सोमवार, 23 मार्च 2009

निगम में पहली बार गलत विवरणी प्रस्तुत करने पर डॉबर के कोल्ड स्टोरेज पर 5 गुना पेनल्टी

निगम में पहली बार गलत विवरणी प्रस्तुत करने पर डॉबर के कोल्ड स्टोरेज पर 5 गुना पेनल्टी

5 लाख रू. की राशि जमा करना होगी

ग्वालियर दिनांक 21.03.2009- नगर निगम विधान के तहत त्रुटिपूर्ण विवरणी भरने पर नगर निगम आयुक्त द्वारा रेल्वे कॉलोनी स्थित डाबर के कोल्ड स्टोरेज पर पांच गुना पेनल्टी अधिरोपित कर 5 लाख 13 हजार 235 रू. निगम कोष में जमा करने के निर्देश दिये हैं। उक्त राशि जमा नहीं करने पर मेसर्स कोल्ड स्टोरेज प्रा0लि0 की कुर्की की कार्यवाही की जावेगी।

       नगर निगम के सम्पत्तिकर अमले द्वारा वसूली में कसावट लाते हुये पहली बार निगम विधान, 1997 के नियम 11 (1) में वर्णित दण्ड का प्रयोग किया गया है। नगर निगम सम्पत्तिकर विभाग द्वारा रेल्वे कॉलोनी स्थित भवन क्र. 30/855 के लिये वर्ष 2008-09 की स्वनिर्धारण विवरणी में गलत जानकारी दी गई। निगम द्वारा भवन स्वामी को पत्र लिखकर 60 दिन के अंदर संशोधित विवरणी प्रस्तुत करने का भी समय दिया गया किन्तु भवन स्वामी द्वारा नियत समय में संशोधित विवरणी भी प्रस्तुत नहीं की गई जिसके पश्चात निगमायुक्त द्वारा जांच के निर्देश दिये गये। जांच के दौरान प्रश्नाधीन सम्पत्ति के माप संबंधी विवरण भवन स्वामी द्वारा प्रस्तुत किये गये, जिसमें प्रश्नाधीन भूमि के माप के अनुसार सम्पत्ति पर 01 लाख 933 रू. बकाया सम्पत्तिकर तथा 5 हजार 227 रू. समेकित कर, 20 हजार 186 नगरीय विकास उपकर तथा 10415 शिक्षाकर के रूप में देना पाया गया। भवन स्वामी द्वारा विवरणी में गलत जानकारी दिये जाने पर निगम द्वारा की गई गणना में 10 प्रतिशत का अंतर आने से निगमायुक्त पवन कुमार शर्मा द्वारा अंतर राशि 01 लाख 647 रू. का 5 गुना अर्थात् 5 लाख 13 हजार 235 रू. का दण्ड निगम विधान के तहत आरोपित किया गया।

       नगर निगम के उपायुक्त सम्पत्तिकर अभय राजनगांवकर द्वारा दी गई जानकारी में बताया गया कि भवन स्वामी द्वारा प्रस्तुत विवरणी की जांच में त्रुटि पाये जाने के कारण किया गया यह दण्ड निगम में पहली बार किया गया है और भवन स्वामी के द्वारा उक्त राशि जमा न करने की दशा में शीघ्र ही इस भवन की कुर्की की कार्यवाही की जावेगी। श्री राजनगांवकर द्वारा बताया गया कि सम्पत्तिकर वसूली अभियान के तहत वार्ड 38 में विजयनगर पार्क, आमखो पार्क तथा गार्डन होम्स कॉलोनी में रविवार के दिन सम्पत्तिकर शिविर लगाये जावेंगे। उन्होंने अपील की है कि नागरिक असुविधा से बचने के लिये शिविर का लाभ उठावें।

 

कोई टिप्पणी नहीं: