सोमवार, 10 अक्तूबर 2011

मुख्यमंत्री ने आज दतिया से बेटी बचाओं अभियान की जागृति यात्रा शुरू की, पूरा दतिया बिटियामय हुआ और सडकों पर जन सैलाब उमडा

मुख्यमंत्री ने आज दतिया से बेटी बचाओं अभियान की जागृति यात्रा शुरू की, पूरा दतिया बिटियामय हुआ और सडकों पर जन सैलाब उमडा
ग्वालियर 10 अक्टूबर2011/ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में बेटियों और महिलाओं के कल्याण की कई योजनायें चल रही है तथा उनके उत्थान के लिए और भी योजनायें बनाई जायेगी। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के बेटा-बेटी की समान परवरिश  होगी तभी हमारा प्रदेश एवं देश विकसित और समृध्द होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिटिया नहीं तो दुनिया नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी धर्म ग्रंथों में स्त्री पुरूष की समानता की बात कही गई है साथ ही भ्रूण हत्या को जघन्य पाप भी माना गया है।
       मुख्यमंत्री आज यहां दतिया में बेटी बचाओं अभियान की जन जागृति यात्रा के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा एवं महिला बाल विकास मंत्री श्रीमती रंजना बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और विशाल जन समूह उपस्थित था। इस दौरान पूरे दतिया शहर का वातावरण बिटियामय हो गया था।
 मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वेदों में कहा गया है कि जहां नारी की पूजा होती है वही देवताओं का वास होता है। इसी तरह कुरान में भी स्त्री पुरूष को एक-दूसरे का पूरक माना गया है तथा स्त्री पुरूष के बीच भेदभाव को अल्लाह ने हराम माना हैं। बाइबिल में भी भ्रूण हत्या को पाप माना गया है। उन्होंने कहा कि जब बेटा बेटी दोनों पैदा होंगे तभी सृष्टि चलेगी। ये विचार जो समाज से विस्मृत हो रहे थे उन्हें पुन: जागृत करने और समाज का मन बदलने के लिए उन्होंने यह सामजिक महाअभियान शुरू किया है । उन्होंने इसमें सभी राजनैतिक दलों, धर्मगुरूओं, सामाजिक संगठनों और व्यक्तियों से सहयोग का आहवान करते हुए पूरे आत्मविश्वास से कहा कि इसे राष्ट्रीय अभियान बनाया जायेगा।
       मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पौराणिक और धर्म ग्रंथों तथा परम्पराओं में तो स्त्री को देवी का रूप बताया गया हैं। आज भी हमारे देश में धन-दौलत के लिए लक्ष्मी, बुध्दि के लिए सरस्वती तथा शक्तित के लिए दुर्गा की पूजा की जाती है साथ ही हमारे देश का नाम भारत माता हैं। इस तरह यहां सदैव स्त्री को महत्वपूर्ण बताया गया है। उन्होंने वर्तमान में हमारे देश में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर महिलायें सफलता पूर्वक अपना दायित्व निभा रहीं अनेक महिलाओं का भी उदाहरण दिया।
मुख्यमंत्री ने  कहा कि महिलायें किसी भी मायनों में पुरूषों से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि महिलायें बेटी, माँ, बहिन और पत्नि के रूप में सदैव परिवार के लिए समर्पित रहती है।  उन्होंने प्रदेश में महिलाओं के राजनैतिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए उठायें गये कदमों की भी जानकारी दी तथा कहा कि महिलाओं के सर्वागिण विकास के लिए हर संभव प्रयास किये जायेंगे।
इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य करना वाला मध्यप्रदेश देश में अग्रणी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गरीब, किसान और मजदूरों के उत्थान के लिए ठोस प्रयास किये गये हैं। इस दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रंजना बघेल ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए " बेटी बचाओं अभियान " को शुरू करने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य हैं। कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य श्री प्रभात झा और लोकसभा सदस्य श्री अशोक अर्गल ने भी इस पुनीत अभियान की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए सभी से इस महा अभियान में सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री रूस्तम सिंह, राज्य बीस सूत्रीय समिति के सदस्य श्री जयभान सिंह पबैया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री विशुन सिंह यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राधाकांत अग्रवाल, विधायक भाण्डेर डा. आशाराम अहिरवार, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री रूप सिंह सेंगर, जिला भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष श्री प्रमोद पुजारी के अलावा पूर्व विधायक श्री कमलापत आर्य, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा कुशवाह, श्री राजू दांगी, श्रीमती सुलक्षण गांगोटिया अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने बेटी बचाओं अभियान के अंतर्गत आज दतिया से जनजागृति यात्रा शुरू करते हुए इन्दरगढ, सेवढा आदि स्थानों पर जनता को संबोधित किया तथा बेटियों के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने का आहवान किया। वे जगह- पर लोगों से रूबरू हुए तथा उनका गर्म जोशी से स्वागत भी हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं: