बुधवार, 24 मार्च 2010

जिले में समर्थन मूल्य पर 4200 क्विंटल गेहूँ की खरीदी हुई

जिले में समर्थन मूल्य पर 4200 क्विंटल गेहूँ की खरीदी हुई

ग्वालियर 23 मार्च 10। जिले में किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूँ की खरीदी आरंभ हो चुकी है और अब तक 4 हजार 200 क्विंटल से अधिक गेहूँ की खरीदी की जा चुकी है। ज्ञात हो सरकार द्वारा किसानों से गेहूँ खरीदी के लिये 1100 रूपये प्रति क्विंटल की दर निर्धारित है। इसके अलावा प्रदेश सरकार द्वारा प्रति क्विंटल गेहूँ की खरीदी पर 100 रूपये बोनस भी प्रदान  किया जा रहा है। इस तरह किसानों से 1200 रूपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूँ का उपार्जन किया जा रहा है। जिले के वास्तविक किसानों को ही समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी का लाभ मिले और उनके गेहूँ की खरीदी सुविधाजनक ढंग से हो जाये, इसके लिये कलेक्टर श्री आकाश त्रिपाठी के निर्देशन में व्यापक इंतजाम किये गये हैं।

       जिला आपूर्ति नियंत्रक श्रीमती ज्योतिशाह नरवरिया ने बताया कि जिले में अब तक समर्थन मूल्य पर हुई कुल 4 हजार 200 क्विंटल गेहूँ की खरीदी में सबसे अधिक 3 हजार 100 क्विंटल गेहूँ का उपार्जन कृषि उपज मण्डी परिसर डबरा में स्थापित खरीदी केन्द्रों पर हुआ है। यह खरीदी सहकारी साख समिति झाड़ौली, अकबई, चितावनी व सालबई द्वारा की गई है। इसी तरह सहकारी साख समिति हरसी द्वारा 600 क्विंटल, बड़की सराय केन्द्र पर 200 क्विंटल, बनवार समिति द्वारा 95 क्विंटल, चीनौर द्वारा 200 क्विंटल एवं सहकारी समिति घरसौंदी द्वारा अब तक 100 क्विंटल गेहूँ का उपार्जन समर्थन मूल्य पर किया गया है।

       जिला आपूर्ति नियंत्रक श्रीमती नरवरिया ने बताया कि जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूँ के उपार्जन के लिये कुल 19 खरीदी केन्द्र स्थापित किये हैं। इन केन्द्रों पर 32 सहकारी साख समितियों द्वारा खरीदी की जा रही है। जिले में स्थापित सभी खरीदी केन्द्रों पर किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने की हिदायत कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को दी है। ज्ञात हो  जिले में इस वर्ष समर्थन मूल्य पर 70 हजार मीट्रिक टन गेहूँ खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। जिला आपूर्ति नियंत्रक ने बताया कि जिले में गेहूँ खरीदी के लिये पर्याप्त बारदाने की व्यवस्था की गई। खरीदी केन्द्रों पर 80 हजार बारदाने पहुँचाये जा चुके हैं। साथ ही जिले में चार लाख बारदाने का स्टॉक भी उपलब्ध हैं।

 

कोई टिप्पणी नहीं: