गुरुवार, 18 मार्च 2010

भुवन भास्कर की प्रथम रश्मि के स्वागत में उठे हजारों हाथ

भुवन भास्कर की प्रथम रश्मि के स्वागत में उठे हजारों हाथ

नव सवंत्सर स्वागतोसव आयोजन

 

ग्वालियर दिनांक-16.03.2010- नगर निगम ग्वालियर के तत्वाधान में आयोजित नव सवंत्सर स्वागतोत्सव कार्यक्रम में नूतन वर्ष के प्रथम दिन भगवान भुवन भास्कर प्रथम रश्मि के स्वागत के लिये जलबिहार में एक साथ हजारों हाथों ने अर्घ्यदान किया। इसके बाद नूतन वर्ष के स्वागत में अनेकों सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

       नगर पालिका निगम ग्वालियर के तत्वाधान एवं संस्कार भारती के संयोजन में आयोजित नव संवत्सर महोत्सव के स्वागत के लिये जलबिहार परिसर को आकर्षक विद्युत साज-सज्जा एवं रंगोली से सजाया गया था। नव वर्ष के स्वागत के क्रम में सर्वप्रथम प्रात: 04.30 बजे संकीर्तन यात्रा का प्रांरभ किया गया। इसके बाद प्रात: 5.00 बजे स्वागतोत्सव का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता द्वारा किया गया। इसके बाद ध्येय गीत संस्कार भारती के संयोजन में जे.सी. मिल कन्या विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किया गया।

       तत्पश्चात सरस्वती वंदना का गायन सरस्वती शिशु मंदिर की बालिकाओं द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अगले क्रम में शबद कीर्तन गुरूध्दारा जत्था समिति द्वारा, जैन वाणी जैन महिला परिषद द्वारा तथा शांति पाठ गायत्री परिवार द्वारा प्रस्तुत किया गया। इसी क्रम में दलवी समूह जयपुर द्वारा जुगलबंदी की प्रस्तुति की गई जिसमें सितार वादन अश्विन महेश दलवी, वायलिन वादन डॉ. अनंत पुरन्दरे और तबले पर संगत पी.आर. तेलंग द्वारा जुगलबंदी की प्रस्तुति दी गई।

       स्वागत के क्रम में ठीक प्रात: 6.25 बजे मंत्रोच्चार के साथ जलबिहार परिसर में उपस्थित हजारों नागरिकाें ने एक साथ भुगवान भुवन भास्कर को अर्ध्यदान दिया और मंगल वर्ष की कामना की। तत्पश्चात महापौर महोदया श्रीमती समीक्षा गुप्ता द्वारा शहरवासियों के नाम शुभकामना संदेश का वाचन किया गया जिसमें महापौर श्रीमती गुप्ता ने भगवान भुवन भास्कर का अभिवादन करने पधारे सभी गणमान्य नागरिकों का अभिनंदन करते हुये आगामी वर्ष शहरवासियों के लिये मंगल हो ऐसी कामना की। वहीं महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता ने शहरवासियों को आश्वासन दिया कि शहर के विकास में कोई कमी नहीं आने देंगे।

       स्वागतोत्सव कार्यक्रम के अगले क्रम में गणेश वंदना की प्रस्तुति वंदे मातरम् समूह एवं सरस्वती वंदना की प्रस्तुति संस्कार भारती के कलाकारों रंजना निगम, मानवी शिवहरे एवं वैष्णवी अग्रवाल द्वारा दी गई। तत्पश्चात निवेदन गीत राष्ट्रीय सेवा योजना समूह पसायदान संगीत विश्वविद्यालय ग्वालियर तथा लोक बाद्य कचहरी संगीत गुरूकुल दतिया द्वारा प्रस्तुत किया गया। स्वागत नृत्य संस्कार भारती के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया गया। इसी क्रम में भरत नाटयम कत्थक नृत्य संस्कार भारती के कलाकार अश्विनी नायर एवं चित्रा नायर द्वारा प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात राजस्थानी लोक नृत्य सितौलिया एवं तुला दान की प्रस्तुति रेडियेन्ट स्कूल के बच्चों द्वारा तथा योगाशान लियो स्पोर्ट क्लब के बच्चों द्वारा प्रस्तुत किया गया तथा कार्यक्रम के अंत में वंदे मातरम् गायन का प्रस्तुतीकरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन उपायुक्त डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव, ममता विजय शर्मा, आलोक शर्मा एवं अनीता करकरे द्वारा किया गया। वहीं कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का आभार प्रदर्शन उपायुक्त डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव ने किया। 

       नूतन वर्ष के स्वागतोत्सव कार्यक्रम में शहर भर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित हुये जिनमें पूर्व महापौर डॉ. रघुनाथ राव पापरीकर, विवेक नारायण शेजवलकर, मेयर-इन-कांउसिल के सदस्य सतीश बोहरे, जगत सिंह कौरव, डॉ. अंजली रायजादा, महेश गुप्ता, गिर्राज कंसाना तथा पार्षदगण पुरूषोत्तम भार्गव, सुधा दुबे, केशकली जाटव, पुष्पा माहौर, पूर्व पार्षद मधु भारद्वाज, वरिष्ठ आई.ए.एस. एस.सी. वर्धन, निगमायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा, अपर आयुक्त सुरेश शर्मा, कौशलेन्द्र सिंह भदौरिया, उपायुक्त अभय राजनगांवकर, सुरेन्द्र सिंह भदौरिया, सहायक आयुक्त जयकृष्ण गौड, गुलाबराव काले, जगदीश शर्मा तथा नगर निगम के सभी विभागाधिकारी एवं संस्कार भारती सहित अनेक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

सायंकालीन कार्यक्रमों का विवरण

      नव सवंत्सर स्वागतोत्सव कार्यक्रमाें की श्रृंखला में आज दिनांक 16.03.2010 की सायं 7.00 बजे महाराज बाड़े पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा जिसमें देश के विभिन्न प्रदेशों से आये समूहों द्वारा आकर्षक प्रस्तुति दी जावेगी। जिसमें गुजरात व छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों के समूह शामिल है।

 

कोई टिप्पणी नहीं: