शनिवार, 28 जून 2008

गैस सिलेंडर से चलते हुये 4 वाहन पकड़े

गैस सिलेंडर से चलते हुये 4 वाहन पकड़े

ग्वालियर 27 जून 08 । जिले में घरेलू गैस सिलेंडर के दुरूपयोग को रोकने के लिये कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी द्वारा चलाये जा रहे अभियान के तहत आज जिला आपूर्ति विभाग के निरीक्षण दल ने फूलबाग चौराहे पर लगभग 100 वाहनों की जांच की  । जांच के दौरान 3 मारूतीकार , एक मारूती वैन इस तरह चार वाहन घरेलू गैस सिलेंडर से चलते पाये गये ।

       जिला आपूर्ति नियंत्रक श्रीमती ज्योति शाह नरवरिया ने बताया कि चारों वाहन  एवं गैस सिलेंडर जप्त कर संबंधित के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत कार्यवाही की जा रही है । जांच दल में आपूर्ति नियंत्रक श्रीमती ज्योतिशाह नरवरिया, सहायक आपूर्ति अधिकारी श्री जी के श्रीवास्तव, कनिष्ठ आपर्ति अधिकारी श्री आर एस धाकरे, श्री आर एस भदौरिया, श्री ए के पांडे, श्री पी के मिश्रा एवं श्री विपिन श्रीवास्तव शामिल थे ।

 

फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष पुनरीक्षण 30 जून से

फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष पुनरीक्षण 30 जून से

कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक संपन्न

ग्वालियर 27 जून 08 । ग्वालियर जिले में नवगठित 06 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का विशेष पुनरीक्षण 2008 के कार्य  के संबंध में जानकारी देने हेतु मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधिया एवं अधिकारियों की आज मध्यप्रदेश राज्य स्वास्थ्य प्रबंधन एवं संचार संस्थान सिटी सेंटर में बैठक संपन्न हुई । बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने की।

       कलेक्टर श्री त्रिपाठी ने फोटो युक्त निर्वाचक नामावली के विशेष पुनरीक्षण 2008 के कार्य के संबंध में निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों की जानकारी देते हुये बताया कि जिले के सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों की नामावलियों फोटो परिचय तैेयार कराने के लिये प्रत्येक विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिये निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण एवं निर्वाचन सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किये गये हैं । कलेक्टर श्री त्रिपाठी ने बताया कि मतदाता सूचियों का प्रारंभिक प्रकाशन 30 जून को किया जायेगा , 15 जुलाई तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जावेंगी । जबकि 6 जुलाई रविवार, 12 जुलाई शनिवार एवं 13 जुलाई रविवार को दावे आपत्तियां प्राप्त करने के लिये विशेष अभियान के दिवस रहेंगें ।  2 अगस्त शनिवार को दावे एवं आपत्तियों का निराकरण कर 25 अगस्त को दावे एवं आपत्तियों के आधार पर पूरक सूचियों का मुद्रण कर 30 अगस्त को नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया जायेगा।बैठक में उपस्थिति जनप्रतिनिधियों एवं राजनैतिक दलों के प्रतिनििधयों ने भी अपने सुझाव दिये ।

       उन्होंने बताया कि मतदान केन्द्रों पर दावे एवं आपत्तियों प्राप्त करने के लिये प्रत्येक मतदान केन्द्रवार जिले में 1 हजार 8 अभिहीत अधिकारी नियुक्त किये गये हैं। इन अधिकारियों को मतदान केन्द्रों की फोटोयुक्त निवाचक नामावली एवं आवश्यक फार्म भी उपलब कराये गये हैं । कलेक्टर श्री त्रिपाठी ने बैठक के माध्यम से राजनैतिक दलों के पदाधिकारयों एवं जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वह पात्र मतदाताओं के नाम नामावली में शामिल कराने के लिये उक्त अवधि में निर्धारित प्रारूप में दावा प्रस्तुत करने हेतु क्षेत्र के मतदाताओं को प्रेरित करें तथा त्रुटि रहित नामावली तैयार कराने मे प्रशासन को सहयोग करें । इसी प्रकार ऐसे मतदाता जिनकी मृत्यु हो चुकी है एवं निवास नहीं करने वाले मतदाताओं की जानकारी भी निर्वाचयन कार्यालय एवं रजिस्ट्रीकरण आफीसर को देवे ।

       उन्होंने बताया कि फोटोयुक्त मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के साथसाथ उस मतदाता का फोटो परिचय पत्र भी तैयार किया जायेगा । जिसके लिये आवेदनकर्ता को फार्म के साथ पासपोर्ट साइट के दो फोटो प्रस्तुत करने होगें। इसके अतिरिक्त निवास स्थान के संबंध में प्रमाण भी प्रस्तुत करना होगा ।

       बैठक में विधायक श्री ध्यानेन्द्र सिंह, भाजपा के जिलाध्यक्ष श्री अभय चौधरी, कांग्रेस के अध्यक्ष श्री प्रकाश खंडेलवाल, भाजपा के उपाध्यक्ष श्री चंद्र प्रकाश गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि श्री राकेश डंडोतिया, बसपा के श्री वासुदेव बौध्द, सीपीएम जिला समिति के महासचिव श्री वीपी सोनिया, श्री प्रेमसिंह कुशवाह, श्री अखिलेश कैलाशिया आदि उपस्थित थे ।

अधिकारी निर्वाचक नामालियों के कार्य को गंभीरता एवं संतर्कता के साथ करें

कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष पुनरीक्षण 2008 का कार्य अतिमहत्वपूर्ण है । इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जावेगी । अधिकारी राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ समय अवधि में पूर्ण करें ।

       कलेक्टर ने सभी निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे प्रतिदिन प्रगति से अवगत करावें । यह भी सुनिश्चित करें किप्रत्येक मतदान केन्द्र पर अवकाश के दिनों में भी नियुक्त अभिहित आफीसर आवश्यक रूप से उपस्थित रहं ।

मतदाता सूची में नाम शामिल कराने हेतु छात्र-छात्राओं को प्रेरित करें

       कलेक्टर श्री त्रिपाठी ने बताया कि 18 से 25 वर्ष के युवाओं के नाम मतदाता सूचियों में शामिल कराने हेतु जिले के सभी उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देश हैं कि उनकी संस्थाओं में अध्ययन करने वाले छात्र छात्राओं को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने हेतु प्रेरित करें ।

 

सूखा राहत कार्य में मशीन लगाने पर उपयंत्री निलंबित व सचिव डीनोटीफाइड ,कार्यपालन यंत्री व जनपद पंचायत के सी.ई.ओ.सहित चार के खिलाफ वेतन वृध्दि रोकने की कार्रवाई

सूखा राहत कार्य में मशीन लगाने पर उपयंत्री निलंबित व सचिव डीनोटीफाइड

कार्यपालन यंत्री व जनपद पंचायत के सी.ई.ओ.सहित चार के खिलाफ वेतन वृध्दि रोकने की कार्रवाई

       ग्वालियर 27 जून 2008। सूखे की स्थित में जरूरतमंदों को रोजगार देने के लिए शुरू किये गये राहत कार्य में मशीन लगाने पर जिला कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने संबंधित उपयंत्री को निलंबित कर दिया है । साथ ही संबंधित ग्राम पंचायत सचिव के सचिवीय अधिकार वापस ले लिये हैं । जिला कलेक्टर ने वहाँ के ग्राम पंचायत सरपंच को पद से पृथक करने के लिए पंचायतराज अधिनियम की धारा -40 के तहत कार्रवाई करने के लिए अनुविभागीय दण्डाधिकारी को निर्देश दिये हैं । कलेक्टर ने इस कार्य से संबंधित सहायक यंत्री की दो वेतन वृध्दि रोकने, कार्यपालन यंत्री,जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी व सूखा राहत कार्य के भुगतान अधिकारी की एक-एक वेतन वृध्दि रोकने के लिए संभाग आयुक्त को प्रस्ताव भेजा है । स्मरण रहे सूखा राहत कार्यों में मशीनों का इस्तेमाल वर्जित है।

