बुधवार, 15 फ़रवरी 2017

आईजी श्री पाण्डेय ने सीटीसी के प्राचार्य का पदभार संभाला

आईजी श्री पाण्डेय ने सीटीसी के प्राचार्य का पदभार संभाला


-
ग्वालियर | 15-फरवरी-2017
 
    केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के ग्वालियर स्थित केन्द्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय (सीटीसी) के प्राचार्य पद का दायित्व अब पुलिस महानिरीक्षक स्तर के अधिकारी निभायेंगे। यहाँ आगरा-मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग पर पनिहार के समीप स्थित सीटीसी के प्राचार्य का पदभार पुलिस महानिरीक्षक श्री राजेन्द्र प्रसाद पाण्डेय ने संभाल लिया है। श्री पाण्डेय इससे पहले केन्द्रीय रिजर्व पुलिस महानिदेशालय में पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) के पद पर कार्यरत थे। मालूम हो अभी तक सीटीसी के प्राचार्य पद का दायित्व पुलिस उप महानिरीक्षक स्तर के अधिकारी संभाल रहे थे।
    पुलिस महानिरीक्षक श्री पाण्डेय ने सीआरपीएफ की कोर बटालियन और त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) के गठन में सराहनीय योगदान दिया है। साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस बल में कार्यरत रहते हुए नक्सल प्रभावित इलाकों में सफलतम सेवायें प्रदान की हैं। श्री पाण्डेय विशेष सुरक्षा दस्ता (एसपीजी) में भी अपनी सेवायें दे चुके हैं। अपने सेवाकाल के दौरान वर्ष 1995 में संयुक्त राष्ट्र संगठन के सिविल पुलिस ऑब्जर्वर के रूप में अंगोला देश में कार्य करने का भी उन्हें अनुभव है। उन्हें अतुलनीय सेवाओं के लिये राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है।

कोई टिप्पणी नहीं: