बुधवार, 2 जनवरी 2008

लगा रहा देखने वालों का तांता विकास आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी को देखने में लोगों ने ली गहरी रूचि

लगा रहा देखने वालों का तांता विकास आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी को देखने में लोगों ने ली गहरी रूचि

पन्ना 28 दिसम्बर- छायाचित्रों की अपनी दुनिया होती है। वे सब कुछ कह देते हैं। यहां कलेक्ट्रेट परिसर में लगी प्रदर्शनी में लोगों को इन छायाचित्रों की वास्तविकता का अक्स देखने को मिला, जहॉ वर्तमान में विकास की दुनिया का सच उतर आया है। इस प्रदर्शनी को देखने के लिए लोगों का तांता लगा रहा।

              इस प्रदर्शनी में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों पर केन्द्रित विभिन्न प्रकार के छायाचित्र प्रदर्शित किये गए। इसमें विकास के लिये विभिन्न आयामों का खाका खींचते लाडली लक्ष्मी योजना- बेटी अब वरदान है, नि:शुल्क साइकिल प्रोत्साहन योजना, जनदर्शन कार्यक्रम, समाधान ऑन लाईन योजना, मध्य प्रदेश का औधोगिक परिदृश्य, गॉव-गॉव तक पहुॅची सडकें, मध्य प्रदेश में उद्योगों के लिए प्रभावी पहल, जैसे छायाचित्र सजे हुए थे। छायाचित्रों के माध्यम से विकास के हर क्षेत्र में चार वर्ष की उपलब्धियों को उभारा गया था। कुछ छायाचित्रों में गॉवों में बढ़ते कृषि संसाधनों का सजीव चित्रण किया गया था, तो चिकित्सा सुविधा विस्तार को छायाचित्रों में उकेरा गया था। पन्ना जिले में विकास के छायाचित्र भी प्रदर्शित किए गए थे।

              तरह-तरह की जानकारी से सजे छायाचित्रों से लोग खासे प्रभावित दिखे। महिलाओं और बच्चों ने भी प्रदर्शनी का लुत्फ लिया और उपलब्धियों की जानकारी हासिल की। गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ जन प्रतिनिधियों, अधिकारियों और दूर-दराज से आए ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उसकी सराहना की।

              प्रदर्शनी में दर्शकों ने विभिन्न विभागों की योजनाओं से संबंधित प्रचार साहित्य के प्रति भी गहरी दिलचस्पी दिखाई। अधिकांश दर्शक इस साहित्य को प्राप्त करने के लिए आतुर दिखे। प्रदर्शनी में लोगों की आम प्रतिक्रिया थी कि उन्हें छायाचित्रों के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं और उनके तहत संजोए गए कार्यों की जानकारी मिली है। इससे उनकी जागरूकता में इजाफा ही हुआ है।

 

कोई टिप्पणी नहीं: