह और उनकी पत्नी साधनासिंह के खिलाफ दर्ज डम्पर कांड भी समाप्त कर दिया गया है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग से संबंधित 100 करोड़ के भ्रष्टाचार के प्रकरण लोकायुक्त ने यह कहकर स्वास्थ्य विभाग को वापस कर दिये हैं, इन प्रकरणों की विभाग अपने स्तर पर ही जांच करें। यदि विभागों को भ्रष्टाचारों की अपने स्तर पर ही जांच करना है, तो फिर प्रदेश में लोकायुक्त की आवश्यकता ही क्या है ?

अग्रवाल ने कहा है कि आज प्रदेश में लोकायुक्त संस्था को एक 'दंतविहीन शेर' बनाकर खूंटे से बांध दिया गया है। ऐसी स्थिति में लोकायुक्त नावलेकरजी बतावें कि प्रदेश की जनता भ्रष्टाचार के मामलों में न्याय पाने के लिए कौन सा दरवाजा खटखटाए ?  आपने मुख्य मंत्री से कहा है कि वे भी प्रदेश की जनता को जवाब दें कि कठपुतली लोकायुक्त पर हर वर्ष करोड़ों खर्च करना कहां तक उचित है ? 

कांग्रेस ने झा को दी डॉ. गोविंदसिंह के खिलाफ चुनाव लड़ने की चुनौती, बडबोले प्रभात झा आतंकी जुबान से परहेज करें : के.के. मिश्रा

कांग्रेस ने झा को दी डॉ. गोविंदसिंह के खिलाफ चुनाव लड़ने की चुनौती

बडबोले प्रभात झा आतंकी जुबान से परहेज करें : के.के. मिश्रा

 

भोपाल 19 अक्टूबर । प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता के.के. मिश्रा ने मंगलवार को भिण्ड जिले के लहार में भाजपा के हल्ला बोल अभियान के दौरान प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष प्रभात झा द्वारा अपने संबोधन में कांग्रेस और वहां से लगातार पांचवी बार अपराजित विधायक डॉ. गोविंद सिंह को दी गई चुनौती पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने झा पर पलटवार करते हुए कहा है कि यदि उन्हें सत्ता के बल पर अपनी कथित संगठनात्मक क्षमता और बुध्दि का इतना घमंड है, तो वे आज ही डॉ. गोविंदसिंह के निर्वाचन क्षेत्र लहार से विधान सभा चुनाव लड़ने की घोषणा करें, अन्यथा आतंकी जुबान और बड़बोलेपन से परहेज करें।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने झा पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि लगता है कि उनकी राजनीतिक जुबान रोगग्रस्त है। समय से पूर्व एवं हैसियत से अधिक राजनैतिक ऊंचाई हांसिल करने के बाद वे राजनैतिक संयम, मर्यादा और कर्तव्यबोध से निरंतर विमुख होकर प्रदेश के गरिमामय राजनैतिक इतिहास एवं उसकी गौरवशाली परम्पराओं का लगातार हनन करते जा रहे हैं। समूचा प्रदेश ही नहीं भाजपा कार्यकर्ता और भाजपा पार्टी भी उन्हें भ्रष्टों, टैक्स चोरों, अपराधियों और विभिन्न स्तर के माफियाओं के संरक्षणदाता के रूप में देख रही है। आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी इस आरोप को साबित भी कर देगी।

के.के. मिश्रा ने लहार में राजनैतिक दादागिरी को समाप्त करने की कांग्रेस को दी गई धमकी के प्रत्युत्तर में कहा है कि बेहतर तो यह होगा कि वे प्रदेश में भाजपा सांसदों, मंत्रियों, विधायकों एवं अन्य नेताओं तथा उनके परिजनों द्वारा की जा रही दबंगई, गंभीर अपराधों, अपहरण, बलात्कार, हत्याओं, वाहनों से निर्दोषों को कुचलकर मार डालने, अश्लील सीडियों में लिप्तता, सट्टे-जुए व मादक द्रव्यों के अवैध व्यापार में लिप्त लोगों को संरक्षण देने के बजाय उन्हें दंडित कराएं। यही नहीं लहार में पार्टी कार्यकर्ताओं को विधान सभा चुनाव में पांडवों की तरह लड़ाई लड़ने की सीख देने के बजाय उक्त स्थितियों को भी झा धृतराष्ट्र बनकर न रहें।   

 

मंगलवार, 18 अक्टूबर 2011

चम्बल के प्रसिध्द व्यक्तियों एवं स्थानों का इंटरनेट पर बृहदकोश बन कर ऑन लाइन होगा

चम्बल के प्रसिध्द व्यक्तियों एवं स्थानों का इंटरनेट पर बृहदकोश बन कर ऑन लाइन होगा
मुरैना 16 अक्टूबर 2011, अंचल की प्रसिध्द वेबसाइट ग्वालियर टाइम्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रधान संपादक समाजसेवी एडवोकेट नरेन्द्र सिंह तोमर ''आनंद'' द्वारा प्रेस को जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि वेब पोर्टल ग्वालियर टाइम्स और सवयंसेवी संस्था नेशनल नोबल यूथ अकादमी संयुक्त रूप से चम्बल के महवपूर्ण जाने माने प्रसिध्द प्रख्यात लोगों/विद्वानों/स्थानों को ऑनलाइन सूचीबध्द कर एक बृहद कोश तैयार कर रही है, जिसमें चम्बल के मूल निवासी द्वारा किसी भी क्षेत्र में महत्वपूर्ण, उल्लेखनीय कार्य या विशेष उपलब्धिपूर्ण कार्य किया गया हो, या जिन लोगों का ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, बौध्दिक क्षेत्र में विशिष्ट योगदान हो या ऐसे स्थान व स्थल जो चम्बल क्षेत्र में मौजूद हों या रहे हों जिनका ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, विशिष्ट धार्मिक महत्व हो को इस बृहद कोश में स्थान दिया जायेगा ! सूची में दो श्रेणियां रहेंगीं आम चर्चित श्रेणी एवं दूसरी प्रायोजित चर्चित श्रेणीी, आम चर्चित श्रेणी में सारा प्रकाशन निशुल्क किया जायेगा जबकि प्रायोजित चर्चित श्रेणी में प्रकाशन का शुल्क देना होगा ! तैयारशुदा एवं ऑनलाइन प्रकाशित समस्त सूची एवं बृहद कोश को एक पुस्तिका रूप में भी वर्ष सन 2013 में मुद्रित कर प्रकाशित कराया जायेगा जो कि बाजार में विक्रय हेतु उपलब्ध हो सकेगी !
श्री तोमर ने चम्बल क्षेत्र के निवासी लोगों से इस संबंध में जानकारी एवं ब्यौरा आहूत किया है, वे लोग या स्थान जो इस सूची एवं बृहद कोश में जुड़ने की पात्रता रखते हों या जिनके पास इस संबंध में जानकारी उपलब्ध हो वे अपनी जानकारी व ब्यौरा नरेन्द्र सिंह तोमर एडवोकेट गांधी कालोनी मुरैना के पास अथवा ई मेल से gwaliortimes@gmail.com दिनांक 15 नवंबर 2011 तक जमा करा सकते हैं !
ब्यौरा जमा करने का फार्म नरेन्द्र सिंह तोमर एडवोकेट से या ई मेल से प्राप्त किया जा सकता है, सुदूरस्थ लोग इसे ग्वालियर टाइम्स की वेबसाइट या ग्वालियर टाइम्स के फेसबुक ग्रुपों या फेसबुक पेजों या गूगल डॉट कॉम पर ग्वालियर टाइम्स के पेज से डाउनलोड कर सकते हैं ! 

शनिवार, 15 अक्टूबर 2011

दतिया में गरीबों के मकानों को जबरिया उजाड़ने और महिलाओं की पिटाई के विरोध में कांग्रेस का धरना


दतिया में गरीबों के मकानों को जबरिया उजाड़ने और महिलाओं की पिटाई के विरोध में कांग्रेस का धरना
 
भोपाल 15 अक्टूबर । दतिया में जिला प्रशासन एवं नगर पालिका ने कुशवाह समाज के गरीब परिवाराें के मकानों को अतिक्रमण बताकर जबरिया उजाड़ने की कार्यवाही के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी, दतिया द्वारा आज सुबह 11 बजे से भारत कम्प्यूटर कालेज के पास क्रमिक धरना प्रारंभ कर दिया गया है। इस धरने का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी, दतिया की जिलाध्यक्ष उषा नाहर तथा भूतपूर्व विधायक और पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्यामसिंह कर रहे हैं। धरने के कार्यक्रम में नगर पालिका पार्षद भी भाग ले रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी प्रमोद गुगालिया ने बताया है कि जिला प्रशासन और नगर पालिका के अमले ने 11 अक्टूबर को बिना किसी पूर्व सूचना के कुशवाह समाज के लोगों के मकानों में घुसकर वहां रखा सामान जबरन टे्रक्टरों में भर लिया। जब महिलाओं और छोटी-छोटी लड़कियों ने इस कार्यवाही का विरोध किया तो कर्मचारियों द्वारा उनके साथ मारपीट की गई और घरों को हैटेची मशीन से तहस-नहस कर डाला। सूचना मिलने पर कांग्रेस के पूर्व विधायक घनश्यामसिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, तब तक घरों में सारी तोड़फोड़ की जा चुकी थी।
गुगालिया ने घटना के संबंध में आगे बताया है कि प्रशासन की इस अमानवीय कार्यवाही का विरोध करने वाली महिलाओं को बिना कारण के पुलिस द्वारा काफी समय तक बंधक बनाकर रखा गया और उनके साथ अपमानजनक व्यवहार के साथ-साथ पुन: मारपीट भी की गई। जिला कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी ब्रजेन्द्र बैस से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस क्रमिक धरने के कार्यक्रम में कांग्रेस के सभी मोर्चा संगठन और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी भाग ले रहे हैं। कांग्रेसजन धरने के साथ-साथ कुशवाह समाज के परिवारों के इन उजड़े मकानों को फिर से खड़ा करने हेतु सामूहिक श्रमदान भी कर रहे हैं।