       जिला पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार मौजूदा माह के प्रथम सप्ताह में जनपद पंचायत घाटीगाँव के अन्तर्गत स्थित ग्राम बरौआ के कुछ लोगों ने उनके गाँव में 4 लाख 15 हजार रूपये की लागत वाले तालाब निर्माण के  सूखा राहत कार्य में ट्रेक्टर लगाये जाने की शिकायत संभाग आयुक्त डाँ कोमल सिंह से की थी । संभाग आयुक्त ने उसी दिन अधिकारियों को मौके पर भेजकर इसकी जाँच कराई थी । जाँच में शिकायत आंशिक रूप से सही पाई गई अर्थात श्रमिकों के साथ मशीन के उपयोग किये जाने की पुष्टि हुई थी ।

 

हरियाली महोत्सव विद्यालयों में भी होगा वृहद स्तर पर पौधरोपण

हरियाली महोत्सव विद्यालयों में भी होगा वृहद स्तर पर पौधरोपण

ग्वालियर ,27 जून 2008 हरियाली महोत्सव के तहत शासकीय विद्यालय भवनों में भी वृहद स्तर पर पौधरोपण किया जायेगा । आगामी एक जुलाई से सात जुलाई तक यह पौधरोपण खासतौर पर उन विद्यालयों में होगा जहाँ बाउण्ड्रीबॉल बनी हैं । ऐसे विद्यालयों में वृक्षारोपण की सभी तैयारियाँ पूर्ण करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में ही निर्देश दिये जा चुके हैं ।

       जिला शिक्षा अधिकारी से कहा गया है कि प्राचार्य व प्रधानाध्यापकों से चर्चा कर विद्यालयों में वृक्षारोपण की तिथि निर्धारित करें और स्थानीय जन प्रतिनिधि के मुख्य आतिथ्य में पौध रोपण कार्यक्रम आयोजित करायें । जिला शिक्षाधिकारी को यह भी निर्देश दिये गये हैं कि विद्यालय परिसर में स्थान की उपलब्धता के आधार पर पौधे लगाने के लिए गङ्ढे तैयार करायें और उनमें उपजाऊ मिट्टी व खाद पहले से ही भरवाकर रखें । स्थानीय स्तर से शासकीय रोपणियों से पौधों का प्रबंध करने के निर्देश भी जिला प्रशासन ने दिये हैं । जिला कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी लगाये गये पौधों की सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने पर विशेष बल दिया है  । इसके लिए विद्यालयों में ''वृक्ष मित्र''समूह गठन करने और समूह के प्रत्येक सदस्य को एक -एक पौधे की देखभाल,पानी देने और सुरक्षा की जिम्मेदारी निर्धारित करने के लिए कहा गया है । साथ ही पौधों को ट्री गार्ड व काँटेदार झाड़ियों लगाकर भी सुरक्षित करने के लिए कहा गया है ।

 

लोक अदालत का आयोजन 29 जून को

लोक अदालत का आयोजन 29 जून को

लोक अदालत का शुभारंभ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति श्री पटनायक करेंगें

ग्वालियर 27 जून 08 । आपसी सुलह समझौतों के आधार पर न्यायायीन प्रकरणों के निराकरण के लिये 29 जून को स्थाई लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय परिसर में किया जायेगा । लोक अदालत का शुभारंभ मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर के मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति श्री ए.के. पटनायक करेंगें । शुभारंभ कार्यक्रम अपरान्ह 4 बजे से होगा । इस स्थायी लोक अदालत में लोक  उपयोगी सेवाओं से संबंधित प्रकरणों का सुलह समझौतों के आधार पर निराकरण किया जायेगा ।

       लोक अदालत में डाकतार, टेलीफोन, मोबाइल सेवा, वायु, सड़क द्वारा यात्रियों या माल के वाहन के लिये यातायात सेवा, किसी स्थापना द्वारा जनता को विद्युत प्रकाश, जल प्रदाय या सार्वजनिक मलवहन या स्वच्छता प्रणाली या अस्पताल, औषधालय और बीमा सेवाओं से संबंधित प्रकरणों का निराकरण किया जायेगा ।

       जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष और जिला सत्र न्यायाधीन श्री थधानी ने संबंधित सेवाओं के पक्षकारों से आग्रह किया है कि वे इस लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने प्रकरणों का निराकरण करायें ।

 

महामहिम राष्ट्रपति अगामन की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर ने की समीक्षा : अधिकारियों को दिये निर्देश

महामहिम राष्ट्रपति अगामन की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर ने की समीक्षा : अधिकारियों को दिये निर्देश

ग्वालियर 27 जून 08 । महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा देवीसिंह पाटिल की 30 जून को ग्वालियर की प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों के संबंध में जिला कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी ने आज अपने कक्ष में समीक्षा की । उन्होंने तैयारियों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये । इस मौके पर पुलिस अधीक्षक श्री व्ही के सूर्यवंशी, अपर जिला दंडाधिकारी श्री वेदप्रकाश, अपर कलेक्टर श्री आर के जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अतुल सिंह, नगर निगम के अपर आयुक्त श्री राजेश बाथम सहित लोक निर्माण, मध्यप्रदेश मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कपंनी  एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे ।

       कलेक्टर श्री त्रिपाठी ने 30 जून को जिले में महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा देवीसिंह पाटिल की यात्रा के संबंध में विभिनन विभागों के अधिकारियों को सौंपे गये कार्यों की समीक्षा की । उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिये कि शहर में किसी भी प्रकार के आवास पशु विचरण न करें । उन्होंने विमानतल से कार्यक्रम स्थल जयविलास पैलेस तक मार्गों की साफ-सफाई, मरम्मत जैसे कार्यभी प्राथमिकता के आधार कराने के भी निर्देश दिये ।

       बैठक में चिकित्सा दलों की तैनाती , यातायात के दोरान नागरिकों को असुविधा न हो इसके लिये यातायात प्रबंधन व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा कर यातायात को सुगम बनाने के निर्देश दिये ।

 

विशेष अभियान के तहत 50 वाहनों की जांच दो जीपें नीले केरोसिन से चलती पाये जाने पर कार्रवाई

विशेष अभियान के तहत 50 वाहनों की जांच दो जीपें नीले केरोसिन से चलती पाये जाने पर  कार्रवाई

ग्वालियर 26 जून 08 । सार्वजनिक वितरण को सुदृढ़ीकरण करने एवं नीले केरोसिन के दुरूपयोग को रोकने हेतु कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी के निर्देशों के तहत जिले में विशेष अभियान चलाया गया है । इस अभियान के तहत आज खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों द्वारा गिरवाई नाका पर लगभग 50 यात्री वाहनों एवं माल वाहनों के ईधन टेंकों की जांच करने पर दो जीपों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली का नीला केरोसिन संग्रहित पाये जाने पर वाहन जप्त कर आवश्यक कार्यवाही की गई ।

       जिला आपूर्ति नियंत्रक श्रीमती ज्योति शाह नरवरिया ने बताया कि नीले केरोसिन का दुरूपयोग रोकने हेतु संचालित वाहनों के ईधन टेंकों की जांच की जा रही है । इसी कड़ी में आज गिरवाई नाका पर 50 यात्री एवं माल वाहनों के ईधन टेंकों की जांच के दौरान जीप क्रमांक एमपी 07 एच 2955 एवं जीप क्रमांक एमपी 07 ए- 2577 के ईधन टेकों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली का नीले रंग का केरोसिन पाये जाने पर उक्त दोनो जीप चालकों महेन्द्र सिंह एवं दिनेश राठौर ग्राम सिमरिया टांका निवासियों से  वाहन सहित तीन लीटर केरोसिन जप्त कर प्रकरण दर्ज कर वाहन पुलिस अभिरक्षा में सपुर्द कर आवश्यक वस्तुत अधिनियम 1955 के प्रावधानों के तहत कार्यवाही की जा रही है । उक्त कार्यवाही कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री आर एस धाकरे , श्री आर एस भदौरिया एवं श्री पी के मिश्रा द्वारा की गई ।