शुक्रवार, 17 फ़रवरी 2017

अवैध कॉलोनियाँ होंगी वैध – श्रीमती माया सिंह

अवैध कॉलोनियाँ होंगी वैध – श्रीमती माया सिंह


नगरीय विकास मंत्री ने वार्ड क्रं.-60 में किया सड़क निर्माण का भू‍मि पूजन
ग्वालियर | 17-फरवरी-2017
 
   
        प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा है कि सभी अवैध कॉलोनियों को वैध किया जायेगा। इसके लिये जिला स्तर पर एक कमेटी का गठन कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर सम्पूर्ण प्रदेश की अवैध कॉलोनियों को वैध करने की कार्रवाई राज्य शासन द्वारा प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने यह बात शुक्रवार को वार्ड क्रं.-60 के शिव सांईं मंदिर कॉलोनी में 17 लाख 15 हजार रूपए की लागत से बनने वाली सीमेंट कंक्रीट सड़क के भूमि पूजन समारोह में कही।
        नगरीय प्रशासन मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि देश में मध्यप्रदेश पहला राज्य है जहाँ पर सबसे अधिक पाँच शहरों को स्मार्ट सिटी परियोजना में शामिल किया गया है। इस परियोजना में ग्वालियर शहर भी शामिल है। ग्वालियर शहर में स्मार्ट सिटी के तहत चिन्हित क्षेत्र के विकास के साथ ही अन्य क्षेत्रों का भी विकास होगा। ग्वालियर शहर के सुनियोजित विकास के लिये कार्ययोजना तैयार कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। अमृत परियोजना के तहत शहर में प्रत्येक घर को सीवर की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही हर घर में स्वच्छ पेयजल पहुँचाने हेतु कार्ययोजना स्वीकृत की जाकर कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। आगामी दो सालों में ग्वालियर शहर की तस्वीर बदली-बदली नजर जायेगी।
        उन्होंने कहा कि अमृत परियोजना के तहत लोक परिवहन की सुविधायें भी लोगों को उपलब्ध कराई जायेंगी। इसके साथ ही शहर को हरा-भरा बनाने हेतु उद्यानों का विकास भी प्राथमिकता से किया जायेगा। शहरी विकास के संबंध में उन्होंने कहा कि नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर के सभी 60 वार्डों में विकास के कार्यों के साथ ही लोगों को मूलभूत सुविधायें उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। वार्ड क्रं.-60 में ही 2 करोड़ रूपए से अधिक के कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। इसके साथ ही एक करोड़ 51 लाख रूपए के कार्यों को मंजूरी प्रदान कर दी गई है। वार्ड में तीन सड़कों के प्रस्ताव भी स्वीकृति में हैं, जिनमें शीघ्र ही स्वीकृति प्रदान कर कार्य प्रारंभ किए जायेंगे।
        नगरीय प्रशासन मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि कॉलोनी के उद्यान पर अतिक्रमण की शिकायत का तत्परता से निराकरण किया जायेगा। इसके साथ ही कॉलोनी को मुख्य सड़क से जोड़ने वाली सड़क का कार्य भी शीघ्र कराया जायेगा। उन्होंने शहर विकास में लोगों की भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि कॉलोनीवासियों को स्वच्छता में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना चाहिए। ग्वालियर शहर को स्वच्छ शहर बनाने में लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया है। इस कार्य में आगे भी लोगों का सहयोग अपेक्षित है।
        कार्यक्रम के प्रारंभ में मण्डल अध्यक्ष श्री विजय सक्सेना ने कॉलोनी में किए गए विकास कार्यों तथा वहाँ की आवश्यकताओं के संबंध में अपनी बात रखी। इसके साथ ही श्री बी एल धाकड़ ने कॉलोनी की आवश्यकताओं का मांग पत्र प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी और कॉलोनीवासी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं: