गुरुवार, 25 दिसंबर 2008

हुरावली लिंक रोड के कार्य में धीमी प्रगति पर निगमायुक्त ने इंजीनियरों की खिचाई की

हुरावली लिंक रोड के कार्य में धीमी प्रगति पर निगमायुक्त ने इंजीनियरों की खिचाई की

ग्वालियर दिनांक 24.12.2008- निगमायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा आज अपर आयुक्त सुरेश शर्मा के साथ विधानसभा चुनाव से पूर्व निगम में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की स्थिति का निरीक्षण करने गये । निगमायुक्त सर्वप्रथम हुरावली लिंक रोड, नई कलेक्टे्रट, बारादरी चौराहा, फूलबाग, हजीरा चौराहा, पुरानी छावनी चौराहा, स्टोन पार्क, गुप्तेश्वर होते हुये लैण्डफिल साईट पहुचे।

निगमायुक्त द्वारा हुरावली पर चले रहे हुडको प्रवर्तित योजना में कार्य में संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर उपयंत्री प्रमोद चौहान, सहायकयंत्री कटारे तथा कार्यपालनयंत्री दिनेश अग्रवाल को कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश अपर आयुक्त सुरेश शर्मा को दिये। उक्त सड़क का कार्य आचार संहिता के दौरान बंद था जिसे निगमायुक्त द्वारा आचार संहिता समाप्त होने के तत्काल बाद तेजी से प्रांरभ करने के निर्देश दिये थे। किन्तु कार्य में संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर निगमायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की है तथा हुरावली तथा चार शहर के नाके पर हुडको के तहत चल रहे सड़क कार्य पर तेजी लाने के निर्देश दिये गये।

निगमायुक्त द्वारा आगामी 27 दिसम्बर को मान0 मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण मार्ग का निरीक्षण कर मार्ग के गड्डो को पेच रिपेयरिंग कराने के निर्देश दिये गये। निगमायुक्त का दल जब तानसेन मार्ग पर पहुंचा तो वहां सीवर प्रोजेक्ट द्वारा डाली गई सीवर लाईन के पश्चात उखड़ी सड़क को शीघ्र अतिशीघ्र मरम्मत करने के निर्देश निगमायुक्त द्वारा दिये गये। भ्रमण के दौरान मदाखलत अधिकारी सत्यपाल सिंह चौहान को निगमायुक्त द्वारा सी.एम. के भ्रमण मार्ग में अस्थाई अतिक्रमण तथा आवारा पशुओं को तत्काल हटाये जाने के निर्देश भी दिये एवं हजीरा से चार शहर का नाका मार्ग पर रखी ठेले तथा रेढ़ियों को हॉकर्स जोन में भिजवाये जाने के निर्देश भी दिये।

निगमायुक्त द्वारा आज गुप्तेश्वर पहाड़ी के पास बनाये जा रहे पी.एच.ई. विभाग के नवीन पम्पिंग स्टेशन का भी निरीक्षण किया गया तथा चल रहे कार्य पर संतोष व्यक्त किया गया। निगमायुक्त निरीक्षण के दौरान लैण्डफिल साईट पर भी गये जहां उनके द्वारा वर्तमान समय में प्रतिदिन आने वाले कचरे के आंकड़ों की जानकारी प्राप्त की तथा कार्य पर संतोष व्यक्त किया।

निगमायुक्त के साथ भ्रमण के दौरान अपर आयुक्त सुरेश शर्मा, कचरा प्रबंधन अधिकारी के.के. श्रीवास्तव, कार्यपालनयंत्री जनकार्य दिनेश अग्रवाल, सहायकयंत्री प्रेम पचौरी, मदाखलत प्रभारी सत्यपाल सिंह चौहान उपस्थित थे।

 

कोई टिप्पणी नहीं: